विश्व समाचार दिवस: बदलते मीडिया दौर में खबरों के भरोसे की सबसे बड़ी चुनौती

विश्व समाचार दिवस ऐसा मौका है, जब हमें न्यूज मीडिया की भूमिका और उसकी जिम्मेदारियों पर रुककर सोचने का मौका मिलता है। खासकर ऐसे समय में, जब यह साल कई मायनों में बेहद मुश्किल रहा है।

Last Modified:
Monday, 28 September, 2026
WorldNewsDay5421


चिंतामणि राव, स्ट्रैटजिक मार्केटिंग व मीडिया एडवाइजर ।।

विश्व समाचार दिवस ऐसा मौका है, जब हमें न्यूज मीडिया की भूमिका और उसकी जिम्मेदारियों पर रुककर सोचने का मौका मिलता है। खासकर ऐसे समय में, जब यह साल कई मायनों में बेहद मुश्किल रहा है।

जब मैंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तब न्यूज मीडिया का मतलब अखबार, कुछ न्यूज मैगजीन और ऑल इंडिया रेडियो (AIR) हुआ करता था। महीने में एक या दो बार फिल्म देखने जाते थे तो वहां भारत सरकार के फिल्म्स डिवीजन की बनाई न्यूजरील दिखाई जाती थी। बस, खबरों के लिए यही माध्यम थे। दूरदर्शन तब एक ही चैनल था, जो शाम को प्रसारण शुरू करता था। दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो दोनों सामान्य कंटेंट वाले ब्रॉडकास्टर थे, जिनमें न्यूज बुलेटिन भी आते थे। 1982 में एशियन गेम्स के साथ कलर टीवी भारत में आया।

मई 1991 में राजीव गांधी की हत्या हुई। यह घटना रात करीब 10 बजे के बाद हुई थी। मैं यात्रा कर रहा था और मद्रास में था, जहां से घटनास्थल करीब 40 किलोमीटर दूर था। मेरी पत्नी, जो उस समय बेंगलुरु में घर पर थीं, उन्होंने मुझे फोन करके यह खबर बताई। वह द हिंदू के लिए लिखती थीं और वहां से किसी ने उन्हें फोन करके घटना की जानकारी दी थी। उस समय दूरदर्शन रात 10 बजे अपना प्रसारण बंद कर देता था, जैसा वह हर रात करता था। इसलिए अगली सुबह तक कोई खबर नहीं थी। उस समय खबरें इसी तरह मिलती थीं।

1980 के दशक के आखिर में हमें हॉन्गकॉन्ग के एक कारोबारी की एक ऐसी योजना के बारे में सुनने को मिला, जो उस समय किसी पागलपन भरे आइडिया जैसी लगती थी। योजना थी सैटेलाइट के जरिए टीवी प्रसारित करने की, ताकि पूरे एशिया में एक ही समय पर एक ही कार्यक्रम देखा जा सके।

कराची से कुआलालंपुर और हैदराबाद से हॉन्गकॉन्ग तक लोग एक ही समय पर एक ही चीज देख सकते थे। यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लगता था। इसी से स्टार टीवी की शुरुआत हुई। शायद आज बहुत से लोग यह भी नहीं जानते कि STAR यानी Satellite Television Asian Region का संक्षिप्त रूप था और आज हम यहां हैं, जहां टीवी पर 24x7 न्यूज उपलब्ध है। भारत में अलग-अलग भाषाओं में करीब 400 न्यूज चैनल हैं और कई भाषाओं में अंतरराष्ट्रीय चैनलों तक भी पहुंच है।

ऑनलाइन दुनिया में टीवी और प्रिंट के बीच का फर्क भी काफी हद तक खत्म हो गया है। लगभग सभी न्यूज संस्थान वीडियो और टेक्स्ट, दोनों तरह का कंटेंट दे रहे हैं। और सबसे बड़ी बात यह है कि आज हम सभी के पास 24 घंटे खबरों की पहुंच अपने मोबाइल फोन में है।

विज्ञापन पर निर्भरता अब भी कायम

एक चीज जो नहीं बदली है, वह है विज्ञापन से होने वाली कमाई पर मीडिया की निर्भरता। कुछ अपवादों को छोड़ दें तो न्यूज ही नहीं, मीडिया की लगभग सभी कैटेगरी अब भी विज्ञापन से कमाई पर निर्भर हैं। लेकिन पारंपरिक मीडिया यानी प्रिंट और ब्रॉडकास्ट मॉडल का विज्ञापन कारोबार डिजिटल की तरफ जा रहा है। अलग-अलग विश्लेषकों के आंकड़े अलग हैं, लेकिन यह कहना सुरक्षित है कि दुनियाभर में करीब 70 फीसदी विज्ञापन खर्च डिजिटल पर जा रहा है। भारत में यह हिस्सा करीब 60 से 65 फीसदी है।

हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म खूब पैसा कमा रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक, दुनियाभर के डिजिटल विज्ञापन राजस्व का करीब 70 फीसदी MAANG कंपनियों यानी Meta, Amazon, Apple, Netflix और Google के पास जाता है। यह वैश्विक कुल विज्ञापन राजस्व का करीब 56 फीसदी बताया जाता है। ऐसे में बाकी 30 फीसदी डिजिटल विज्ञापन राजस्व के लिए लाखों दूसरी डिजिटल कंपनियां और प्लेटफॉर्म हैं।

न्यूज के मामले में सबसे ज्यादा पहुंच किसकी?

Reuters Institute for the Study of Journalism हर साल Digital News Report जारी करता है। यह रिपोर्ट अब अपने 10वें साल में है। इस साल की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में पहली बार सोशल मीडिया और वीडियो नेटवर्क का इस्तेमाल दुनियाभर में खबरों के लिए दूसरे न्यूज सोर्स से आगे निकल गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 के बाद से टीवी न्यूज और न्यूज संस्थानों की वेबसाइटों और ऐप्स के इस्तेमाल में गिरावट आई है। टीवी के न्यूज सोर्स के रूप में कमजोर होने की बात मीडिया इंडस्ट्री में काफी समय से चर्चा में है। लेकिन न्यूज वेबसाइट और ऐप्स के इस्तेमाल में भी हाल के वर्षों में लगभग इसी तरह की गिरावट आई है। यानी डिजिटल दुनिया में खबरों को सबसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का काम न्यूज संस्थानों की वेबसाइट और ऐप नहीं, बल्कि सोशल मीडिया और वीडियो नेटवर्क कर रहे हैं। मेरे अपने प्रोफेशनल जीवन में खबरों के प्रसार और उनकी उपलब्धता में यह बदलाव वाकई काफी बड़ा है।

सबसे बड़ी चुनौती है भरोसा

आज न्यूज की दुनिया में सबसे बड़ा सवाल भरोसे का है। पहले अगर आपने टीवी पर खबर देखी, रेडियो पर सुनी या अखबार में पढ़ी, तो आप उस पर विश्वास कर लेते थे। सरकारी मीडिया, यानी दूरदर्शन और रेडियो भी कुछ खबरों को ज्यादा दिखा सकते थे और कुछ को नजरअंदाज या कम दिखा सकते थे, लेकिन वे जानबूझकर गलत खबर नहीं देते थे या लोगों को गुमराह नहीं करते थे। आज हमारे पास 24 घंटे, हर समय सैकड़ों न्यूज सोर्स मौजूद हैं। लेकिन समस्या यह है कि हमें पता नहीं होता कि इनमें से किस पर भरोसा किया जाए।

