पाणिनि आनंद ने पिछले साल मार्च में यहां जॉइन किया था। इससे पहले वह बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर ‘आजतक’ (डिजिटल) में अपनी भूमिका निभा रहे थे।
by
पंकज शर्मा
वरिष्ठ पत्रकार पाणिनि आनंद ने ‘टीवी9 नेटवर्क’ (TV9 Network) में अपनी पारी को विराम दे दिया है। उन्होंने पिछले साल मार्च में ‘टीवी9 भारतवर्ष’ (डिजिटल) में ग्रुप एडिटर के रूप में जॉइन किया था। अपनी इस भूमिका में वह यहां डिजिटल से जुड़े समस्त कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
पाणिनि आनंद ने इस्तीफा क्यों दिया और उनका अगला कदम क्या होगा, फिलहाल यह जानकारी नहीं मिल सकी है।
बता दें कि पाणिनि आनंद इससे पहले ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह में कार्यरत थे। यहां वह बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर ‘आजतक’ (डिजिटल) में अपनी भूमिका निभा रहे थे। पाणिनि आनंद इस समूह के साथ करीब सात साल से जुड़े हुए थे। उन्होंने यहां पर बतौर डिप्टी एडिटर (डिजिटल) जॉइन किया था। बाद में संस्थान ने उन्हें प्रमोशन का तोहफा देते हुए एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर प्रमोट किया था।
‘इंडिया टुडे’ समूह से पहले पाणिनि ‘कैच न्यूज’ के साथ बतौर सीनियर असिसटेंट एडिटर जुड़े हुए थे। यहां वह राज्यसभा टीवी से पहुंचे थे। राज्यसभा टीवी में वह न्यू मीडिया डिपार्टमेंट के हेड थे।
तमाम विषयों पर लिखने में माहिर पाणिनि आनंद मूल तौर पर रायबरेली के हैं। करीब दो दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे पाणिनि आनंद ने अपने करियर की शुरुआत ‘बीबीसी’ जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से शुरू की थी। दिल्ली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेश (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के दौरान भी वह ‘नवभारत टाइम्स’, ‘हिन्दुस्तान’ और ‘जनसत्ता’ समेत कई अखबारों के लिए लिखते थे।
‘बीबीसी’ से जुड़ने से पहले 2002-2004 तक उन्होंने दो टैब्लॉयड के संपादन का कार्य भी किया और 2004-2006 तक वे बीबीसी में बतौर कंट्रीब्यूटर जुड़े और उसके बाद 2006-2010 तक वह बीबीसी हिंदी में बतौर कॉरेस्पॉन्डेंट/प्रड्यूसर के तौर पर कार्यरत रहे थे।
यहां करीब 6 साल काम करने के बाद वह तत्कालीन बीबीसी हेड संजीव श्रीवास्तव के साथ 2010 में सहारा मीडिया से जुड़े। यहां वह सहारा की वेब डिवीजन के एडिटोरियल हेड रहे। यहां एक साल काम करने के बाद वह 2011 में यहां से रुखसत हुए। 2011 में उन्हें सीएसडीएस की फेलोशिप मिली। उसके बाद 2012 में उन्होंने बतौर प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट आउटलुक (अंग्रेजी) मैगजीन के साथ अपनी पारी आगे बढ़ाई।
वैसे पाणिनि आनंद डॉक्यूमेंट्री मेकिंग से भी जुड़े रहे हैं। साथ ही वे एक कवि, ब्लॉगर और थिएटर आर्टिस्ट के तौर पर भी समय-समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहते हैं।
BBC, CNN, Zoom और HSBC समेत कई बड़ी वेबसाइट्स पर दुर्भावनापूर्ण कोड डाले जाने की आशंका है। इससे यूजर्स की निजी और वित्तीय जानकारी चोरी होने का खतरा पैदा हुआ है।
by
Samachar4media Bureau
बीबीसी (BBC), सीएनएन (CNN), जूम (Zoom) और एचएसबीसी (HSBC) समेत दुनिया की कई लोकप्रिय वेबसाइट्स पर साइबर अटैक की आशंका जताई गई है।
वैश्विक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैकर्स ने इन वेबसाइट्स में दुर्भावनापूर्ण कोड (Malicious Code) डाला है, जिसके जरिए विजिटर्स की निजी और वित्तीय जानकारी चुराई जा सकती है।
साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने ऑप्टिमाइजली (Optimizely) प्लेटफॉर्म से जुड़े 178 संगठनों के कम से कम 188 प्रोजेक्ट्स में सेंध लगने की पहचान की है। अनुमान है कि यह कोड करीब 3.4 करोड़ पेज विजिट के दौरान यूजर्स तक पहुंचा हो सकता है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में संभावित पहुंच का दायरा 60 लाख से 15 करोड़ विजिट तक बताया गया है।
यह हमला ऑप्टिमाइजली प्लेटफॉर्म पर होस्ट की गई स्क्रिप्ट्स में दुर्भावनापूर्ण जावास्क्रिप्ट (JavaScript) डालकर किया गया। कंपनियां इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अपनी वेबसाइट के अलग-अलग वर्जन को टेस्ट करने के लिए करती हैं।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, इस कोड के जरिए यूजर्स के पेमेंट कार्ड की जानकारी हासिल की जा सकती थी। इसके अलावा, क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट के पते बदले जा सकते थे और कुकीज (Cookies) व स्क्रीनशॉट जुटाए जा सकते थे।
पुराने आईफोन और आईपैड इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को एक्सप्लॉइट किट (Exploit Kit) के जरिए दूसरी वेबसाइट्स पर भी भेजे जाने का खतरा था।
संभावित रूप से प्रभावित वेबसाइट्स में बीबीसी, सीएनएन, जूम और एचएसबीसी के अलावा आइकिया (IKEA), सेल्सफोर्स (Salesforce), इक्विफैक्स (Equifax), फॉक्स न्यूज (Fox News), अलास्का एयरलाइंस (Alaska Airlines) और गिटलैब (GitLab) जैसी कंपनियों के नाम भी शामिल हैं।
मीडिया और मनोरंजन जगत में डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती पहुंच के साथ ही इनसे जुड़ी शिकायतें भी बढ़ रही हैं। इसका अंदाजा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पास साल 2025 में पहुंची शिकायतों से लगाया जा सकता है।
by
Samachar4media Bureau
मीडिया और मनोरंजन जगत में डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती पहुंच के साथ ही इनसे जुड़ी शिकायतें भी बढ़ रही हैं। इसका अंदाजा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (I&B Ministry) के पास साल 2025 में पहुंची शिकायतों से लगाया जा सकता है। मंत्रालय को सालभर में मीडिया से जुड़े 1,600 से ज्यादा मामले मिले, जिनमें सबसे ज्यादा 677 शिकायतें डिजिटल मीडिया कंटेंट को लेकर थीं। इनमें डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और ओटीटी (OTT) कंटेंट से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की सालाना रिपोर्ट 2025-26 में ये आंकड़े सामने आए हैं। डिजिटल कंटेंट के बाद सबसे ज्यादा 404 शिकायतें डीटीएच (DTH) ऑपरेटर्स, लोकल केबल ऑपरेटर्स और मल्टी-सिस्टम ऑपरेटर्स (MSO) के खिलाफ मिलीं।
इसके अलावा न्यूज और नॉन-न्यूज ब्रॉडकास्टिंग कार्यक्रमों को लेकर 301 शिकायतें दर्ज की गईं। वहीं, फिल्मों से जुड़े कंटेंट पर 171 और प्रिंट मीडिया से संबंधित 61 शिकायतें मंत्रालय तक पहुंचीं।
मंत्रालय को मिलीं कुल 5,290 शिकायतें
मंत्रालय को साल 2025 में सभी तरह की कुल 5,290 शिकायतें मिली थीं। इनमें 1,032 शिकायतें दूसरे मंत्रालयों से जुड़े मामलों को लेकर थीं। वहीं, मीडिया से संबंधित शिकायतों की संख्या 1,600 से ज्यादा रही। यहां ध्यान देने वाली बात है कि ये आंकड़े मंत्रालय को मिली शिकायतों की संख्या बताते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि हर शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए या हर मामले में कार्रवाई हुई।
डिजिटल न्यूज और OTT के लिए तीन स्तरों पर शिकायत निवारण व्यवस्था
