केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेमीकॉन 2.0 के तहत भारत में चिप डिजाइन से जुड़ी कम से कम 200 स्टार्टअप और कंपनियों को जोड़ने का लक्ष्य बताया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री (Electronics and IT Minister) अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने कहा है कि सरकार सेमीकॉन 2.0 (Semicon 2.0) के तहत भारत में सेमीकंडक्टर चिप डिजाइन (Semiconductor Chip Design) से जुड़ी कम से कम 200 स्टार्टअप और कंपनियों को जोड़ने का लक्ष्य लेकर चल रही है। यह सेमीकॉन 1.0 (Semicon 1.0) में शामिल 105 से ज्यादा स्टार्टअप के आधार पर अगला कदम है।
सेमीकॉन इंडिया समिट 2026 (Semicon India Summit 2026) में वैष्णव ने बताया कि सेमीकॉन 1.0 में शामिल करीब 20 स्टार्टअप को लगभग 800 करोड़ रुपये की वेंचर कैपिटल फंडिंग (Venture Capital Funding) मिली थी। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार का लक्ष्य पहले से काफी बड़ा है और भारत में चिप डिजाइन करने वाली कम से कम 200 स्टार्टअप और कंपनियों को इससे जोड़ने की योजना है।
सेमीकॉन 2.0 के छह पिलर (Pillars) में चिप डिजाइन पहला होगा। इसके अलावा मशीन और मटेरियल, सेमीकंडक्टर फैब, एडवांस्ड पैकेजिंग (Advanced Packaging), रिसर्च एंड डेवलपमेंट (Research and Development) और टैलेंट डेवलपमेंट (Talent Development) पर भी फोकस किया जाएगा।
मशीन और मटेरियल से जुड़े पिलर में कैपिटल इक्विपमेंट (Capital Equipment), मेंटेनेंस फैसिलिटी, केमिकल और गैस समेत पूरे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम (Semiconductor Ecosystem) को शामिल किया जाएगा। वैष्णव ने बताया कि सम्मेलन में 28 से ज्यादा देशों की भागीदारी है।
तीसरे पिलर के तहत डिस्प्ले, मेमोरी, सिलिकॉन, कंपाउंड और लॉजिक फैब (Logic Fab) का विस्तार किया जाएगा। चौथे पिलर में एडवांस्ड पैकेजिंग पर जोर रहेगा। वैष्णव ने कहा कि ओडिशा में 3डी पैकेजिंग यूनिट (3D Packaging Unit) भी स्थापित हो रही है।
पांचवें पिलर के तहत इंडस्ट्री-लेड आरएंडडी (Industry-led R&D) पर फोकस होगा। सरकार अकादमिक संस्थानों और इंडस्ट्री को साथ लाकर एप्लाइड रिसर्च प्रोजेक्ट्स (Applied Research Projects) को बढ़ावा देगी।
टैलेंट डेवलपमेंट के तहत सेमीकॉन 1.0 में 10 साल में 85 हजार डिजाइन इंजीनियरों को ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया था। वैष्णव के मुताबिक, चार साल में ही 70 हजार डिजाइन इंजीनियरों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि देश की 400 से ज्यादा यूनिवर्सिटीज में कैडेंस (Cadence), सीमेंस (Siemens) और सिनॉप्सिस (Synopsys) के ईडीए टूल्स (EDA Tools) उपलब्ध हैं। इससे छात्र चिप डिजाइन करने और मोहाली स्थित सेमीकंडक्टर लेबोरेटरी (Semiconductor Laboratory) के जरिए उसे टेप-आउट (Tape-out) प्रक्रिया तक ले जाने में सक्षम हो रहे हैं।
मीडिया कंपनी Quint Digital Limited ने अपने कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की दिशा में एक कदम उठाया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया कंपनी 'क्विंट डिजिटल मीडिया लिमिटेड' (Quint Digital Limited) ने अपने कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की दिशा में एक कदम उठाया है। कंपनी ने 20 नवंबर 2026 को Isle of Man में अपनी पूरी हिस्सेदारी वाली नई सब्सिडियरी कंपनी QDL Media-Tech Limited को शामिल किया है। कंपनी ने इस संबंध में BSE को जानकारी दी है।
कंपनी ने 20 नवंबर 2026 को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि QDL Media-Tech Limited उसकी 100 फीसदी हिस्सेदारी वाली सब्सिडियरी होगी। इस नई कंपनी को बनाने का मकसद Isle of Man और दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ग्रुप के डिजिटल मीडिया और टेक्नोलॉजी कारोबार का विस्तार करना है।
अभी शुरू नहीं हुआ है कारोबार