पिछले कुछ वर्षों में ‘फेक न्यूज’ शब्द हमारी आम भाषा का हिस्सा बन गया है। दूसरी तरफ, ‘मेनस्ट्रीम मीडिया’ शब्द भी कई बार आलोचना के तौर पर इस्तेमाल होने लगा है। हम सभी को व्हाट्सऐप पर ऐसे मैसेज मिलते हैं जिनमें लिखा होता है कि ‘जो मेनस्ट्रीम मीडिया आपको नहीं बताएगा...’। यह भरोसे की कमी और सामाजिक ध्रुवीकरण सिर्फ भारत की समस्या नहीं है, बल्कि दुनियाभर में दिखाई देती है।

मैंने इसके लिए Edelman Trust Barometer की ओर देखा। इस साल यह सर्वे 28 देशों में 34,000 लोगों के बीच किया गया। 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 देशों में 70 फीसदी लोग ऐसे व्यक्ति पर भरोसा करने को लेकर हिचकिचाते हैं या भरोसा नहीं करना चाहते, जिसकी वैल्यू, सूचना के स्रोत, सामाजिक समस्याओं को देखने का नजरिया या पृष्ठभूमि उनसे अलग हो। यह स्थिति अलग-अलग आय वर्ग, जेंडर, उम्र और विकसित व विकासशील बाजारों में देखने को मिलती है। यानी जिस दुनिया में हम पहले से कहीं ज्यादा जुड़े हुए हैं और जहां हर तरफ बहुत ज्यादा जानकारी उपलब्ध है, उसी दुनिया में हम एक-दूसरे को लेकर ज्यादा शक करने लगे हैं और अपने-अपने दायरे में सिमटते जा रहे हैं।

Reuters Institute भी न्यूज में भरोसे के कम होने की बात करता है। उसके मुताबिक, दुनियाभर में न्यूज पर भरोसा कम हुआ है। इसका एक कारण न्यूज इंडस्ट्री से बाहर की चिंताएं भी हैं। संस्थानों और नेताओं पर भरोसा भी कम हो रहा है और पत्रकारिता पर हाई-प्रोफाइल राजनेताओं की तरफ से सीधे हमले भी हो रहे हैं।

फिर भी उम्मीद बाकी है

लेकिन तस्वीर पूरी तरह निराशाजनक नहीं है। रॉयटर्स के मुताबिक, इन दबावों के बावजूद सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ व्यक्तिगत न्यूज ब्रांड्स पर भरोसा, कुल न्यूज पर भरोसे के मुकाबले बेहतर बना हुआ है। लोगों में चिंता, न्यूज से दूरी और निराशा जरूर है, लेकिन वे नए सोर्स और नए फॉर्मेट को अपनाने के लिए तैयार भी हैं। साथ ही, लोगों का यह भरोसा अब भी बना हुआ है कि अच्छी पत्रकारिता क्या कर सकती है।

राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक बदलावों के इस दौर में भी न्यूज के मूल सिद्धांत महत्वपूर्ण बने हुए हैं। कई देशों में लोगों की राय अलग-अलग दिशाओं में बंट रही है, लेकिन निष्पक्षता जैसे सिद्धांतों के लिए समर्थन अब भी मौजूद है, भले ही लोग अपने मौजूदा न्यूज अनुभव से पूरी तरह संतुष्ट न हों।

इसलिए इतनी चिंता और असुरक्षा के बावजूद, संस्थानों पर भरोसे में गिरावट और खबरों को लेकर असंतोष के बीच भी लोगों ने व्यक्तिगत न्यूज ब्रांड्स पर अपना भरोसा पूरी तरह नहीं खोया है। उन्हें अब भी विश्वास है कि अच्छी पत्रकारिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस भरोसे को बनाना, कायम रखना और मजबूत करना ही न्यूज ब्रांड्स चलाने वालों का सबसे बड़ा काम होना चाहिए।

न्यूज टीवी में सबसे जरूरी है तुरंत खबर देना

न्यूज टीवी की सबसे बड़ी ताकत तुरंत खबर पहुंचाना है। प्रभावी न्यूज टीवी हमें सीधे घटनास्थल तक ले जाता है। हम खुद देख सकते हैं कि वहां क्या हो रहा है और मौके पर मौजूद लोगों से सीधे सुन सकते हैं। यह घटनास्थल पर मौजूद होने के सबसे करीब का अनुभव है।

1991 का गल्फ वॉर एक कम चर्चित न्यूज चैनल CNN के लिए बड़ा मोड़ साबित हुआ। युद्ध की उसकी लाइव कवरेज ने टीवी न्यूज को हमेशा के लिए बदल दिया। Bernard Shaw, John Holliman और Peter Arnett की रियल-टाइम रिपोर्टिंग ने CNN को एक छोटे केबल चैनल से ग्लोबल न्यूज लीडर बना दिया। लेकिन आज हमारे टीवी न्यूज चैनलों में वह तुरंत खबर देने वाली ताकत कहां है?

जब मैं न्यूज देखता हूं तो कई बार सोचता हूं कि रिपोर्टर कहां हैं। ज्यादातर समय स्क्रीन पर स्टूडियो में बैठे कई लोग दिखाई देते हैं और अक्सर उनके बीच बहस या शोर होता रहता है। अगर न्यूज में घटनास्थल की तत्काल जानकारी ही नहीं है, तो फिर हमें 24 घंटे चलने वाले न्यूज चैनलों की जरूरत क्यों है? इसका मतलब यह नहीं है कि न्यूज शो में सिर्फ रिपोर्टर ही होने चाहिए। बात सिर्फ इतनी है कि बहस से पहले खबर दीजिए।

तकनीक खरीदी जा सकती है, भरोसा नहीं

एक न्यूज चैनल को दूसरे से अलग करने वाली सबसे बड़ी चीज वहां काम करने वाले लोग और उनकी पत्रकारिता है। इसमें पत्रकारिता की गुणवत्ता, संपादकीय फैसलों की ईमानदारी और समय के साथ हासिल किया गया भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है।

टेक्नोलॉजी खरीदी जा सकती है। स्टूडियो बनाए जा सकते हैं। ग्राफिक्स बदले जा सकते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कई कामों को तेज और सस्ता बना सकता है। लेकिन विश्वसनीयता बनाई नहीं जा सकती। इसे एक-एक खबर के साथ हासिल करना पड़ता है। और हर दिन इसकी रक्षा करनी पड़ती है। इसलिए न्यूज मीडिया के सामने चुनौती सिर्फ नई टेक्नोलॉजी या नए बिजनेस मॉडल को अपनाने की नहीं है। असली चुनौती उन मूल्यों को फिर से मजबूत करने की है, जो पत्रकारिता की ईमानदारी को परिभाषित करते हैं।

रफ्तार से पहले सटीकता, खबर फैलाने से पहले पुष्टि, राय से पहले रिपोर्टिंग और पक्षपात से पहले निष्पक्षता। दर्शक बदल गए हैं और प्लेटफॉर्म भी बदल गए हैं, लेकिन इंसानी स्वभाव नहीं बदला है। लोग आज भी जानना चाहते हैं कि क्या हो रहा है, खासकर ऐसे मुश्किल समय में। वे जानना चाहते हैं कि यह क्यों महत्वपूर्ण है, इसका उन पर क्या असर होगा और वे किस पर भरोसा कर सकते हैं। ऐसे दौर में, जब जानकारी की कोई सीमा नहीं है, भरोसा सबसे दुर्लभ चीज बन गया है।