डिजिटल न्यूज और ओटीटी प्लेटफॉर्म से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए सरकार ने आईटी नियम, 2021 (Information Technology Rules, 2021) के तहत तीन स्तरों वाली व्यवस्था बनाई है।
इस व्यवस्था के तहत पहले स्तर पर संबंधित डिजिटल न्यूज पब्लिशर या ओटीटी प्लेटफॉर्म को खुद शिकायत का समाधान करना होता है। अगर शिकायतकर्ता इससे संतुष्ट नहीं होता है तो वह दूसरे स्तर पर संबंधित सेल्फ रेगुलेटरी बॉडी (SRB) के पास जा सकता है।
तीसरे स्तर पर केंद्र सरकार की निगरानी व्यवस्था है, जिसमें इंटर-डिपार्टमेंटल कमेटी (Inter-Departmental Committee) शामिल है। इस तरह शिकायतों के निपटारे में पहले संबंधित प्लेटफॉर्म और फिर स्व-नियामक संस्थाओं को मौका दिया जाता है। जरूरत पड़ने पर मामला सरकार के स्तर तक पहुंच सकता है।
मंत्रालय के पास 4,359 डिजिटल पब्लिशर्स का रिकॉर्ड
मंत्रालय की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, आईटी नियमों के तहत 4,359 पब्लिशर्स ने मंत्रालय को अपनी जानकारी दी थी। इनमें 66 ओटीटी पब्लिशर्स, 3,578 डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स (अलग से संचालित और यूट्यूब पर मौजूद न्यूज प्लेटफॉर्म), अखबारों के 618 डिजिटल संस्करण और टीवी चैनलों के 97 डिजिटल प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
मंत्रालय ने डिजिटल मीडिया और ओटीटी क्षेत्र के लिए कुल 11 सेल्फ रेगुलेटरी बॉडी को भी रजिस्टर किया है। इनमें नौ डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स और दो ओटीटी प्लेटफॉर्म से जुड़ी संस्थाएं हैं।
OTT प्लेटफॉर्म को कंटेंट में करना पड़ा बदलाव
रिपोर्ट में डिजिटल कंटेंट से जुड़ी शिकायतों के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर से किए गए कुछ बदलावों का भी जिक्र है।
इसके मुताबिक, अमेजन प्राइम वीडियो ने फिल्म 'KGF Chapter 2' के एक सीन में सुधार किया था। इसके अलावा 'Jurassic World' में भारत के नक्शे को दिखाने के तरीके में भी बदलाव किया गया था। वहीं, नेटफ्लिक्स ने कंटेंट को लेकर उठी आपत्तियों के बाद अपनी सीरीज 'History 101' से एक सीन हटा दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IAMAI) के तहत गठित डिजिटल पब्लिशर्स कंटेंट ग्रीवेंस काउंसिल (DPCGC) ने सितंबर 2021 से जनवरी 2026 के बीच 137 शिकायतों का निपटारा किया। इस काउंसिल की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अरजन कुमार सिकरी करते हैं।
OTT प्लेटफॉर्म को एज रेटिंग और शिकायत अधिकारी की जानकारी देने की सलाह
रिपोर्ट में एक ऐसे मामले का भी जिक्र है, जिसे शिकायत निवारण व्यवस्था के तीसरे स्तर यानी इंटर-डिपार्टमेंटल कमेटी के पास भेजा गया था।
कमेटी की सिफारिश के बाद संबंधित ओटीटी प्लेटफॉर्म को अपने विज्ञापनों में एज रेटिंग (Age Rating) और दर्शकों के लिए जरूरी सलाह (Consumer Advisory) शामिल करने की सलाह दी गई। खासतौर पर प्रिंट, टेलीविजन और रेडियो पर दिखाए जाने वाले विज्ञापनों के लिए ऐसा करने को कहा गया।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म को अपनी वेबसाइट और ऐप पर शिकायत अधिकारी (Grievance Officer) की जानकारी प्रमुखता से दिखाने की सलाह भी दी गई।
कुल मिलाकर, ये आंकड़े बताते हैं कि डिजिटल न्यूज और ओटीटी कंटेंट अब मीडिया से जुड़ी शिकायतों का सबसे बड़ा हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की निगरानी, शिकायतों का समय पर निपटारा और दर्शकों की चिंताओं को दूर करना इस क्षेत्र के लिए अहम होता जा रहा है।
