होम / डिजिटल / न्यूज एंकर अर्चना सिंह ने अब इस दिशा में बढ़ाए कदम, कही ये बात
न्यूज एंकर अर्चना सिंह ने अब इस दिशा में बढ़ाए कदम, कही ये बात
मूल रूप से उत्तर प्रदेश में कानपुर की रहने वालीं अर्चना सिंह को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
न्यूज एंकर अर्चना सिंह ने ‘आईटीवी नेटवर्क’ के हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया न्यूज’ (India News) से विराम लेने के बाद अब डिजिटल मीडिया की राह पकड़ ली है। अर्चना सिंह ने अपना खुद का यू-ट्यूब चैनल शुरू कर दिया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में अर्चना सिंह ने बताया कि डिजिटल मीडिया भविष्य है और वह अब इस पर ही फोकस करना चाहती हैं।
अर्चना सिंह का कहना है कि डिजिटल मीडिया आपको अपने हिसाब से काम करने की आजादी देता है और यहां अपने हिसाब से अपने दर्शकों के लिए कंटेंट को बना सकते हैं।
आपको बता दें कि बतौर एंकर और रिपोर्टर ‘इंडिया टीवी’ में अपनी करीब 14 साल की पारी को छोड़कर उन्होंने 'न्यूज इंडिया' जॉइन कर लिया था, लेकिन वहां उनकी पारी संक्षिप्त ही रही थी। इसके बाद उन्होंने ‘आईटीवी नेटवर्क’ के हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया न्यूज’ में बतौर सलाहकार संपादक अपनी भूमिका निभाई, जिसे विराम देकर अब उन्होंने टीवी से ब्रेक ले लिया है।
बता दें कि बतौर एंकर और रिपोर्टर ‘इंडिया टीवी’ में अपनी करीब 14 साल की पारी के दौरान अर्चना सिंह ने यहां कई बड़े शोज किए थे। अपनी इस लंबी पारी में उन्होंने ‘इंडिया टीवी‘ में तमाम अहम जिम्मेदारियां भी संभाली थीं। ‘इंडिया टीवी’ में अपनी पारी के दौरान अर्चना सिंह ने कई अच्छी न्यूज और स्पेशल स्टोरीज होस्ट कीं। एंकरिंग के साथ-साथ उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग भी की और दर्शकों के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश में कानपुर की रहने वालीं अर्चना सिंह को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत ‘दूरदर्शन‘ से की। उसके बाद उन्होंने ‘ईटीवी‘ में बतौर एंकर तीन साल तक काम किया। फिर वह दिल्ली आ गईं और यहां ‘जनमत टीवी’ में करीब दो साल तक अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद ‘इंडिया टीवी’ के साथ जुड़ गईं थीं।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो अर्चना सिंह ने जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है और अब वह पीएचडी कर रही हैं, जो जल्द ही पूरी होने वाली है। समाचार4मीडिया की ओर से अर्चना सिंह को नई पारी के लिए शुभकामनाएं।
टैग्स इंडिया न्यूज डिजिटल न्यूज एंकर अर्चना सिंह