Quint Digital के मुताबिक, QDL Media-Tech Limited एक नई कंपनी है और फिलहाल इसने अपना कारोबार शुरू नहीं किया है। ऐसे में अभी इसका टर्नओवर भी शून्य है। कंपनी मीडिया और टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम करेगी।
इस सब्सिडियरी में Quint Digital की 100 फीसदी हिस्सेदारी होगी। कंपनी ने बताया है कि इसका गठन नकद भुगतान (Cash Consideration) के आधार पर किया गया है। इसके लिए किसी सरकारी या नियामकीय मंजूरी की जरूरत नहीं बताई गई है।
पहले भी दी थी जानकारी
कंपनी ने इस नई सब्सिडियरी के गठन को लेकर 28 अक्टूबर 2026 को भी शेयर बाजार को सूचना दी थी। अब 20 नवंबर को कंपनी ने इसके गठन की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी है। यह कदम Quint Digital की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में डिजिटल मीडिया और टेक्नोलॉजी से जुड़े कारोबार को आगे बढ़ाने की योजना का हिस्सा है। हालांकि, कंपनी ने अभी इस नई सब्सिडियरी के कारोबार शुरू करने की तारीख या इससे होने वाली संभावित कमाई को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
Snapchat ने क्रिएटर इकोसिस्टम और ब्रैंड्स के कैंपेन को बढ़ावा देने के लिए नए टूल्स व पार्टनर प्रोग्राम लॉन्च किए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Snapchat ने अपने क्रिएटर इकोसिस्टम को मजबूत करने और ब्रैंड्स व विज्ञापन एजेंसियों को क्रिएटर के जरिए चलाए जाने वाले कैंपेन का दायरा बढ़ाने में मदद करने के लिए नए टूल्स और पार्टनर प्रोग्राम लॉन्च किए हैं। कंपनी के इन नए कदमों का मकसद ब्रैंड्स को सही क्रिएटर्स से जोड़ना, स्थानीय कारोबारों को क्रिएटर कंटेंट के जरिए बढ़ावा देना और एजेंसियों को Creator Ads के विस्तार में मदद करना है।
Snapchat की ओर से eyesquare के साथ कराए गए एक नए अमेरिकी सर्वे के मुताबिक, प्लेटफॉर्म के 70 फीसदी अमेरिकी यूजर्स अपने पसंदीदा क्रिएटर्स की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी पोस्ट देखना पसंद करते हैं, जबकि 56 फीसदी यूजर्स उनकी सिफारिशों पर भरोसा करते हैं। कंपनी इसी जुड़ाव को ब्रैंड्स के लिए बेहतर कारोबारी अवसर में बदलना चाहती है।
इस दिशा में Snapchat ने डिस्कवरी, स्थानीय कारोबार और विज्ञापन एजेंसियों की मदद से जुड़े तीन बड़े अपडेट पेश किए हैं।
AI की मदद से ब्रैंड्स को मिलेंगे सही क्रिएटर्स
Snapchat ने Snap Creator Network को ओपन बीटा में लॉन्च किया है। यह AI आधारित प्लेटफॉर्म ब्रैंड्स को अपने कैंपेन के लिए सही क्रिएटर्स खोजने में मदद करेगा।
ब्रैंड्स इसमें अपने टारगेट ऑडियंस, कैटेगरी या कैंपेन के उद्देश्य के बारे में जानकारी दे सकेंगे। इसके आधार पर प्लेटफॉर्म उनसे जुड़े क्रिएटर्स की पहचान करेगा। साथ ही ब्रैंड्स उनके प्रदर्शन का आकलन कर सकेंगे, पसंदीदा क्रिएटर्स की सूची बना सकेंगे, उनके साथ पार्टनरशिप शुरू कर सकेंगे और उनके ऑर्गेनिक कंटेंट को प्रमोट भी कर सकेंगे। ये सभी काम एक ही प्लेटफॉर्म पर किए जा सकेंगे।
Snap Map पर दुनियाभर में शुरू हुआ 'Visited By' फीचर
कंपनी ने Snap Map पर 'Visited By' फीचर भी दुनियाभर में उपलब्ध करा दिया है। Snapchat के मुताबिक, Snap Map पर हर महीने 450 मिलियन से ज्यादा यूजर्स आते हैं।
इस फीचर के तहत जब कोई क्रिएटर Snap Map या Spotlight पर किसी जगह की लोकेशन के साथ सार्वजनिक पोस्ट साझा करता है, तो वह जगह या कारोबार उसके फॉलोअर्स के मैप पर भी दिखाई दे सकता है। इससे स्थानीय दुकानों, रेस्टोरेंट और अन्य जगहों को क्रिएटर की पोस्ट के जरिए पहचान मिल सकेगी।
ब्रैंड्स इन सिफारिशों को Sponsored Snaps के जरिए यूजर्स की चैट में भी आगे बढ़ा सकते हैं।
अमेरिका, ब्रिटेन और MENA में शुरू हुआ एजेंसी पार्टनर प्रोग्राम
Snapchat ने Creator Agency Partner Program भी शुरू किया है। फिलहाल यह अमेरिका, ब्रिटेन और MENA (मिडिल ईस्ट और नॉर्थ अफ्रीका) के बाजारों में उपलब्ध है। कंपनी आने वाले समय में इसे दूसरे क्षेत्रों में भी शुरू करेगी।
इस प्रोग्राम को Standard और Strategic, दो स्तरों में बांटा गया है। इसके तहत एजेंसियों को ट्रेनिंग, टूल्स और प्रोत्साहन दिए जाएंगे, ताकि वे Creator Ads से जुड़े कैंपेन तैयार करने और उनका विस्तार करने में सक्षम हो सकें।