न्यूज का भविष्य न तो सिर्फ एल्गोरिदम तय करेंगे और न ही यह कि कौन सबसे ज्यादा जोर से बोलता है। भविष्य उन लोगों का होगा जो हर दिन अपने दर्शकों और पाठकों को यह भरोसा दिला सकें कि वे उन पर विश्वास करने के लायक हैं। यह एक बड़ी चुनौती है, लेकिन इसके साथ एक बड़ा मौका भी है। जो न्यूज ब्रांड भरोसा बनाने और उसे कायम रखने में सफल होंगे, वे सिर्फ इस बदलाव के दौर से गुजरेंगे नहीं, बल्कि आने वाले समय में पहले से ज्यादा मजबूत और महत्वपूर्ण बनकर उभर सकते हैं।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

‘आज की पत्रकारिता के लिए तीन बड़ी चुनौतियां हैं- प्रेशर, ट्रोलिंग और फेक न्यूज’

राष्ट्रीय प्रेस दिवस सिर्फ़ उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर ध्यान देने का मौका है। तेज़ी, ट्रोलिंग और डिजिटल शोर के बीच सच को उजागर रखना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
Shamsher Singh ..

शमशेर सिंह, मैनेजिंग एडिटर, टाइम्स नाउ नवभारत ।।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस (16 नवंबर) सिर्फ़ पेशे का उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर ध्यान देने का मौका है। तेज़ी, ट्रोलिंग और डिजिटल शोर के बीच सच को उजागर रखना अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।

प्रेशर, ट्रोलिंग और फेक न्यूज़। ये तीन चुनौतियां हैं आज की पत्रकारिता के लिए। यह दिन हमारे पेशे का उत्सव भर नहीं, एक याद दिलाने वाला मौका भी है कि पत्रकारिता अभी भी लोकतंत्र की रीढ़ है। याद रखिए इन सबके बीच हमे सोशल मीडिया के तूफ़ान से भी बचना है।

न्यूज़ रूम में सबसे पहले, सबसे तेज के साथ अब वायरल करो की भी रेस है। लेकिन असली पत्रकार वही जो इस शोर में भी सच को सामने रखे।

अब हर खबर के पीछे एक डिजिटल भीड़ खड़ी है- गाली, तंज, निजी हमले। ये तोड़ने आते हैं, रोकने आते हैं। पर हमारा जवाब बहस नहीं, तथ्य और सच्चाई होनी चाहिए।

फेक न्यूज़ अब हथियार नहीं, पूरी फैक्ट्री है। डीपफेक से लेकर पुराने वीडियो तक। सच को धुंधली करने की ये कोशिशें ही पत्रकार की जिम्मेदारी को और भारी बनाती हैं- तथ्य छांटने, संदर्भ साफ़ करने और झूठ की परतें उघाड़ने की जिम्मेदारी।

लोकतंत्र की रीढ़ पर रोजाना चोट पड़ती है, पर सच की मशाल अभी भी जल रही है। हमारा काम वही है- दबाव में न झुकना, ट्रोलिंग में न टूटना, और झूठ के अंधेरे में रोशनी कम न होने देना।

दबाव, ट्रोलिंग और फेक न्यूज के बीच भी सच की मशाल थामे रहना ही आज की पत्रकारिता की असली पहचान है। यह दिन याद दिलाता है कि लोकतंत्र की रीढ़ तब मजबूत रहती है जब पत्रकार बिना डर और झुकाव के अपने काम पर कायम रहते हैं।

(यह लेखक के निजी विचार हैं।)

 

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

'ट्रेनिंग जैसा कॉन्सेप्ट खत्म हो गया, प्रेस जब चुपके से मीडिया हो गया'

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार ने अपनी फेसबुक पोस्ट के जरिए पत्रकारिता से जुड़े अपने पुराने अनुभवों और बदलते दौर की तस्वीर पेश की है।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
ManojKumar5421

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार ने अपनी फेसबुक पोस्ट के जरिए पत्रकारिता से जुड़े अपने पुराने अनुभवों और बदलते दौर की तस्वीर पेश की है। उन्होंने 1983 में महज 18 साल की उम्र से पहले अखबार की दुनिया में कदम रखने से लेकर शुरुआती दिनों में मिली सीख और वरिष्ठों के मार्गदर्शन को याद किया है। साथ ही, उन्होंने प्रेस से मीडिया तक के सफर में पत्रकारिता की कार्यशैली, प्रशिक्षण और पदों की गरिमा में आए बदलावों पर भी सवाल उठाए हैं। उनकी यह पोस्ट न सिर्फ पत्रकारिता के सुनहरे दिनों की याद दिलाती है, बल्कि आज के दौर में प्रेस की साख और बदलती पत्रकारिता पर सोचने का मौका भी देती है।

आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस है। प्रेस शब्द सुनते, बोलते और लिखते समय गौरव की अनुभूति होती है। यह स्वाभाविक भी है क्योंकि इस प्रेस ने सम्मान दिया और समाज में स्थान भी। 18 की उम्र छूने से पहले ही प्रेस के संग हो गया था।

बात 1983 की है और मैट्रिक की परीक्षा के परिणाम की प्रतीक्षा थी। मेरे वरिष्ठ सुनील भैया लगभग डांटते हुए प्रेस ले गए। प्रेस यानी देशबंधु। इस समय हिंदी के प्रकांड ज्ञाता निर्भीक वर्मा जी के हवाले किया गया। पहले उनसे कोई भाव नहीं मिला लेकिन मेरी राइटिंग देख कर उनका प्रिय हो गया। एक माह से ज्यादा समय बीत जाने के बाद बिना शीर्षक चार पंक्ति की एक खबर एडिट की हुई, प्रकाशन के लिए मंजूर हुई। अगली सुबह अखबार देखने की ललक में रात नींद नहीं आई। इसके बाद की अन्य वरिष्ठ जनों से बहुत कुछ सीखने को मिला। इसी दौर में प्रेस चुपके से मीडिया हो गया।

प्रेस की जो प्रतिष्ठा थी, उसे मीडिया ने धूमिल कर दिया। ट्रेनिंग जैसा कॉन्सेप्ट ख़त्म हो गया। अब सीधे वरिष्ठ पत्रकार या संपादक बन जाते हैं। उप संपादक, सहायक संपादक जैसा संबोधन अब सुनने को नहीं मिलता है। ये भी भला सा लगता है कि आज भी प्रेस का संबोधन शेष है और इसका दिवस मनाया जा रहा है। मीडिया दिवस की धारणा अभी विलोपित है।मुझे पता नहीं कि कभी मीडिया दिवस भी मनाया जाता है या नहीं। ख़ैर, जो भी हो प्रेस दिवस की उन सभी को बधाई जो अखबार पढ़ने के बाद कहते हैं मजा नहीं आया। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

प्रेस की आजादी से जुड़ा 16 नवंबर का इतिहास, जानें क्यों मनाते हैं राष्ट्रीय प्रेस दिवस

आज देशभर में राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन भारतीय मीडिया और पत्रकारिता के लिए खास महत्व रखता है और हमें प्रेस की आजादी के महत्व के साथ-साथ उसकी जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
NationalPressDay512

आज 16 नवंबर को देशभर में राष्ट्रीय प्रेस दिवस (National Press Day) मनाया जा रहा है। यह दिन भारतीय मीडिया और पत्रकारिता के लिए खास महत्व रखता है। एक स्वतंत्र और जिम्मेदार प्रेस किसी भी मजबूत लोकतंत्र की पहचान होती है। प्रेस सिर्फ खबरें दिखाने या छापने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जनता की आवाज को सामने लाने, सरकार और व्यवस्था से सवाल पूछने तथा समाज को सही जानकारी देने की जिम्मेदारी भी निभाता है।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस हमें प्रेस की आजादी के महत्व के साथ-साथ उसकी जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है। आज जब खबरें कुछ ही सेकंड में मोबाइल फोन के जरिए लाखों लोगों तक पहुंच जाती हैं, तब पत्रकारिता के सामने कई नई चुनौतियां भी खड़ी हो गई हैं। फेक न्यूज, गलत जानकारी, सोशल मीडिया पर अफवाहें और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए तैयार किए जा रहे नकली वीडियो और ऑडियो ने खबरों की विश्वसनीयता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। ऐसे माहौल में यह दिन मीडिया के लिए आत्ममंथन का भी अवसर है।

16 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है राष्ट्रीय प्रेस दिवस?