अपग्रेड ने 'upGrad Next' की शुरुआत करते हुए चार वरिष्ठ अधिकारियों को मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया है। नई टीम में HR कंसल्टिंग, ऑर्गनाइजेशन डिजाइन और बिजनेस स्ट्रैटेजी के अनुभवी लीडर्स शामिल हैं।
by
Samachar4media Bureau
अपग्रेड (upGrad) ने चार वरिष्ठ अधिकारियों को मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) नियुक्त करते हुए ‘अपग्रेड नेक्स्ट’ (upGrad Next) की शुरुआत की है। नई लीडरशिप टीम में आनंदोरूप घोष, ऋषिकेश गोडबोले, कृष्णा चैतन्य मल्लादी और दिनकर पवन शामिल हैं। चारों अधिकारियों को एचआर कंसल्टिंग, ऑर्गनाइजेशन डिजाइन, बिजनेस स्ट्रैटेजी और लीडरशिप कंसल्टिंग के क्षेत्र में लंबा अनुभव है।
आनंदोरूप घोष (Anandorup Ghosh), जिन्हें एंडी के नाम से भी जाना जाता है, को एचआर और रिवॉर्ड्स कंसल्टिंग में 24 साल से अधिक का अनुभव है। upGrad Next से पहले वह डेलॉइट (Deloitte) में पार्टनर थे। इस दौरान उन्होंने भारत में कंपनी की रिवॉर्ड्स कंसल्टिंग प्रैक्टिस स्थापित की और उसका नेतृत्व किया। उन्होंने वैश्विक स्तर पर भी इस प्रैक्टिस की जिम्मेदारी संभाली।
ऋषिकेश गोडबोले (Rishikesh Godbole) को ईवाई (EY), जीई (GE) और गोदरेज (Godrej) जैसी कंपनियों में कंसल्टिंग और कॉर्पोरेट लीडरशिप का करीब दो दशक का अनुभव है। वह ईवाई में पार्टनर रह चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, मध्य पूर्व और यूरोप में कारोबारों को जटिल ऑर्गनाइजेशन डिजाइन से जुड़े मामलों में सलाह दी है।
कृष्णा चैतन्य (केसी) मल्लादी (Krishna Chaitanya Malladi) डेलॉइट की ह्यूमन कैपिटल कंसल्टिंग प्रैक्टिस में पार्टनर रह चुके हैं। उन्हें इस क्षेत्र में 17 साल का अनुभव है। उनका काम ऑर्गनाइजेशन डिजाइन, वर्कफोर्स प्रोडक्टिविटी और रिवॉर्ड्स से जुड़े मामलों पर केंद्रित रहा है। उन्होंने कंज्यूमर कंपनियों, नए डिजिटल कारोबारों और पारिवारिक व्यवसायों के साथ काम किया है।
दिनकर पवन (Dinkar Pavan) ने अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है। उनका करियर एचआर कंसल्टिंग, मैक्रोइकोनॉमिक रिसर्च और बिजनेस स्ट्रैटेजी से जुड़ा रहा है। डेलॉइट की ह्यूमन कैपिटल प्रैक्टिस में वह प्रमोटर्स, बोर्ड और कंपनियों की मुआवजा समितियों को लीडरशिप परफॉर्मेंस, रिवॉर्ड्स और कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े मामलों में सलाह देते रहे हैं।
डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म Firstpost ने अपनी एडिटोरियल टीम को मजबूत करते हुए वरिष्ठ पत्रकार स्नेहेश एलेक्स फिलिप को नई जिम्मेदारी सौंपी है।
by
Samachar4media Bureau
डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म Firstpost ने अपनी एडिटोरियल टीम को मजबूत करते हुए वरिष्ठ पत्रकार स्नेहेश एलेक्स फिलिप को नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें डिफेंस एंड डिप्लोमैटिक अफेयर्स का एडिटर नियुक्त किया गया है। पत्रकारिता में दो दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले स्नेहेश अब Firstpost में रक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा, कूटनीति और रणनीतिक मामलों से जुड़ी खबरों की कवरेज का नेतृत्व करेंगे।
स्नेहेश की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा तैयारियों, बदलते वैश्विक समीकरणों और दूसरे देशों के साथ रणनीतिक संबंधों से जुड़े मुद्दे काफी अहम हो गए हैं। उनकी जिम्मेदारी में भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा निर्माण और दुनिया की बड़ी ताकतों के साथ भारत के रिश्तों जैसे विषयों की कवरेज शामिल होगी।
