होम / एडमिशन-जॉब्स / अब इस विश्वविद्यालय से भी पत्रकारिता का कोर्स कर सकेंगे विद्यार्थी
अब इस विश्वविद्यालय से भी पत्रकारिता का कोर्स कर सकेंगे विद्यार्थी
कुलपति ने किया जर्नलिज्म और मीडिया स्टडीज डिपार्टमेंट का उद्घाटन। अभी तक ऑनलाइन कक्षाएं लग रही हैं, एक मार्च से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
पत्रकारिता का कोर्स करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह काफी अच्छी खबर है। दरअसर, पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए जम्मू विश्वविद्यालय ने जर्नलिज्म व मीडिया स्टडीज विभाग शुरू किया है। विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. मनोज धर ने शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में इस विभाग का उद्धाटन किया।
इस विभाग को जम्मू के लोगों को समर्पित करते हुए उनका कहना था कि जम्मू संभाग के लोगों की लंबित मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि इस विभाग में मौजूदा समय में पत्रकारिता के हो रहे विस्तार, इंटरनेट मीडिया, प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया में तकनीक के इस्तेमाल व तमाम आधुनिक पहलुओं को ध्यान में रखकर ढांचागत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। पत्रकारिता के कोर्स में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं होगी बल्कि देश के अनुभवी पत्रकारों के लेक्चर्स के साथ-साथ कार्यशालाएं व सेमीनार भी आयोजित करवाए जाएंगे।
प्रो. धर ने कहा कि विभाग में सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज भी स्थापित किया जाएगा। इसमें हिस्ट्री सैल, भाषा लैब, सामुदायिक रेडियो स्टेशन बनाए जा रहे हैं। ये सारी चीजें अंतिम चरण में हैं। विभाग स्थापित करने में सहयोग के लिए उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का आभार जताया।
विभाग के को-आर्डिनेटर डा. विनय ठुस्सु के अनुसार, विभाग ने इस साल से कार्य करना शुरू कर दिया है। दो साल की मास्टर डिग्री शुरू की गई है। पहले बैच में 15 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। अभी तक ऑनलाइन कक्षाएं लग रही है। एक मार्च से जम्मू विश्वविद्यालय में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएगी। आने वाले समय में कोर्स बढ़ाए जाएंगे। यह पहला एकेडमिक सेशन है।
टैग्स जम्मू विश्वविद्यालय जम्मू यूनिवर्सिटी पत्रकारिता पाठ्यक्रम जर्नलिज्म व मीडिया स्टडीज विभाग प्रो मनोज धर