राष्ट्रीय प्रेस दिवस की तारीख भारतीय प्रेस परिषद (Press Council of India) के इतिहास से जुड़ी हुई है। देश में प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करने और पत्रकारिता के स्तर को बेहतर बनाने के लिए एक स्वतंत्र संस्था की जरूरत महसूस की गई थी।

इसी उद्देश्य से प्रथम प्रेस आयोग (First Press Commission) ने वर्ष 1956 में प्रेस परिषद बनाने की सिफारिश की थी। इसके बाद भारतीय प्रेस परिषद अधिनियम, 1965 के तहत प्रेस परिषद की स्थापना का रास्ता तैयार हुआ। भारतीय प्रेस परिषद ने 16 नवंबर 1966 से अपना विधिवत काम शुरू किया। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर साल 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है।

हालांकि, प्रेस परिषद का सफर हमेशा आसान नहीं रहा। देश में आपातकाल के दौरान वर्ष 1975 में इसे समाप्त कर दिया गया था। बाद में प्रेस परिषद अधिनियम, 1978 के तहत इसे दोबारा स्थापित किया गया और 1979 में इसने फिर से काम शुरू किया।

प्रेस परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, 16 नवंबर का दिन भारत में स्वतंत्र और जिम्मेदार प्रेस का प्रतीक है। इस दिन का उद्देश्य पत्रकारिता में ऊंचे मानक बनाए रखने और प्रेस को बाहरी दबावों से मुक्त रखने के महत्व को रेखांकित करना है।

भारतीय संविधान में प्रेस की आजादी का क्या है आधार?

भारत में प्रेस की स्वतंत्रता को लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण आधार माना गया है। भारतीय संविधान में प्रेस की आजादी के लिए अलग से कोई विशेष अनुच्छेद नहीं है, लेकिन इसे अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत नागरिकों को मिले अभिव्यक्ति और विचारों की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का हिस्सा माना जाता है।

इस अधिकार के तहत हर नागरिक को अपने विचार व्यक्त करने और उन्हें दूसरों तक पहुंचाने की आजादी मिलती है। इसी अधिकार के दायरे में प्रेस की स्वतंत्रता भी आती है।

हालांकि, इस आजादी का मतलब यह नहीं है कि मीडिया पर कोई जिम्मेदारी नहीं है। संविधान का अनुच्छेद 19(2) अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कुछ उचित प्रतिबंधों की भी व्यवस्था करता है। इसलिए पत्रकारिता में स्वतंत्रता के साथ कानून, तथ्यों और पेशेवर नैतिकता का पालन करना भी जरूरी है।

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की क्या है भूमिका?

भारतीय प्रेस परिषद एक वैधानिक, स्वायत्त और अर्ध-न्यायिक संस्था है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करना और समाचार पत्रों तथा समाचार एजेंसियों में पत्रकारिता के मानकों को बनाए रखना है।

इसे अक्सर प्रेस का नैतिक प्रहरी (Moral Watchdog) कहा जाता है। इसका काम पत्रकारिता में नैतिकता और निष्पक्षता को बढ़ावा देना है। अगर किसी समाचार पत्र, संपादक या पत्रकार पर पत्रकारिता के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगता है, तो परिषद मामले की जांच कर सकती है। इसी तरह प्रेस की स्वतंत्रता में अनुचित हस्तक्षेप या पत्रकारों पर हमले से जुड़ी शिकायतों पर भी विचार किया जा सकता है।

प्रेस काउंसिल के पास अपनी जांच के बाद समाचार पत्र, संपादक या पत्रकार को चेतावनी देने, फटकार लगाने या निंदा करने का अधिकार है।

हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया सभी तरह के मीडिया की नियामक संस्था नहीं है। इसका मुख्य वैधानिक दायरा प्रिंट मीडिया और समाचार एजेंसियों तक है। टीवी चैनलों और डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म पर इसका वही नियामक अधिकार लागू नहीं होता।

भारतीय मीडिया का कितना बढ़ा दायरा?

भारत का मीडिया जगत पिछले कुछ दशकों में तेजी से बदला है। अखबारों और पत्रिकाओं से शुरू हुआ यह सफर अब टीवी, रेडियो, न्यूज वेबसाइट, मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया तक पहुंच चुका है।

प्रेस रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (PRGI) की अक्टूबर 2026 में उपलब्ध वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, 31 दिसंबर 2025 तक देश में कुल 1,60,315 आवधिक प्रकाशन (Periodicals) पंजीकृत थे। इनमें वर्ष 2025 के दौरान 6,013 नए प्रकाशन भी पंजीकृत किए गए।

हालांकि, पंजीकृत प्रकाशनों की संख्या को सक्रिय प्रकाशनों की संख्या नहीं समझना चाहिए। PRGI की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के दौरान ऐसे 88,316 शीर्षकों का पंजीकरण रद्द करने की प्रक्रिया पूरी की गई, जो लगातार 10 या उससे अधिक वर्षों तक अपना वार्षिक विवरण जमा नहीं कर रहे थे।

यह आंकड़ा बताता है कि भारत में प्रिंट मीडिया का दायरा कितना बड़ा है। इसके अलावा डिजिटल मीडिया के विस्तार ने खबरों के प्रकाशन और प्रसार के नए रास्ते भी खोले हैं।

डिजिटल दौर में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां

एक समय था जब लोगों तक खबरें पहुंचाने के सबसे बड़े माध्यम अखबार, रेडियो और टेलीविजन हुआ करते थे। लेकिन इंटरनेट और स्मार्टफोन ने मीडिया की दुनिया को पूरी तरह बदल दिया है। अब सोशल मीडिया, न्यूज वेबसाइट, मोबाइल ऐप और वीडियो प्लेटफॉर्म भी खबरों के बड़े माध्यम बन चुके हैं।

इस बदलाव ने पत्रकारिता के सामने कई नई चुनौतियां खड़ी की हैं। सबसे बड़ी चुनौती फेक न्यूज और भ्रामक जानकारी की है। सोशल मीडिया पर कई बार बिना पुष्टि किए खबरें, तस्वीरें और वीडियो तेजी से साझा कर दिए जाते हैं। कुछ ही मिनटों में गलत जानकारी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच जाती है।

इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने भी पत्रकारिता के सामने नई चुनौती पेश की है। अब किसी व्यक्ति की आवाज और चेहरे का इस्तेमाल करके नकली वीडियो और ऑडियो तैयार करना पहले के मुकाबले आसान हो गया है। ऐसे में किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी पुष्टि करना बेहद जरूरी हो गया है।

