होम / डिजिटल / अब इस मीडिया संस्थान से जुड़ीं पत्रकार कुमुद अहलावत, मिली डिजिटल की कमान
अब इस मीडिया संस्थान से जुड़ीं पत्रकार कुमुद अहलावत, मिली डिजिटल की कमान
समाचार4मीडिया से बातचीत में कुमुद अहलावत ने बताया कि ‘जनतंत्र टीवी’ में जिम्मेदारी निभाने के साथ ही वह अपना मीडिया वेंचर भी संभालती
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
टीवी पत्रकार कुमुद अहलावत ने अब हिंदी न्यूज चैनल ‘जनतंत्र टीवी’ (Jantantra TV) के साथ मीडिया में अपनी नई पारी का आगाज किया है। उन्होंने इस चैनल की डिजिटल टीम में बतौर एडिटर जॉइन किया है।
कुमुद अहलावत इससे पहले ‘लल्लनटॉप’ (Lallantop) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही थीं, जहां से उन्होंने इसी साल मई में इस्तीफा देकर अपना मीडिया वेंचर शुरू किया था। समाचार4मीडिया से बातचीत में कुमुद अहलावत ने बताया कि ‘जनतंत्र टीवी’ में जिम्मेदारी निभाने के साथ ही वह अपने वेंचर का कामकाज भी संभालती रहेंगी।
कुमुद अहलावत को लगभग दो दशक तक देश के कई बड़े न्यूज नेटवर्क्स के साथ काम करने का अनुभव है। वर्ष 2007 से टीवी न्यूज़ इंडस्ट्री में सक्रिय कुमुद ने ‘जी न्यूज’ (Zee News), ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ (Times Now Navbharat) और ‘आजतक’ (AajTak) जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
कुमुद अहलावत का सबसे लंबा और निर्णायक कार्यकाल ‘Zee News’ में रहा, जहां उन्होंने ट्रेनी से लेकर प्रोडक्शन हेड तक का सफर तय किया। ‘Zee’ की अपनी पारी के दौरान कुमुद ने वरिष्ठ टीवी संपादक सुधीर चौधरी के साथ ‘DNA’ जैसे शो का प्रोडक्शन संभाला। ‘DNA’ उस समय का सबसे चर्चित प्राइम टाइम शो रहा, जिसने राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा 'RJ रौनक का शो' और 'भाई vs भाई' (पूनावाला भाइयों की डिबेट सीरीज) जैसे फॉर्मेट भी इन्हीं के निर्देशन में तैयार हुए। ‘Zee’ के बाद इन्होंने ‘Times Now Navbharat’ में करीब 13 महीने काम किया, जहां 'सवाल पब्लिक का' जैसे डिबेट शो के प्रोडक्शन को संभाला, जो वरिष्ठ पत्रकार नाविका कुमार द्वारा होस्ट किया जाता था।
‘टाइम्स नेटवर्क’ के बाद कुमुद ने ‘आजतक’ जॉइन किया और सुधीर चौधरी के साथ दोबारा काम करते हुए प्राइम टाइम शो 'Black and White' की पूरी प्रोडक्शन जिम्मेदारी संभाली। कुमुद वर्ष 2024 में ‘Lallantop’ से जुड़ीं, जहां उन्होंने न केवल कंटेंट और शो का प्रोडक्शन लीड किया, बल्कि एंकरिंग से लेकर शिफ्ट लीड और इनपुट आउटपुट तालमेल तक की पूरी जिम्मेदारी निभाई। डिजिटल मीडिया में इस अनुभव ने उनके विज़न को और स्पष्ट किया। यहां से मई में उन्होंने बाय बोल दिया था और तब से अपने मीडिया वेंचर पर फोकस कर रही थीं।
समाचार4मीडिया की ओर से कुमुद अहलावत को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स