क्रिएटर कैंपेन से ब्रैंड्स को मिला बेहतर रिटर्न
Snapchat ने अपने कुछ हालिया कैंपेन के नतीजे भी साझा किए हैं। कंपनी के मुताबिक, Sour Patch Kids ने क्रिएटर कंटेंट और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) के इस्तेमाल से विज्ञापन खर्च पर 2.3 गुना रिटर्न (ROAS) हासिल किया। इसके साथ ही ब्रैंड की विज्ञापन पहचान में छह पॉइंट का सुधार दर्ज किया गया।
वहीं, Steve Madden के क्रिएटर कैंपेन के जरिए Snapchat पर 2.2 मिलियन यूजर्स तक पहुंच बनाई गई। कंपनी के अनुसार, इस कैंपेन में CPM यानी प्रति हजार विज्ञापन दिखाए जाने की लागत 44 फीसदी कम रही और 7 अमेरिकी डॉलर का अतिरिक्त ROAS हासिल हुआ।
Snapchat के ये नए टूल्स दिखाते हैं कि कंपनी क्रिएटर मार्केटिंग को सिर्फ कंटेंट और फॉलोअर्स तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे ब्रैंड्स की पहुंच, स्थानीय कारोबार और विज्ञापन से मिलने वाले रिटर्न से जोड़ने पर भी जोर दे रही है।
फिल्मों को देखने का अनुभव आने वाले समय में और बदलने वाला है। अब दर्शक वर्चुअल रियलिटी (VR) ग्लासेस के जरिए अपनी पसंदीदा फिल्मों को 3D में देख सकेंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फिल्मों को देखने का अनुभव आने वाले समय में और बदलने वाला है। अब दर्शक वर्चुअल रियलिटी (VR) ग्लासेस के जरिए अपनी पसंदीदा फिल्मों को 3D में देख सकेंगे। इसके लिए विजुअल इफेक्ट्स और एनिमेशन कंपनी DNEG ने Meta के साथ टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत लोकप्रिय फिल्मों को खास 3D फॉर्मेट में तैयार किया जाएगा, ताकि उन्हें Meta के VR Glasses पर देखा जा सके।
DNEG, प्राइम फोकस (Prime Focus) ग्रुप का हिस्सा है और ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुकी कंपनी है। दोनों कंपनियों के बीच यह साझेदारी Meta VR Glasses के प्रस्तावित लॉन्च से पहले हुई है। इन डिवाइस को 2027 के वसंत (Spring) में लॉन्च करने की योजना है।
कई लोकप्रिय फिल्मों को 3D में बदलेगा DNEG
इस साझेदारी के तहत DNEG की स्टीरियो टीम कई लोकप्रिय फिल्मों को 3D फॉर्मेट में बदलने पर काम कर रही है। इस सूची में 'द हंगर गेम्स: सनराइज ऑन द रीपिंग' (The Hunger Games: Sunrise on the Reaping) भी शामिल है। इस फिल्म को 3D में बदलने की जानकारी पहले ही Meta, Lionsgate और फिल्म के निर्देशक फ्रांसिस लॉरेंस के साथ मिलकर दी जा चुकी है।
कंपनी का कहना है कि इस साझेदारी का मकसद दर्शकों को फिल्मों का ऐसा अनुभव देना है, जो पारंपरिक सिनेमा स्क्रीन से आगे हो। इसके तहत ऐसे इमर्सिव व्यूइंग एक्सपीरियंस तलाशे जाएंगे, जिनमें दर्शक फिल्मों को एक नए अंदाज में देख सकेंगे।
5K डिस्प्ले से मिलेगा बेहतर विजुअल अनुभव
Meta VR Glasses में 5K Infinite Display दिया गया है, जो माइक्रो-OLED पैनल पर आधारित है। इसमें 37 पिक्सल प्रति डिग्री (Pixels Per Degree) का सपोर्ट मिलेगा। इस डिस्प्ले टेक्नोलॉजी से बेहतर स्पष्टता और बारीक डिटेल्स के साथ फिल्में देखने का अनुभव मिलने की उम्मीद है।
DNEG इसी तकनीक को ध्यान में रखते हुए फिल्मों के हाई-क्वालिटी 3D वर्जन तैयार करेगी। कंपनी का लक्ष्य केवल फिल्मों को 3D में बदलना नहीं, बल्कि VR तकनीक के जरिए दर्शकों के देखने के अनुभव को और बेहतर बनाना भी है।
15 साल से ज्यादा का है 3D कन्वर्जन का अनुभव
DNEG की स्टीरियो टीम को 3D कन्वर्जन के क्षेत्र में 15 साल से ज्यादा का अनुभव है। कंपनी का दावा है कि उसने हॉलीवुड फिल्म के लिए दुनिया का पहला फीचर-लेंथ स्टीरियो कन्वर्जन भी किया था।
इसके पहले टीम 'ग्रैविटी' (Gravity) और 'मिशन इम्पॉसिबल-फॉलआउट' (Mission: Impossible – Fallout) जैसी फिल्मों के 3D कन्वर्जन पर काम कर चुकी है। इन फिल्मों का निर्देशन क्रमशः अल्फोंसो कुआरोन और क्रिस्टोफर मैकक्वेरी ने किया था।