डिजिटल मीडिया में सबसे पहले खबर देने की होड़ भी एक बड़ी चुनौती है। कई बार तेजी से खबर प्रकाशित करने के दबाव में तथ्यों की जांच पीछे छूट जाती है। लेकिन पत्रकारिता में सबसे महत्वपूर्ण चीज सिर्फ खबर की गति नहीं, बल्कि उसकी सच्चाई और विश्वसनीयता होनी चाहिए।

आजादी के साथ जवाबदेही भी जरूरी

प्रेस की स्वतंत्रता का मतलब सिर्फ किसी भी खबर को प्रकाशित करने की आजादी नहीं है। इसका असली मतलब है कि पत्रकार बिना किसी अनुचित दबाव के जनता से जुड़े मुद्दों को सामने ला सकें। उन्हें सरकार, प्रशासन, कारोबार और समाज के प्रभावशाली लोगों से सवाल पूछने का अवसर मिले।

लेकिन इसके साथ मीडिया की अपनी जिम्मेदारी भी है। किसी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच करना, संबंधित पक्षों का पक्ष लेना, अफवाहों से बचना और अपुष्ट जानकारी को खबर के रूप में पेश नहीं करना जिम्मेदार पत्रकारिता का हिस्सा है।

आज विज्ञापन, कारोबारी हितों, राजनीतिक दबाव और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता की होड़ के बीच पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को बनाए रखना भी बड़ी चुनौती है। मीडिया संस्थानों और पत्रकारों को यह समझना होगा कि उनकी प्राथमिकता सिर्फ ज्यादा व्यूज और क्लिक हासिल करना नहीं, बल्कि पाठकों और दर्शकों का भरोसा कायम रखना भी है।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस का असली संदेश क्या है?

राष्ट्रीय प्रेस दिवस सिर्फ पत्रकारों के सम्मान का दिन नहीं है, बल्कि यह पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को याद करने का अवसर भी है। यह दिन हमें बताता है कि लोकतंत्र में प्रेस की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। एक स्वतंत्र मीडिया ही जनता के सवालों को मजबूती से उठा सकता है और व्यवस्था को जवाबदेह बनाने में मदद कर सकता है।

आज जरूरत इस बात की है कि मीडिया संस्थान और पत्रकार स्वतंत्रता, निष्पक्षता, सच्चाई और जवाबदेही के बीच संतुलन बनाए रखें। खबरों की विश्वसनीयता को सबसे ऊपर रखें और किसी भी दबाव में तथ्यों से समझौता न करें।

क्योंकि मजबूत लोकतंत्र के लिए सिर्फ स्वतंत्र प्रेस होना ही काफी नहीं है, बल्कि उसका जिम्मेदार और विश्वसनीय होना भी उतना ही जरूरी है। यही राष्ट्रीय प्रेस दिवस का सबसे बड़ा संदेश है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

स्वतंत्रता बनाम अराजकता—भारतीय पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां

पश्चिमी संस्थाओं की रेटिंग से नहीं, वास्तविकता और विश्वसनीयता से तय होनी चाहिए मीडिया की प्रतिष्ठा

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
Alok Mehta NPD

आलोक मेहता, पद्मश्री, वरिष्ठ पत्रकार, लेखक।

हर वर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। यह केवल पत्रकारों, संपादकों और मीडिया संस्थानों को बधाई देने का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन का दिन भी है। भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना से जुड़ा यह दिवस हमें याद दिलाता है कि लोकतंत्र में स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। मैं स्वयं कई वर्षों तक प्रेस परिषद का सदस्य और एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया का महासचिव और अध्यक्ष रहा हूँ। प्रेस परिषद के अध्यक्ष सामान्यतः सेवानिवृत्त न्यायाधीश होते हैं। दोनों संस्थानों ने प्रेस के लिए आचार संहिताएँ बनाई हैं, लेकिन सजा का प्रावधान नहीं है। इसे आत्मानुशासन का विषय माना जाता रहा है। आज जब भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और करोड़ों लोग प्रतिदिन अखबारों, पत्रिकाओं, टेलीविजन, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाएँ प्राप्त करते हैं, तब पत्रकारिता के सामने चुनौतियाँ भी पहले से कहीं अधिक जटिल हो गई हैं।

भारत की पत्रकारिता को लेकर कुछ विदेशी संस्थाएँ और संगठन समय-समय पर प्रेस स्वतंत्रता की रेटिंग जारी करते हैं। इन रेटिंग को अंतिम सत्य मान लेना उचित नहीं है। मैं उनके नंबरों को हमेशा पूर्वाग्रहपूर्ण मानता हूँ। सवाल यह है कि क्या किसी विदेशी संस्था के मानदंड भारत जैसे विशाल, बहुभाषी और विविधतापूर्ण लोकतंत्र की वास्तविक परिस्थितियों को पूरी तरह समझ सकते हैं? भारत में प्रिंट मीडिया, टीवी चैनलों, डिजिटल पोर्टलों और भारतीय भाषाओं के मीडिया की व्यापकता तथा विविधता विश्व में विशिष्ट है। अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप के कई देशों की तुलना में भारत में मीडिया संस्थानों और भाषाई समाचार माध्यमों का विशाल जनाधार है।

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में राष्ट्रपति और मीडिया के बीच तीखे टकराव, पत्रकारों पर सार्वजनिक हमले तथा कुछ समाचार संस्थानों के साथ विवाद पूरी दुनिया ने देखे हैं। ब्रिटेन और यूरोप में भी मीडिया की स्वतंत्रता, स्वामित्व, आर्थिक दबाव और राजनीतिक प्रभाव को लेकर बहस होती रही है। आधी दुनिया पर कभी राज करने वाले ब्रिटेन में राजपरिवार के कारनामों और अनाप-शनाप खर्चों के विरुद्ध क्या मीडिया लिख और बोल सकता है? एक बार तो इस तरह के छोटे-से मामले पर मीडिया के बादशाह मर्डोक को एक अखबार बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा था। फिर इन देशों में प्रिंट या विजुअल मीडिया के कितने संस्थान हैं? इसलिए यह मान लेना कि पश्चिमी देशों में पत्रकारिता पूरी तरह स्वतंत्र और भारत में नियंत्रित है, एकतरफा निष्कर्ष होगा। स्वतंत्रता का मूल्यांकन किसी एक रैंकिंग से नहीं, बल्कि तथ्यों, विविध विचारों, संस्थागत स्वतंत्रता और पत्रकारों के वास्तविक कामकाज से होना चाहिए।

लेकिन विदेशी रेटिंग पर सवाल उठाने का अर्थ यह भी नहीं है कि हम अपनी कमियों से आँखें बंद कर लें। भारतीय मीडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती आज उसका राजनीतिक ध्रुवीकरण है। पत्रकारों और संस्थानों को सुविधानुसार सरकार समर्थक या सरकार विरोधी खेमों में बाँट दिया जाता है। किसी को ‘गोदी मीडिया’ कहा जाता है, तो किसी को ‘बिकाऊ पत्रकार’ या ‘दरबारी पत्रकार’। कई बार पत्रकार की पूरी पहचान उसके राजनीतिक विचारों के आधार पर निर्धारित कर दी जाती है। यह प्रवृत्ति पत्रकारिता की स्वतंत्रता और समाज में उसके सम्मान, दोनों के लिए नुकसानदेह है।