Firstpost से पहले स्नेहेश ThePrint में एडिटर – डिफेंस एंड डिप्लोमैसी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वहां करीब आठ साल तक रक्षा और विदेश नीति से जुड़ी खबरों की कवरेज का नेतृत्व किया। इससे पहले वह प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) के पाकिस्तान संवाददाता भी रह चुके हैं। वह पाकिस्तान में नियुक्त होने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय पत्रकार बने थे।
अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने भारत की सैन्य और कूटनीतिक गतिविधियों, रक्षा आधुनिकीकरण कार्यक्रमों, स्वदेशी रक्षा निर्माण और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी उभरती चुनौतियों को कवर किया है। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका, चीन, रूस, फ्रांस और यूरोप के दूसरे देशों के साथ भारत के बदलते रणनीतिक संबंधों पर भी रिपोर्टिंग की है।
Firstpost के चीफ कंटेंट ऑफिसर बिनॉय प्रभाकर ने इस नियुक्ति पर कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में भारत की स्थिति को समझने के लिए रक्षा, कूटनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे बेहद महत्वपूर्ण हैं। स्नेहेश का दो दशक से ज्यादा का अनुभव और इन विषयों की गहरी समझ Firstpost की कवरेज को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि स्नेहेश की रिपोर्टिंग से पाठकों को भारत और दुनिया को प्रभावित करने वाले अहम मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।
माइक्रो-ड्रामा प्लेटफॉर्म रिगी ने गूगल को अपना निवेशक घोषित किया है। कंपनी भारत में बिना सब्सक्रिप्शन के मनोरंजन उपलब्ध कराने और विज्ञापन आधारित कारोबार का विस्तार करना चाहती है।
by
Samachar4media Bureau
माइक्रो-ड्रामा प्लेटफॉर्म रिगी (Rigi) ने गूगल (Google) को अपना निवेशक घोषित किया है। कंपनी भारत में अपने फ्री-टू-वॉच एंटरटेनमेंट ऑफरिंग का विस्तार करने की तैयारी कर रही है। इस प्लेटफॉर्म पर यूजर्स बिना पेड सब्सक्रिप्शन के माइक्रो-ड्रामा देख सकेंगे।
रिगी का बिजनेस मॉडल विज्ञापन आधारित है। कंपनी का लक्ष्य छोटे एपिसोड वाले मनोरंजन कंटेंट के जरिए देशभर के दर्शकों तक पहुंचना है। इसके लिए यूजर्स को किसी तरह की सब्सक्रिप्शन फीस नहीं देनी होगी।
कंपनी का मानना है कि छोटे एपिसोड और बार-बार कंटेंट देखने की आदत माइक्रो-ड्रामा को बड़े विज्ञापन आधारित एंटरटेनमेंट बिजनेस में बदल सकती है। रिगी खास तौर पर भारत के बड़े मास-मार्केट दर्शक वर्ग को ध्यान में रखकर इस मॉडल को आगे बढ़ाना चाहता है।
रिगी के मुताबिक, उसका मॉडल अलग-अलग आय वर्ग और भौगोलिक क्षेत्रों के दर्शकों तक डिजिटल मनोरंजन की पहुंच आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है। कंपनी बिना सब्सक्रिप्शन शुल्क के कंटेंट उपलब्ध कराकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ना चाहती है।
हालांकि, गूगल के निवेश की रकम और इससे जुड़ी वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है।
डिजिटल मार्केटिंग कंपनी Yaap Digital ने अपने IPO से जुटाई गई रकम में से अब तक 62.21 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर लिया है।
by
Samachar4media Bureau
डिजिटल मार्केटिंग कंपनी Yaap Digital ने अपने IPO से जुटाई गई रकम में से अब तक 62.21 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर लिया है। कंपनी ने साफ किया है कि IPO से मिले फंड के इस्तेमाल में तय योजना के मुकाबले कोई बदलाव या गड़बड़ी नहीं हुई है। कंपनी ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही के लिए शेयर बाजार को फंड के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी दी है।