इसके अलावा कंपनी के हालिया प्रोजेक्ट्स में 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' (Spider-Man: Brand New Day), 'सुपरगर्ल' (Supergirl) और 'रामायण: पार्ट वन' (Ramayana: Part One) शामिल हैं।
नमित मल्होत्रा ने क्या कहा?
इस साझेदारी पर प्राइम फोकस के संस्थापक और DNEG के ग्लोबल सीईओ नमित मल्होत्रा ने कहा कि Meta के साथ मिलकर कंपनी ऐसा 3D कंटेंट तैयार करने को लेकर उत्साहित है, जो दर्शकों को फिल्मों का एक नया अनुभव देगा।
उनके मुताबिक, Meta VR Glasses का लॉन्च सिनेमा देखने के तरीके में बड़ा बदलाव ला सकता है। इससे फिल्म प्रेमियों को अपनी पसंदीदा फिल्मों को शानदार 3D क्वालिटी में देखने का नया विकल्प मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह नई तकनीक कहानी कहने के तरीके को बदलने की क्षमता रखती है। DNEG और Meta मिलकर इस क्षेत्र में नए अवसर तलाशेंगे और दर्शकों के लिए बेहतर इमर्सिव अनुभव तैयार करने की दिशा में काम करेंगे।
BBC, CNN, Zoom और HSBC समेत कई बड़ी वेबसाइट्स पर दुर्भावनापूर्ण कोड डाले जाने की आशंका है। इससे यूजर्स की निजी और वित्तीय जानकारी चोरी होने का खतरा पैदा हुआ है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बीबीसी (BBC), सीएनएन (CNN), जूम (Zoom) और एचएसबीसी (HSBC) समेत दुनिया की कई लोकप्रिय वेबसाइट्स पर साइबर अटैक की आशंका जताई गई है।
वैश्विक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैकर्स ने इन वेबसाइट्स में दुर्भावनापूर्ण कोड (Malicious Code) डाला है, जिसके जरिए विजिटर्स की निजी और वित्तीय जानकारी चुराई जा सकती है।
साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने ऑप्टिमाइजली (Optimizely) प्लेटफॉर्म से जुड़े 178 संगठनों के कम से कम 188 प्रोजेक्ट्स में सेंध लगने की पहचान की है। अनुमान है कि यह कोड करीब 3.4 करोड़ पेज विजिट के दौरान यूजर्स तक पहुंचा हो सकता है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में संभावित पहुंच का दायरा 60 लाख से 15 करोड़ विजिट तक बताया गया है।
यह हमला ऑप्टिमाइजली प्लेटफॉर्म पर होस्ट की गई स्क्रिप्ट्स में दुर्भावनापूर्ण जावास्क्रिप्ट (JavaScript) डालकर किया गया। कंपनियां इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अपनी वेबसाइट के अलग-अलग वर्जन को टेस्ट करने के लिए करती हैं।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, इस कोड के जरिए यूजर्स के पेमेंट कार्ड की जानकारी हासिल की जा सकती थी। इसके अलावा, क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट के पते बदले जा सकते थे और कुकीज (Cookies) व स्क्रीनशॉट जुटाए जा सकते थे।
पुराने आईफोन और आईपैड इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को एक्सप्लॉइट किट (Exploit Kit) के जरिए दूसरी वेबसाइट्स पर भी भेजे जाने का खतरा था।
संभावित रूप से प्रभावित वेबसाइट्स में बीबीसी, सीएनएन, जूम और एचएसबीसी के अलावा आइकिया (IKEA), सेल्सफोर्स (Salesforce), इक्विफैक्स (Equifax), फॉक्स न्यूज (Fox News), अलास्का एयरलाइंस (Alaska Airlines) और गिटलैब (GitLab) जैसी कंपनियों के नाम भी शामिल हैं।
मीडिया और मनोरंजन जगत में डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती पहुंच के साथ ही इनसे जुड़ी शिकायतें भी बढ़ रही हैं। इसका अंदाजा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पास साल 2025 में पहुंची शिकायतों से लगाया जा सकता है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और मनोरंजन जगत में डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती पहुंच के साथ ही इनसे जुड़ी शिकायतें भी बढ़ रही हैं। इसका अंदाजा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (I&B Ministry) के पास साल 2025 में पहुंची शिकायतों से लगाया जा सकता है। मंत्रालय को सालभर में मीडिया से जुड़े 1,600 से ज्यादा मामले मिले, जिनमें सबसे ज्यादा 677 शिकायतें डिजिटल मीडिया कंटेंट को लेकर थीं। इनमें डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और ओटीटी (OTT) कंटेंट से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की सालाना रिपोर्ट 2025-26 में ये आंकड़े सामने आए हैं। डिजिटल कंटेंट के बाद सबसे ज्यादा 404 शिकायतें डीटीएच (DTH) ऑपरेटर्स, लोकल केबल ऑपरेटर्स और मल्टी-सिस्टम ऑपरेटर्स (MSO) के खिलाफ मिलीं।
