होम / डिजिटल / ‘न्यूज9 प्लस’ के खुलासे से घबराया पाकिस्तान, ट्विटर से भी नहीं मिली राहत
‘न्यूज9 प्लस’ के खुलासे से घबराया पाकिस्तान, ट्विटर से भी नहीं मिली राहत
टीवी9 नेटवर्क के ओटीटी न्यूज सर्विस प्लेटफॉर्म ‘न्यूज 9 प्लस’ ने अपनी डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘बलूचिस्तान: बांग्लादेश 2.0’ के जरिए पाकिस्तान में खलबली मचा रखी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
टीवी9 नेटवर्क के ओटीटी न्यूज सर्विस प्लेटफॉर्म ‘न्यूज 9 प्लस’ (News9 Plus) ने अपनी डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘बलूचिस्तान: बांग्लादेश 2.0’ के जरिए पाकिस्तान में खलबली मचा रखी है। इसके चलते ही पाकिस्तान सरकार ‘न्यूज9 प्लस’ द्वारा निर्मित 'बलूचिस्तान: बांग्लादेश 2.0' डॉक्यूमेंट्री सीरीज की स्ट्रीमिंग को ब्लॉक करने की कोशिश में है, लिहाजा इसके लिए उसने ट्विटर का सहारा लिया है। पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान में मानवाधिकारों के उल्लंघन को लेकर किए ‘न्यूज9 प्लस’ के खुलासे को लेकर ट्विटर से शिकायत की है।
पाकिस्तान टेलीकम्युनिकेशन अथॉरिटी (पीटीए) ने 25 दिसंबर, 2022 को 'बलूचिस्तान: बांग्लादेश 2.0' डॉक्यूमेंट्री सीरीज पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री की स्टोरी ने कथित तौर पर पाकिस्तान के कानूनों का उल्लंघन किया है।
पाकिस्तान की इस आपत्ति पर ट्विटर ने 5 फरवरी को ‘न्यूज9 प्लस’ के एग्जिक्यूटिव एडिटर आदित्य राज कौल से संपर्क किया। कौल इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज के डायरेक्टर हैं, जिसके लिए ‘न्यूज9 प्लस’ की एक यूनिट ने पाकिस्तानी सेना और फ्रंटियर कॉर्प्स की बाधाओं का सामना किया और इससे पार पाते हुए बलूचिस्तान में यात्रा की।
दो पार्ट में बनी इस सीरीज ने बलूचिस्तान में हुए मानवाधिकारों के हनन को पूरी दुनिया के सामने ला दिया है। सामरिक विशेषज्ञों और भू-राजनीतिक पर्यवेक्षकों ने इस अशांत प्रांत को दूसरा ‘बांग्लादेश’ करार दिया है।
प्रांत में चीन की निवेश योजनाओं को लेकर बलूच विद्रोहियों के गुस्से के कारण भी हिंसा में बढ़ोतरी को जिम्मेदार ठहराया गया है। बीजिंग अपने चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) में लगातार निवेश कर रहा है, जो प्रांत से होकर गुजरेगा। लिहाजा इसे लेकर बलूचिस्तान की नाराजगी चीन के स्थानीय लोगों पर बढ़ी है। इसी के चलते पिछले कुछ वर्षों में चीनी नागरिकों के खिलाफ हिंसक हमलों में वृद्धि भी दर्ज की गई है।
आदित्य राज कौल ने कहा कि हम पाकिस्तान सेना और आईएसआई द्वारा बलूच लोगों के मानवाधिकारों के दुरुपयोग और उत्पीड़न की जांच कर रहे हैं। डॉक्यूमेंट्री को लेकर रिपोर्ट करते समय हमने इस प्रांत के कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और आम लोगों से बात की, जो भयावय हिंसा के प्रत्यक्ष साक्ष्य एकत्रित कर रहे थे, जिसे एक आभासी चीनी उपनिवेश में बदल दिया गया है। हमारी बलूचिस्तान सीरीज पर पाकिस्तान की आपत्ति अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है और केवल उन सवालों की पुष्टि करती है जो हमने उठाए हैं।
ट्विटर ने ‘न्यूज9 प्लस’ की डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने और सोशल मीडिया पर पत्रकारिता की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बरकरार रखने के पाकिस्तान सरकार के अनुरोध को खारिज कर दिया है।
बता दें कि अक्टूबर 2022 में, पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (FIA) ने मुंबई 26/11 के मास्टरमाइंड साजिद मीर पर ‘न्यूज9 प्लस’ की स्टोरी 'इंटरकॉन्टिनेंटल टेररिस्ट' (Intercontinental Terrorist) के लिए आदित्य राज कौल सहित सोशल मीडिया की आवाजों और पत्रकारों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एक टीम का गठन किया। विश्व मीडिया को चुप कराने, तथ्यों को छिपाने और बलूचिस्तान को वैश्विक मीडिया की चकाचौंध से दूर रखने की पाकिस्तान की कोशिशें उसकी हताशा को ही साबित करती हैं।
टैग्स पाकिस्तान न्यूज9 प्लस बलूचिस्तान: बांग्लादेश 2.0