कंपनी ने 12 नवंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को दी गई जानकारी में बताया कि उसने मार्च 2026 में पब्लिक इश्यू के जरिए 55.25 लाख इक्विटी शेयर जारी कर कुल 80.11 करोड़ रुपये जुटाए थे। इन शेयरों का इश्यू प्राइस 145 रुपये प्रति शेयर था, जिसमें 10 रुपये की फेस वैल्यू और 135 रुपये का प्रीमियम शामिल था।
IPO से जुटाई गई कुल रकम में से इश्यू से जुड़े खर्च घटाने के बाद कंपनी के पास इस्तेमाल के लिए 68.77 करोड़ रुपये उपलब्ध थे।
कहां खर्च किए IPO के पैसे?
कंपनी ने IPO से मिली रकम को चार प्रमुख कामों के लिए इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी। इसमें GoZoop Online Private Limited के प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए भुगतान, AI आधारित शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट प्रोडक्शन हब की स्थापना, वर्किंग कैपिटल की जरूरतें और दूसरी कंपनियों के अधिग्रहण के साथ सामान्य कारोबारी जरूरतें शामिल थीं।
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, GoZoop के प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए तय 34 करोड़ रुपये का पूरा इस्तेमाल कर लिया गया है।
वहीं, AI आधारित शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट प्रोडक्शन हब (ACP Hub) की स्थापना के लिए 4.01 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, लेकिन 30 सितंबर 2026 तक इस मद में कोई रकम खर्च नहीं की गई थी।
इसके अलावा, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए तय 16 करोड़ रुपये में से 14.66 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं, अज्ञात अधिग्रहण और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए रखे गए 14.77 करोड़ रुपये में से करीब 13.55 करोड़ रुपये का इस्तेमाल किया गया है।
फंड के इस्तेमाल में नहीं हुआ कोई बदलाव
कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि IPO से जुटाई गई रकम के इस्तेमाल को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके साथ ही फंड के इस्तेमाल में किसी तरह का विचलन या अंतर भी दर्ज नहीं किया गया है।
इस फंड के इस्तेमाल पर क्रिसिल रेटिंग्स लिमिटेड (Crisil Ratings Limited) निगरानी एजेंसी के तौर पर काम कर रही है। कंपनी ने यह जानकारी SEBI के ICDR Regulations, 2018 और Listing Obligations and Disclosure Requirements (LODR) Regulations, 2015 के तहत दी है।
कुल मिलाकर, Yaap Digital ने IPO से खर्च के बाद उपलब्ध 68.77 करोड़ रुपये में से 62.21 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर लिया है। यानी करीब 6.56 करोड़ रुपये अभी इस्तेमाल किए जाने बाकी हैं।
अक्षय चौधरी को डब्ल्यूपीपी मीडिया में प्रमोट कर एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक बनाया गया है। इससे पहले वह कंपनी में एसोसिएट डायरेक्टर थे और मई 2025 से कंपनी के साथ जुड़े हैं।
by
Samachar4media Bureau
अक्षय चौधरी को डब्ल्यूपीपी मीडिया (WPP Media) में प्रमोट कर एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक (Associate Vice President – Programmatic) की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