पराकाष्ठा यह है कि इस सप्ताह सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में पाँच सौ या उससे अधिक पत्रकारों (डिजिटल युग में संख्या का हिसाब लगाना मुश्किल है) के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 30 मिनट तक सहज, सरल और भावुक माहौल में पत्रकारों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ सेल्फी लेने के लिए कुछ अति उत्साही नए-पुराने पत्रकारों के बीच लगी होड़ के दृश्यों पर सोशल मीडिया में आलोचना या पक्षधरता की बाढ़-सी आ गई। ऐसा भी नहीं था कि सभी पत्रकार इसी तरह होड़ कर रहे थे। फिर यह कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं थी और वर्तमान दौर में पचासों पत्रकारों की पहुँच प्रधानमंत्री तक नहीं होती है। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मीडिया से अपने संबंध मधुर रखने के लिए बिना किसी भेदभाव के शुभकामनाएँ देने में प्रसन्नता अनुभव करते हैं। यहाँ भी पत्रकारों के अपने व्यवहार और पसंद-नापसंद के मामले में निजी आचार संहिता ही लागू हो सकती है। लेकिन ऐसे अनावश्यक विवाद तकलीफदेह लगते हैं।

वास्तविकता यह है कि भारतीय मीडिया में राजनीतिक पक्षधरता कोई नई घटना नहीं है। आजादी के बाद से ही कुछ समाचार पत्रों, संपादकों और मीडिया मालिकों के राजनीतिक संबंध रहे हैं। आपातकाल से पहले और बाद के दौर में भी सत्ता के निकट रहने वाले पत्रकारों और संस्थानों के उदाहरण मिलते हैं। जमीन, सरकारी सुविधाओं, आर्थिक लाभ और राजनीतिक संरक्षण के आरोप भी अलग-अलग समय पर सामने आते रहे हैं। मैंने तो एक समय बड़े पदों पर बैठे संपादकों या उनके सहयोगी पत्रकारों द्वारा हजारों रुपये लेकर पक्ष-विपक्ष में प्रचार करने के प्रमाण देखे हैं और उन पर रिपोर्टें लिखी हैं। कुछ संस्थानों ने सत्ता के साथ निकटता रखी, तो कुछ ने सत्ता के विरोध को अपनी पहचान बनाया। इसलिए आज की पत्रकारिता की समीक्षा करते समय इतिहास को भूलना या केवल वर्तमान को दोष देना उचित नहीं होगा।

मेरी पुस्तक ‘Power, Press and Politics’ में पेड न्यूज (Paid News) पर एक स्वतंत्र अध्याय है। यह समस्या केवल चुनावों के समय समाचार के रूप में विज्ञापन प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है। जब समाचार और विज्ञापन के बीच की सीमा समाप्त होने लगे, जब आर्थिक या राजनीतिक हितों के कारण किसी खबर को दबाया जाए अथवा किसी व्यक्ति या दल के पक्ष में प्रचार को पत्रकारिता का रूप दिया जाए, तब लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा पैदा होता है। आज पेड न्यूज का स्वरूप बदल रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, प्रायोजित सामग्री, छिपे हुए विज्ञापन, फर्जी खबरें और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार भ्रामक सामग्री ने समस्या को और जटिल बना दिया है। अब केवल समाचार पत्र या टीवी चैनल ही सूचना के स्रोत नहीं हैं। कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन से लाखों लोगों तक संदेश पहुँचा सकता है। इससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का विस्तार हुआ है, लेकिन गलत सूचना, अफवाह और चरित्र हनन की संभावनाएँ भी बढ़ी हैं।

यहाँ एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठता है कि क्या मीडिया को पूरी तरह सरकारी नियंत्रण से मुक्त छोड़ देना चाहिए? निश्चित रूप से नहीं। स्वतंत्रता और अराजकता में अंतर है। जैसे लोकतंत्र में सरकार की शक्तियों पर संवैधानिक सीमाएँ हैं, वैसे ही पत्रकारिता की स्वतंत्रता के साथ कुछ नैतिक और पेशेवर जिम्मेदारियाँ भी जुड़ी हैं। किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को बिना प्रमाण नष्ट करना, झूठे आरोप लगाना, अदालत में विचाराधीन मामलों को मीडिया ट्रायल में बदल देना और निजी जीवन में अनावश्यक हस्तक्षेप करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उचित उपयोग नहीं कहा जा सकता।

इस समस्या का समाधान सरकार को मीडिया पर नियंत्रण देने में भी नहीं है। सरकार की आलोचना करना पत्रकारिता का अपराध नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी प्रकार सरकार के अच्छे कार्यों की सराहना करना भी किसी पत्रकार को स्वतः दरबारी नहीं बना देता। इसलिए आवश्यकता है कि मीडिया के लिए कुछ स्पष्ट, पारदर्शी और निष्पक्ष नियम हों। भारतीय प्रेस परिषद, समाचार प्रसारण एवं डिजिटल मानक प्राधिकरण जैसी संस्थाओं की भूमिका को अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनाने पर विचार होना चाहिए। प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया के लिए जवाबदेही के मानदंड हों। समाचार और विज्ञापन के बीच स्पष्ट अंतर रखा जाए। पेड न्यूज, फर्जी खबरों, प्रायोजित राजनीतिक प्रचार और हितों के टकराव को लेकर कठोर पेशेवर मानक बनाए जाएँ। शिकायतों का समयबद्ध निपटारा हो और गलती होने पर उसी प्रमुखता से सुधार प्रकाशित या प्रसारित किया जाए, जिस प्रमुखता से गलत खबर दी गई थी। सरकार और संसद को मीडिया से संबंधित कानून बनाते समय प्रेस की स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार का सम्मान करना चाहिए। नियमन का उद्देश्य नियंत्रण नहीं, बल्कि विश्वसनीयता और जिम्मेदारी होना चाहिए।

पत्रकारों और संपादकों को भी आत्मनियमन की जिम्मेदारी स्वीकार करनी होगी। संपादक की भूमिका केवल टीआरपी या डिजिटल व्यूज़ बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्थान की विश्वसनीयता बनाए रखना भी है। आने वाले वर्षों में भारतीय पत्रकारिता की सबसे बड़ी परीक्षा यह होगी कि वह सरकार, विपक्ष, कॉरपोरेट घरानों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दबाव से स्वतंत्र रहकर जनता के प्रति अपनी जवाबदेही निभा सके। प्रेस की स्वतंत्रता अनिवार्य है, लेकिन स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी उतनी ही आवश्यक है। न सरकारी नियंत्रण, न राजनीतिक दबाव और न ही मीडिया की अराजकता। भारत को ऐसी पत्रकारिता चाहिए जो निर्भीक हो, निष्पक्ष रहने का प्रयास करे, तथ्यों पर आधारित हो और अपनी गलतियों को स्वीकार करने का साहस भी रखे। यही भारतीय लोकतंत्र, भारतीय मीडिया और आने वाली पीढ़ियों के हित में है।

(यह लेखक के निजी विचार हैं)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

मौजूदा चुनौतियों से पत्रकारिता की गिरती साख: जितेन्द्र बच्चन

सूचना क्रांति के इस दौर में भी पत्रकारिता को हर दिन एक गंभीर और नई चुनौती का सामना करना पड़ता है।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
Jitendra Bachchan NPD