इसके अलावा न्यूज और नॉन-न्यूज ब्रॉडकास्टिंग कार्यक्रमों को लेकर 301 शिकायतें दर्ज की गईं। वहीं, फिल्मों से जुड़े कंटेंट पर 171 और प्रिंट मीडिया से संबंधित 61 शिकायतें मंत्रालय तक पहुंचीं।
मंत्रालय को मिलीं कुल 5,290 शिकायतें
मंत्रालय को साल 2025 में सभी तरह की कुल 5,290 शिकायतें मिली थीं। इनमें 1,032 शिकायतें दूसरे मंत्रालयों से जुड़े मामलों को लेकर थीं। वहीं, मीडिया से संबंधित शिकायतों की संख्या 1,600 से ज्यादा रही। यहां ध्यान देने वाली बात है कि ये आंकड़े मंत्रालय को मिली शिकायतों की संख्या बताते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि हर शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए या हर मामले में कार्रवाई हुई।
डिजिटल न्यूज और OTT के लिए तीन स्तरों पर शिकायत निवारण व्यवस्था
डिजिटल न्यूज और ओटीटी प्लेटफॉर्म से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए सरकार ने आईटी नियम, 2021 (Information Technology Rules, 2021) के तहत तीन स्तरों वाली व्यवस्था बनाई है।
इस व्यवस्था के तहत पहले स्तर पर संबंधित डिजिटल न्यूज पब्लिशर या ओटीटी प्लेटफॉर्म को खुद शिकायत का समाधान करना होता है। अगर शिकायतकर्ता इससे संतुष्ट नहीं होता है तो वह दूसरे स्तर पर संबंधित सेल्फ रेगुलेटरी बॉडी (SRB) के पास जा सकता है।
तीसरे स्तर पर केंद्र सरकार की निगरानी व्यवस्था है, जिसमें इंटर-डिपार्टमेंटल कमेटी (Inter-Departmental Committee) शामिल है। इस तरह शिकायतों के निपटारे में पहले संबंधित प्लेटफॉर्म और फिर स्व-नियामक संस्थाओं को मौका दिया जाता है। जरूरत पड़ने पर मामला सरकार के स्तर तक पहुंच सकता है।
मंत्रालय के पास 4,359 डिजिटल पब्लिशर्स का रिकॉर्ड
मंत्रालय की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, आईटी नियमों के तहत 4,359 पब्लिशर्स ने मंत्रालय को अपनी जानकारी दी थी। इनमें 66 ओटीटी पब्लिशर्स, 3,578 डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स (अलग से संचालित और यूट्यूब पर मौजूद न्यूज प्लेटफॉर्म), अखबारों के 618 डिजिटल संस्करण और टीवी चैनलों के 97 डिजिटल प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
मंत्रालय ने डिजिटल मीडिया और ओटीटी क्षेत्र के लिए कुल 11 सेल्फ रेगुलेटरी बॉडी को भी रजिस्टर किया है। इनमें नौ डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स और दो ओटीटी प्लेटफॉर्म से जुड़ी संस्थाएं हैं।
OTT प्लेटफॉर्म को कंटेंट में करना पड़ा बदलाव
रिपोर्ट में डिजिटल कंटेंट से जुड़ी शिकायतों के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर से किए गए कुछ बदलावों का भी जिक्र है।
इसके मुताबिक, अमेजन प्राइम वीडियो ने फिल्म 'KGF Chapter 2' के एक सीन में सुधार किया था। इसके अलावा 'Jurassic World' में भारत के नक्शे को दिखाने के तरीके में भी बदलाव किया गया था। वहीं, नेटफ्लिक्स ने कंटेंट को लेकर उठी आपत्तियों के बाद अपनी सीरीज 'History 101' से एक सीन हटा दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IAMAI) के तहत गठित डिजिटल पब्लिशर्स कंटेंट ग्रीवेंस काउंसिल (DPCGC) ने सितंबर 2021 से जनवरी 2026 के बीच 137 शिकायतों का निपटारा किया। इस काउंसिल की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अरजन कुमार सिकरी करते हैं।
OTT प्लेटफॉर्म को एज रेटिंग और शिकायत अधिकारी की जानकारी देने की सलाह
रिपोर्ट में एक ऐसे मामले का भी जिक्र है, जिसे शिकायत निवारण व्यवस्था के तीसरे स्तर यानी इंटर-डिपार्टमेंटल कमेटी के पास भेजा गया था।
