होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कोरोना के खौफ के बीच मदद के लिए एबीपी न्यूज नेटवर्क ने की सराहनीय पहल
कोरोना के खौफ के बीच मदद के लिए एबीपी न्यूज नेटवर्क ने की सराहनीय पहल
स्वयंसेवी संगठन ‘रॉबिनहुड आर्मी’ के साथ मिलकर वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए बढ़ाया हाथ, अन्य लोगों से भी आगे आने की अपील की
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘एबीपी न्यूज नेटवर्क’ (ANN) ने कोरोनावायरस (कोविड-19) जैसी महामारी के बीच वरिष्ठ नागरिकों को राहत प्रदान करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। ‘सीनियर पैट्रोल’ (Senior Patrol) नाम से शुरू की गई इस पहल के तहत नेटवर्क ने स्वयंसेवी संगठन ‘रॉबिनहुड आर्मी’ (RHA) के साथ मिलकर समाज के वरिष्ठ एवं अन्य संवेदनशील सदस्यों की मदद करने के लिए उन तक भोजन, दवाएं व अन्य जरूरी चीजें पहुंचाने का बीड़ा उठाया है।
बता दें कि कोरोनावायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने 25 मार्च से देशभर में लॉकडाउन किया है। ऐसे में अपने परिवार से दूर अथवा अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिक मुश्किल में हैं। उन्हें भोजन, दवाओं व अन्य जरूरी चीजों के लिए मदद की जरूरत है। इनकी लिए ‘एबीपी न्यूज नेटवर्क’ और ’ ‘रॉबिनहुड आर्मी’’ ने मिलकर हाथ बढ़ाया है। इस पहल से जुड़े सदस्य सरकारी द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इन जरूरतमंद लोगों तक राशन व दवाएं पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा ‘एबीपी न्यूज नेटवर्क’ अपने न्यूज चैनल्स पर इस पहल का प्रमोशन कर अन्य स्वयंसेवियों को इस पहल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित भी कर रहा है।
इस पहल के तहत जरूरतमंद परिवार एक ऑनलाइन फॉर्म (https://robinhoodarmy.com/seniorpatrol/) भर सकते हैं, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के बारे में पूरा विवरण, दवा व राशन से जुड़ी उनकी जरूरत को दर्ज करना होगा। डिलीवरी पूरी होने के बाद इस पहल से जुड़े स्थानीय सदस्य द्वारा अपडेट भेजा जाएगा। यदि इस पहल से जुड़े वायरस के खतरे को देखते हुए कुछ खास शहरों में मदद पहुंचाने में सक्षम नहीं होते हैं तो वे उन वरिष्ठ नागरिकों के परिवार के सदस्यों को सूचित कर उनकी मदद के लिए वैकल्पिक तरीका तलाशेंगे।
इस बारे में ‘एबीपी न्यूज नेटवर्क’ के सीईओ अविनाश पांडे का कहना है, ‘इस मुश्किल दौर में हम सभी का कर्तव्य है कि जरूरतमंदों की मदद करें। हमें ‘रॉबिनहुड आर्मी’ के साथ मिलकर समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग के लिए इस तरह की पहल शुरू कर काफी गर्व हो रहा है। हमें उम्मीद है कि अन्य लोग भी इस पहल के साथ जुड़ेंगे और वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए आगे आएंगे।’
बता दें कि ‘रॉबिनहुड आर्मी’ ऐसे छात्रों व युवा प्रोफेशनल्स का स्वयंसेवी संगठन है जो रेस्तराओं से बचा हुआ भोजन जुटाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाते हैं और अपने तरीके से समाज में बदलाव लाने में मदद करते हैं।
टैग्स एबीपी न्यूज कोविड-19 कोरोनावायरस ‘एबीपी न्यूज नेटवर्क रॉबिनहुड आर्मी