जितेन्द्र बच्चन, वरिष्ठ पत्रकार।।

सूचना क्रांति के इस दौर में भी पत्रकारिता को हर दिन एक गंभीर और नई चुनौती का सामना करना पड़ता है। खबर को जल्दी परोसने या सनसनीखेज बनाने की होड़ में तथ्य पीछे छूट जाते हैं। सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें चला दी जाती हैं। टीआरपी बढ़ाने के लिए भ्रामक सूचना को आधार मानकर न्यूज गढ़ी जाती है। इसका खामियाजा स्थापित पत्रकारों और उनके बैनर को भुगतना पड़ता है। पाठक अखबार पढ़ता है, दर्शक टीवी देखते हैं, लेकिन उस पर अब भरोसा नहीं करते। विश्वास का क्षरण हो रहा है। ट्रेडिशनल ऑफ न्यूज और बेदाग छवि वाले जर्नलिस्टों पर भी लोग सवाल उठाने लगे हैं।

एक दौर था जब पारंपरिक समाचार संस्थान आमतौर पर स्थापित संपादकीय प्रक्रियाओं, नैतिक और सरकारी नियमों का पालन करते थे। लेकिन आज समाचार एक 'उत्पाद' बन चुके हैं। सत्य और जनहित की खबरों के बजाय, दर्शक जुटाने और विज्ञापनों से कमाई के लिए सनसनीखेज, इन्फोटेनमेंट (मनोरंजनयुक्त सूचना) और सतही खबरों को प्राथमिकता दी जाने लगी है। कई बार तो खबरों में अंतर करना मुश्किल हो जाता है कि हम जो पढ़ रहे हैं, वह पेड न्यूज है या वास्तविक! हकीकत से पाठक और दर्शक जब रूबरू होते हैं तो माथा पीटने के अलावा कुछ नहीं बचता। आज यह बहुत बड़ी चुनौती है, जिससे पत्रकारिता की जहां साख गिरी है, वहीं एक ईमानदार व निष्पक्ष छवि वाले पत्रकारों को भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर तो जैसे फेक न्यूज की बाढ़ आ गई है। जिसे देखो वही पत्रकार बनने की सनक में है। समाज के प्रति न कोई जिम्मेदारी और न ही शासन-प्रशासन से सवाल करने की जरूरत। तथ्यपरक या खोजबीन से बहुत दूर। किसी भी पक्ष से संवाद करना जैसे जानते ही नहीं। जमीनी स्तर पर जाकर गहन छानबीन और बीट रिपोर्टिंग करीब-करीब खत्म हो चुकी है, जिससे सरकारी नीतियों व वास्तविकता के बीच संवाद सेतु तो कमजोर हुआ ही, स्वतंत्र संपादकीय नीति बनाए रखना भी मुश्किल हो चुका है।

आज एक ही उद्देश्य देखने को मिलता है कि फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कैसे चमका जाए। इसके लिए खबर से जुड़ी डिजाइन की तुलना में भावनाओं को भड़काने या विवादित सामग्री को तेजी से आगे बढ़ाने में भी पीछे नहीं रहते। ऐसे में एक खबरनवीस को निर्भीक, निष्पक्ष और स्वतंत्र होकर सत्ता की आलोचना करना कठिन हो जाता है। सुरक्षित पत्रकारिता के लिए उसे चाटुकारिता का रास्ता अपनाना पड़ता है, वरना कानूनी नोटिस, धमकियों और राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ता है। यह चुनौती इतनी बड़ी हो चुकी है कि पेशेवर और सत्यापित पत्रकारिता तथा सोशल मीडिया के अनियंत्रित विचारकों के बीच की रेखा धुंधली हो चुकी है।

(यह लेखक के निजी विचार हैं। लेखक पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

AI के दौर में पत्रकारिता के सामने बढ़ती चुनौतियां, कैसे कायम रहेगा भरोसा?

इन परिस्थितियों में समाचार संस्थानों के सामने सबसे बड़ा सवाल अपनी प्रासंगिकता और अलग पहचान बनाए रखने का है।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
Mukesh Sharma NPD

मुकेश शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार।।

डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म और सोशल मीडिया ने मीडिया परिदृश्य को पिछले वर्षों में काफ़ी बदला है। कहीं सनसनीख़ेज़ शीर्षकों या तस्वीरों की चुनौतियां तो कहीं समाचार और राय के बीच रेखा धुंधली हुई है। नतीजा ये हुआ है कि पत्रकारिता को समाज में जो सम्मान या भरोसा हासिल था, वो अब काफ़ी हद तक सवालों के घेरे में दिखता है। दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने की होड़ में पत्रकारिता की कई बुनियादी चीज़ें कहीं पीछे छूट गई हैं। ये चुनौतियां कम नहीं थीं कि इसी बीच अब आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) यानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने वो मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

एआई के माध्यम से बड़े पैमाने पर सामग्री तैयार की जा सकती है, फ़र्ज़ी तस्वीरें और वीडियो बनाए जा सकते हैं। इनके अलावा जनमत को प्रभावित करने के लिए बड़े पैमाने पर संदेश प्रसारित किए जा सकते हैं। राजनीतिक दल, सरकारें, हित समूह और कॉरपोरेट संस्थाएं एआई का उपयोग करके विशिष्ट वर्गों के लिए अलग-अलग संदेश तैयार कर सकती हैं, जिससे वास्तविक जनभावनाओं और संगठित अभियानों के बीच अंतर करना कठिन हो सकता है। सच और झूठ की पड़ताल आसान नहीं रह गई है। झूठ पूरी तरह झूठ की शक्ल में नहीं परोसा जाता बल्कि कुछ सच के बीच छिपाकर पेश किया जाता है। ऐसे में क्या सच है और क्या झूठ ये लगातार और मुश्किल होता जाएगा। इस तरह पत्रकारों के लिए सत्यापन और विश्वसनीयता की चुनौती और बढ़ती जा रही है।

इन परिस्थितियों में समाचार संस्थानों के सामने सबसे बड़ा सवाल अपनी प्रासंगिकता और अलग पहचान बनाए रखने का है। केवल वही पत्रकारिता लंबे समय तक टिक पाएगी जो मौलिक रिपोर्टिंग, ज़मीनी पड़ताल और विश्वसनीय स्रोतों पर आधारित हो। जब अधिकांश सूचनाएं हर जगह उपलब्ध हों, तब किसी समाचार संस्थान की वास्तविक पहचान उसके द्वारा खोजी गई खबरों, उसके संवाददाताओं की विश्वसनीयता और उसके संपादकीय मूल्यों से बनती है।

चुनौती ये भी है कि नई पीढ़ी जो स्वतंत्र पत्रकारों या कॉन्टेंट क्रिएटर्स की ओर आकर्षित हो रही है उसे मीडिया संस्थान कैसे अपने पास ला पाएंगे। युवा अलग-अलग प्लेटफ़ॉर्म्स पर हैं। मीडिया संस्थान उन प्लेटफॉर्म्स पर मौजूदगी बना सकते हैं मगर वो मौजूदगी भर युवाओं को आकर्षित करने के लिए काफ़ी नहीं है। ऐसे में मीडिया संस्थानों को भी उन युवाओं से कनेक्ट बनाने के लिए विषय या उसकी प्रस्तुति और अलग-अलग प्लेटफ़ॉर्म्स पर निरंतरता पर काम करना होगा। उसी से शायद दर्शकों के बीच भरोसा बनाए रखने में मदद मिले.