कमेटी की सिफारिश के बाद संबंधित ओटीटी प्लेटफॉर्म को अपने विज्ञापनों में एज रेटिंग (Age Rating) और दर्शकों के लिए जरूरी सलाह (Consumer Advisory) शामिल करने की सलाह दी गई। खासतौर पर प्रिंट, टेलीविजन और रेडियो पर दिखाए जाने वाले विज्ञापनों के लिए ऐसा करने को कहा गया।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म को अपनी वेबसाइट और ऐप पर शिकायत अधिकारी (Grievance Officer) की जानकारी प्रमुखता से दिखाने की सलाह भी दी गई।
कुल मिलाकर, ये आंकड़े बताते हैं कि डिजिटल न्यूज और ओटीटी कंटेंट अब मीडिया से जुड़ी शिकायतों का सबसे बड़ा हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की निगरानी, शिकायतों का समय पर निपटारा और दर्शकों की चिंताओं को दूर करना इस क्षेत्र के लिए अहम होता जा रहा है।
अपग्रेड ने 'upGrad Next' की शुरुआत करते हुए चार वरिष्ठ अधिकारियों को मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया है। नई टीम में HR कंसल्टिंग, ऑर्गनाइजेशन डिजाइन और बिजनेस स्ट्रैटेजी के अनुभवी लीडर्स शामिल हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अपग्रेड (upGrad) ने चार वरिष्ठ अधिकारियों को मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) नियुक्त करते हुए ‘अपग्रेड नेक्स्ट’ (upGrad Next) की शुरुआत की है। नई लीडरशिप टीम में आनंदोरूप घोष, ऋषिकेश गोडबोले, कृष्णा चैतन्य मल्लादी और दिनकर पवन शामिल हैं। चारों अधिकारियों को एचआर कंसल्टिंग, ऑर्गनाइजेशन डिजाइन, बिजनेस स्ट्रैटेजी और लीडरशिप कंसल्टिंग के क्षेत्र में लंबा अनुभव है।
आनंदोरूप घोष (Anandorup Ghosh), जिन्हें एंडी के नाम से भी जाना जाता है, को एचआर और रिवॉर्ड्स कंसल्टिंग में 24 साल से अधिक का अनुभव है। upGrad Next से पहले वह डेलॉइट (Deloitte) में पार्टनर थे। इस दौरान उन्होंने भारत में कंपनी की रिवॉर्ड्स कंसल्टिंग प्रैक्टिस स्थापित की और उसका नेतृत्व किया। उन्होंने वैश्विक स्तर पर भी इस प्रैक्टिस की जिम्मेदारी संभाली।
ऋषिकेश गोडबोले (Rishikesh Godbole) को ईवाई (EY), जीई (GE) और गोदरेज (Godrej) जैसी कंपनियों में कंसल्टिंग और कॉर्पोरेट लीडरशिप का करीब दो दशक का अनुभव है। वह ईवाई में पार्टनर रह चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, मध्य पूर्व और यूरोप में कारोबारों को जटिल ऑर्गनाइजेशन डिजाइन से जुड़े मामलों में सलाह दी है।
कृष्णा चैतन्य (केसी) मल्लादी (Krishna Chaitanya Malladi) डेलॉइट की ह्यूमन कैपिटल कंसल्टिंग प्रैक्टिस में पार्टनर रह चुके हैं। उन्हें इस क्षेत्र में 17 साल का अनुभव है। उनका काम ऑर्गनाइजेशन डिजाइन, वर्कफोर्स प्रोडक्टिविटी और रिवॉर्ड्स से जुड़े मामलों पर केंद्रित रहा है। उन्होंने कंज्यूमर कंपनियों, नए डिजिटल कारोबारों और पारिवारिक व्यवसायों के साथ काम किया है।
दिनकर पवन (Dinkar Pavan) ने अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है। उनका करियर एचआर कंसल्टिंग, मैक्रोइकोनॉमिक रिसर्च और बिजनेस स्ट्रैटेजी से जुड़ा रहा है। डेलॉइट की ह्यूमन कैपिटल प्रैक्टिस में वह प्रमोटर्स, बोर्ड और कंपनियों की मुआवजा समितियों को लीडरशिप परफॉर्मेंस, रिवॉर्ड्स और कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े मामलों में सलाह देते रहे हैं।
डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म Firstpost ने अपनी एडिटोरियल टीम को मजबूत करते हुए वरिष्ठ पत्रकार स्नेहेश एलेक्स फिलिप को नई जिम्मेदारी सौंपी है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म Firstpost ने अपनी एडिटोरियल टीम को मजबूत करते हुए वरिष्ठ पत्रकार स्नेहेश एलेक्स फिलिप को नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें डिफेंस एंड डिप्लोमैटिक अफेयर्स का एडिटर नियुक्त किया गया है। पत्रकारिता में दो दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले स्नेहेश अब Firstpost में रक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा, कूटनीति और रणनीतिक मामलों से जुड़ी खबरों की कवरेज का नेतृत्व करेंगे।