चौधरी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैंने डब्ल्यूपीपी मीडिया में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। इस सफर में लगातार मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग देने के लिए मैं अपने सभी मेंटर्स और सहकर्मियों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। आगे आने वाली नई चुनौतियों और अवसरों को लेकर उत्साहित हूं।”
इससे पहले अक्षय चौधरी डब्ल्यूपीपी मीडिया में एसोसिएट डायरेक्टर – प्रोग्रामेटिक (Associate Director – Programmatic) के पद पर कार्यरत थे। वह मई 2025 से कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं। डब्ल्यूपीपी मीडिया में शामिल होने से पहले चौधरी एफिनिटीएक्स (AffinityX) के साथ काम कर चुके हैं।
भारतपे ने मोहित मित्तल को हेड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स नियुक्त किया है। उन्हें फाइनेंशियल सर्विसेज और वेल्थ मैनेजमेंट में 21 साल से अधिक अनुभव है। उनका करियर निवेश क्षेत्र से जुड़ा रहा है।
by
Samachar4media Bureau
भारतपे (BharatPe) ने मोहित मित्तल को हेड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स नियुक्त किया है। गुरुग्राम में रहकर वह कंपनी के इन्वेस्टमेंट कारोबार के विकास और विस्तार का नेतृत्व करेंगे। उनकी जिम्मेदारी में नए प्रोडक्ट्स, डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन, रणनीतिक साझेदारियां और ग्राहकों को जोड़ने जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।
मित्तल को फाइनेंशियल सर्विसेज, इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट्स और वेल्थ मैनेजमेंट के क्षेत्र में 21 साल से अधिक का अनुभव है। भारतपे से जुड़ने से पहले वह सिफ्ट कैपिटल (Sift Capital) में डायरेक्टर – ग्रोथ एंड डिस्ट्रीब्यूशन के पद पर कार्यरत थे।
इससे पहले उन्होंने बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) में इन्वेस्टमेंट मार्केटप्लेस के बिजनेस हेड के रूप में काम किया। यहां उन्होंने कंपनी के डिजिटल इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म को विकसित करने और उसका विस्तार करने का नेतृत्व किया। साथ ही 50 से अधिक वित्तीय संस्थानों के साथ साझेदारियां स्थापित कीं।
मित्तल ने इससे पहले बजाज कैपिटल (Bajaj Capital) में 13 साल से अधिक समय तक काम किया। यहां वह वाइस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स के पद पर रहे। उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड इनकम प्रोडक्ट्स में करीब 40,000 करोड़ रुपये का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) पोर्टफोलियो तैयार किया।
अंग्रेजी अखबार The Hindu ने The Indian Express पर अभिनेता रिशिकांत के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू को दोबारा लिखकर छापने और उनकी तस्वीर बिना अनुमति व क्रेडिट के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
by
Samachar4media Bureau
मीडिया संस्थानों के बीच एक बार फिर कंटेंट और कॉपीराइट को लेकर विवाद सामने आया है। अंग्रेजी अखबार The Hindu ने The Indian Express पर अभिनेता रिशिकांत (Rishikanth) के एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के बड़े हिस्से को दोबारा लिखकर प्रकाशित करने और साथ में खींची गई तस्वीर को बिना अनुमति और क्रेडिट के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
The Hindu ने 5 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। अखबार के मुताबिक, अभिनेता रिशिकांत का यह एक्सक्लूसिव इंटरव्यू उसके पत्रकार श्रीनिवास रामानुजम (Srinivasa Ramanujam) ने चेन्नई स्थित अखबार के कार्यालय में लिया था। इस इंटरव्यू पर आधारित खबर 3 नवंबर 2026 को The Hindu में प्रकाशित हुई थी।
अखबार का आरोप है कि The Indian Express ने इस इंटरव्यू के बड़े हिस्से को दोबारा लिखा और अपनी खबर में शामिल किया। इसके साथ ही, इंटरव्यू के दौरान हुए फोटोशूट में The Hindu के फोटोग्राफर थामोदरन बी. (Thamodharan B.) द्वारा खींची गई तस्वीर का भी बिना अनुमति या क्रेडिट के इस्तेमाल किया गया।
अपने पोस्ट में The Hindu ने कहा कि किसी एक्सक्लूसिव इंटरव्यू का हवाला देना पत्रकारिता की सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन लगभग पूरी खबर को दोबारा प्रकाशित करना, भले ही उसके कुछ हिस्सों की भाषा बदल दी गई हो, सही नहीं है।
The @IndianExpress has reproduced and reworked substantial portions of an exclusive interview with actor Rishikanth, conducted by The Hindu's @srinivasjam at our Chennai office. It has also used a photograph from the accompanying photoshoot by our photographer, @thamodharran, without permission or credit. Quoting an exclusive interview is standard journalistic practice. Reproducing virtually an entire story, even with portions reworded, is not. We find this disregard for original reporting and photography deeply disappointing. Credit where it is due is a basic tenet of journalism. https://t.co/9yRtsM8XYG
— The Hindu (@the_hindu) November 5, 2026
अखबार ने इसे मूल रिपोर्टिंग और फोटोग्राफी के प्रति अनादर बताते हुए कहा कि पत्रकारिता में जिसका योगदान हो, उसे उसका श्रेय देना एक बुनियादी सिद्धांत है।
क्या है पूरा मामला?
The Hindu ने 3 नवंबर को अभिनेता रिशिकांत पर एक इंटरव्यू प्रकाशित किया था। इसमें अभिनेता के 15 साल के संघर्ष, तमिल फिल्मों 'Dorothy' और 'Modha Rathri' की सफलता और चेन्नई में उनके शुरुआती दिनों के बारे में बात की गई थी।
इसके बाद The Indian Express की वेबसाइट के एंटरटेनमेंट सेक्शन में 4 नवंबर को रिशिकांत पर एक खबर प्रकाशित हुई। इस खबर के शीर्षक में उनके 15 साल के संघर्ष और सफलता का जिक्र था। अब इसी खबर को लेकर The Hindu ने कंटेंट और तस्वीर के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं।
अभिजीत गायकवाड़ ने हिताची डिजिटल में ग्लोबल क्रिएटिव हेड की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह हिताची डिजिटल सर्विसेज में ग्लोबल लीड-क्रिएटिव एंड डिजाइन के पद पर कार्यरत थे।
by
Samachar4media Bureau
अभिजीत गायकवाड़ (Abhijeet Gaikwad) ने हिताची डिजिटल (Hitachi Digital) में ग्लोबल क्रिएटिव हेड (Global Creative Head) के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए अपनी नियुक्ति की जानकारी साझा करते हुए इस भूमिका को लेकर उत्साह जताया।
नई भूमिका में वह वैश्विक स्तर पर कंपनी की क्रिएटिव लीडरशिप से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे। इससे पहले गायकवाड़ हिताची डिजिटल सर्विसेज (Hitachi Digital Services) में ग्लोबल लीड-क्रिएटिव एंड डिजाइन (Global Lead – Creative & Design) के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने संगठन के क्रिएटिव और डिजाइन से जुड़े कामों का नेतृत्व किया।
गायकवाड़ को डिजाइन क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है। वह ब्रांड के विजन को कारोबारी परिणामों में बदलने के लिए काम करते रहे हैं। उन्हें क्रॉस-फंक्शनल टीमों का नेतृत्व करने के साथ ब्रांड स्ट्रैटेजी, यूएक्स/यूआई (UX/UI) और क्रिएटिव डायरेक्शन का अनुभव है।