स्नेहेश की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा तैयारियों, बदलते वैश्विक समीकरणों और दूसरे देशों के साथ रणनीतिक संबंधों से जुड़े मुद्दे काफी अहम हो गए हैं। उनकी जिम्मेदारी में भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा निर्माण और दुनिया की बड़ी ताकतों के साथ भारत के रिश्तों जैसे विषयों की कवरेज शामिल होगी।
Firstpost से पहले स्नेहेश ThePrint में एडिटर – डिफेंस एंड डिप्लोमैसी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वहां करीब आठ साल तक रक्षा और विदेश नीति से जुड़ी खबरों की कवरेज का नेतृत्व किया। इससे पहले वह प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) के पाकिस्तान संवाददाता भी रह चुके हैं। वह पाकिस्तान में नियुक्त होने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय पत्रकार बने थे।
अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने भारत की सैन्य और कूटनीतिक गतिविधियों, रक्षा आधुनिकीकरण कार्यक्रमों, स्वदेशी रक्षा निर्माण और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी उभरती चुनौतियों को कवर किया है। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका, चीन, रूस, फ्रांस और यूरोप के दूसरे देशों के साथ भारत के बदलते रणनीतिक संबंधों पर भी रिपोर्टिंग की है।
Firstpost के चीफ कंटेंट ऑफिसर बिनॉय प्रभाकर ने इस नियुक्ति पर कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में भारत की स्थिति को समझने के लिए रक्षा, कूटनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे बेहद महत्वपूर्ण हैं। स्नेहेश का दो दशक से ज्यादा का अनुभव और इन विषयों की गहरी समझ Firstpost की कवरेज को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि स्नेहेश की रिपोर्टिंग से पाठकों को भारत और दुनिया को प्रभावित करने वाले अहम मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।
माइक्रो-ड्रामा प्लेटफॉर्म रिगी ने गूगल को अपना निवेशक घोषित किया है। कंपनी भारत में बिना सब्सक्रिप्शन के मनोरंजन उपलब्ध कराने और विज्ञापन आधारित कारोबार का विस्तार करना चाहती है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
माइक्रो-ड्रामा प्लेटफॉर्म रिगी (Rigi) ने गूगल (Google) को अपना निवेशक घोषित किया है। कंपनी भारत में अपने फ्री-टू-वॉच एंटरटेनमेंट ऑफरिंग का विस्तार करने की तैयारी कर रही है। इस प्लेटफॉर्म पर यूजर्स बिना पेड सब्सक्रिप्शन के माइक्रो-ड्रामा देख सकेंगे।
रिगी का बिजनेस मॉडल विज्ञापन आधारित है। कंपनी का लक्ष्य छोटे एपिसोड वाले मनोरंजन कंटेंट के जरिए देशभर के दर्शकों तक पहुंचना है। इसके लिए यूजर्स को किसी तरह की सब्सक्रिप्शन फीस नहीं देनी होगी।
कंपनी का मानना है कि छोटे एपिसोड और बार-बार कंटेंट देखने की आदत माइक्रो-ड्रामा को बड़े विज्ञापन आधारित एंटरटेनमेंट बिजनेस में बदल सकती है। रिगी खास तौर पर भारत के बड़े मास-मार्केट दर्शक वर्ग को ध्यान में रखकर इस मॉडल को आगे बढ़ाना चाहता है।
रिगी के मुताबिक, उसका मॉडल अलग-अलग आय वर्ग और भौगोलिक क्षेत्रों के दर्शकों तक डिजिटल मनोरंजन की पहुंच आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है। कंपनी बिना सब्सक्रिप्शन शुल्क के कंटेंट उपलब्ध कराकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ना चाहती है।
हालांकि, गूगल के निवेश की रकम और इससे जुड़ी वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है।
डिजिटल मार्केटिंग कंपनी Yaap Digital ने अपने IPO से जुटाई गई रकम में से अब तक 62.21 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर लिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
डिजिटल मार्केटिंग कंपनी Yaap Digital ने अपने IPO से जुटाई गई रकम में से अब तक 62.21 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर लिया है। कंपनी ने साफ किया है कि IPO से मिले फंड के इस्तेमाल में तय योजना के मुकाबले कोई बदलाव या गड़बड़ी नहीं हुई है। कंपनी ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही के लिए शेयर बाजार को फंड के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी दी है।
कंपनी ने 12 नवंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को दी गई जानकारी में बताया कि उसने मार्च 2026 में पब्लिक इश्यू के जरिए 55.25 लाख इक्विटी शेयर जारी कर कुल 80.11 करोड़ रुपये जुटाए थे। इन शेयरों का इश्यू प्राइस 145 रुपये प्रति शेयर था, जिसमें 10 रुपये की फेस वैल्यू और 135 रुपये का प्रीमियम शामिल था।
IPO से जुटाई गई कुल रकम में से इश्यू से जुड़े खर्च घटाने के बाद कंपनी के पास इस्तेमाल के लिए 68.77 करोड़ रुपये उपलब्ध थे।
कहां खर्च किए IPO के पैसे?
कंपनी ने IPO से मिली रकम को चार प्रमुख कामों के लिए इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी। इसमें GoZoop Online Private Limited के प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए भुगतान, AI आधारित शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट प्रोडक्शन हब की स्थापना, वर्किंग कैपिटल की जरूरतें और दूसरी कंपनियों के अधिग्रहण के साथ सामान्य कारोबारी जरूरतें शामिल थीं।
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, GoZoop के प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए तय 34 करोड़ रुपये का पूरा इस्तेमाल कर लिया गया है।
वहीं, AI आधारित शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट प्रोडक्शन हब (ACP Hub) की स्थापना के लिए 4.01 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, लेकिन 30 सितंबर 2026 तक इस मद में कोई रकम खर्च नहीं की गई थी।
इसके अलावा, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए तय 16 करोड़ रुपये में से 14.66 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं, अज्ञात अधिग्रहण और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए रखे गए 14.77 करोड़ रुपये में से करीब 13.55 करोड़ रुपये का इस्तेमाल किया गया है।
फंड के इस्तेमाल में नहीं हुआ कोई बदलाव
कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि IPO से जुटाई गई रकम के इस्तेमाल को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके साथ ही फंड के इस्तेमाल में किसी तरह का विचलन या अंतर भी दर्ज नहीं किया गया है।
इस फंड के इस्तेमाल पर क्रिसिल रेटिंग्स लिमिटेड (Crisil Ratings Limited) निगरानी एजेंसी के तौर पर काम कर रही है। कंपनी ने यह जानकारी SEBI के ICDR Regulations, 2018 और Listing Obligations and Disclosure Requirements (LODR) Regulations, 2015 के तहत दी है।
कुल मिलाकर, Yaap Digital ने IPO से खर्च के बाद उपलब्ध 68.77 करोड़ रुपये में से 62.21 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर लिया है। यानी करीब 6.56 करोड़ रुपये अभी इस्तेमाल किए जाने बाकी हैं।
अक्षय चौधरी को डब्ल्यूपीपी मीडिया में प्रमोट कर एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक बनाया गया है। इससे पहले वह कंपनी में एसोसिएट डायरेक्टर थे और मई 2025 से कंपनी के साथ जुड़े हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अक्षय चौधरी को डब्ल्यूपीपी मीडिया (WPP Media) में प्रमोट कर एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक (Associate Vice President – Programmatic) की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
चौधरी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैंने डब्ल्यूपीपी मीडिया में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। इस सफर में लगातार मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग देने के लिए मैं अपने सभी मेंटर्स और सहकर्मियों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। आगे आने वाली नई चुनौतियों और अवसरों को लेकर उत्साहित हूं।”
इससे पहले अक्षय चौधरी डब्ल्यूपीपी मीडिया में एसोसिएट डायरेक्टर – प्रोग्रामेटिक (Associate Director – Programmatic) के पद पर कार्यरत थे। वह मई 2025 से कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं। डब्ल्यूपीपी मीडिया में शामिल होने से पहले चौधरी एफिनिटीएक्स (AffinityX) के साथ काम कर चुके हैं।