याद रखना होगा कि तकनीक चाहे जितनी विकसित हो जाए, समाज को तथ्यों की जांच करने वाले, जमीनी हकीकत सामने लाने वाले और सत्ता से जवाबदेही मांगने वाले पत्रकारों की आवश्यकता हमेशा बनी रहेगी। भविष्य उन्हीं न्यूज संस्थानों का होगा जो तकनीक को अपनाते हुए भी अपनी पत्रकारिता की मूल आत्मा को सुरक्षित रख पाएंगे।

(यह लेखक के निजी विचार हैं। मुकेश शर्मा, डायरेक्टर ऑफ जर्नलिज्म एवं डिप्टी सीईओ, कलेक्टिव न्यूजरूम हैं।)  

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

भगवान बिरसा के बहाने जनजातियों के संघर्ष की याद: प्रो. संजय द्विवेदी

इस आंदोलन ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, एकता और सांस्कृतिक स्वायत्तता को भी मजबूती दी। इसी योगदान के कारण बिरसा मुंडा को धरती आबा यानी धरती पिता कहा गया।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
birsamunda

प्रो. संजय द्विवेदी, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष।

भारतीय समाज की स्मृति बहुत अल्प है। अपने नायकों और उनके योगदान को भूल जाना यहां आसान है। ऐसे ही नायक हैं भगवान बिरसा मुंडा, जिन्हें लंबे समय तक राष्ट्रीय स्तर पर अपेक्षित पहचान नहीं मिली। आज जब भारत अपने सांस्कृतिक नायकों को याद कर रहा है, तब बिरसा मुंडा का संघर्ष और योगदान फिर प्रासंगिक हो उठा है।

भारत सरकार ने वर्ष 2021 में निर्णय लिया कि हर साल भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य जनजातीय नायकों के बलिदान और जनजातीय समाज की समृद्ध कला, संस्कृति, बोलियों और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म झारखंड के खूंटी जिले के एक गांव में हुआ था। उनका बचपन प्रकृति की गोद में बीता। मिट्टी से प्रेम और प्रकृति संरक्षण की सीख उन्होंने अपनी संस्कृति से प्राप्त की। अंग्रेजी शासन के दौरान जनजातीय समाज का दमन और स्थानीय साहूकारों द्वारा शोषण देखकर उन्होंने इसके विरुद्ध संघर्ष का रास्ता चुना।

जनजातीय समाज की स्वायत्तता और अधिकारों की रक्षा के लिए उनके नेतृत्व में उलगुलान यानी महाविद्रोह हुआ। वर्ष 1899-1900 के दौरान अंग्रेजी सरकार की दमनकारी नीतियों के विरोध में यह महान सशस्त्र विद्रोह खड़ा हुआ। यह केवल राजनीतिक आंदोलन नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातियों के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई भी थी।

इस आंदोलन ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, एकता और सांस्कृतिक स्वायत्तता को भी मजबूती दी। इसी योगदान के कारण बिरसा मुंडा को धरती आबा यानी धरती पिता कहा गया। उनका संघर्ष न्याय, जमीन के अधिकार और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा था। उन्होंने जनजातीय समाज को अपनी जमीन पर स्वामित्व और खेती करने के अधिकार के साथ-साथ अपनी परंपराओं और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित किया।

जनजातीय समाज की मूल चेतना प्रकृति से जुड़ी हुई है। प्रकृति का संरक्षण और उसके साथ सामंजस्य इस समाज की पहचान है। भगवान बिरसा मुंडा का स्पष्ट विचार था कि वन संपदा और प्राकृतिक संसाधनों पर जनजातीय समाज का पहला अधिकार होना चाहिए।

अंग्रेजों के वन कानूनों के माध्यम से जनजातियों को उनकी जमीन और मूल स्थानों से बेदखल करने के प्रयासों का उन्होंने जीवनभर विरोध किया। उनके नेतृत्व में हुए आंदोलनों और संघर्षों के बाद अंग्रेजी सरकार को छोटा नागपुर काश्तकारी अधिनियम (CNT Act, 1908) लागू करना पड़ा। इस कानून ने जनजातीय जमीन के अवैध हस्तांतरण को रोकने और उनके भूमि अधिकारों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह कानून जनजातीय समाज के लिए सुरक्षा कवच बना।

भगवान बिरसा मुंडा एक चिकित्सक भी थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके इस गुण का उल्लेख करते हुए लिखा है कि बीमारों की सेवा करना उनके लिए मिशन था। वे गांव-गांव जाकर बीमार लोगों का उपचार करते थे और जरूरत पड़ने पर स्वयं उनके पास पहुंचते थे। उनके उपचार और सेवा भाव ने लोगों के बीच उन्हें एक विशेष स्थान दिलाया।

भगवान बिरसा मुंडा के साथ हमें तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू मुर्मू, वीर बुद्धू भगत, टंट्या भील मामा, अल्लूरी सीताराम राजू, रानी गाइदिन्ल्यू और वीर नारायण सिंह जैसे जनजातीय नायकों को भी याद करना चाहिए। इन सभी ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता तथा अपनी संस्कृति की रक्षा में योगदान दिया।

आज देशभर में जनजातीय नायकों और उनकी विरासत को संरक्षित करने के प्रयास हो रहे हैं। विभिन्न राज्यों में जनजातीय संग्रहालय बनाए जा रहे हैं, जहां उनकी संस्कृति, कलाकृतियों और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान की गाथाओं को सहेजा जा रहा है। मध्यप्रदेश में भी इस दिशा में कई प्रयास हुए हैं।

भारत सरकार जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालयों के निर्माण के साथ आदिवाणी और आदिसंस्कृति जैसे डिजिटल माध्यमों से जनजातीय बोलियों और कलाओं को संरक्षित करने का प्रयास कर रही है।

जनजातीय गौरव दिवस मनाते समय यह भी देखना जरूरी है कि जनजातीय समाज के प्रति हमारी संवेदना कितनी मजबूत है। भारतीय सांस्कृतिक विविधता और प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली का संदेश देने वाला यह समाज देश की महत्वपूर्ण विरासत है। इसकी पारंपरिक कलाएं, नृत्य, संगीत, हस्तशिल्प और प्रदर्शन कलाएं बेहद समृद्ध हैं।

हालांकि, आज भी जनजातीय समाज के सामने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी चुनौतियां मौजूद हैं। विकास योजनाओं के कारण होने वाला विस्थापन भी एक बड़ी चिंता है। विस्थापन रोकने, ग्राम सभाओं को मजबूत बनाने और पांचवीं तथा छठी अनुसूची के तहत मिलने वाले संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित करने की जरूरत है।

राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस की सार्थकता तभी होगी, जब जनजातीय समाज के जीवन से जुड़े इन सवालों का समाधान किया जाएगा। यह भी गौरव की बात है कि आज देश के राष्ट्रपति पद पर जनजातीय समाज की महिला विराजमान हैं। यह महिलाओं और जनजातीय समाज, दोनों के लिए प्रेरणा का विषय है।

भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय नायकों को याद करने का उद्देश्य केवल उनके इतिहास को दोहराना नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, प्रकृति प्रेम और सामाजिक मूल्यों से प्रेरणा लेना भी है। यही भावना एक बेहतर और संवेदनशील समाज के निर्माण का रास्ता दिखाती है।

(यह लेखक के निजी विचार हैं)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

AI बुलबुला फूटेगा? पढ़िए इस सप्ताह का ''हिसाब किताब''

बात सिर्फ संबंधों की नहीं थी बल्कि Nvidia की चिप तस्करी होकर चीन पहुँचने की आशंका है। चिप AI का ब्रेन है। अमेरिका ने चीन को चिप देने पर प्रतिबंध लगा रखे हैं।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
milindkhandekarhisabkitab

मिलिंद खांडेकर, वरिष्ठ पत्रकार।

Nvidia में हफ्ते भर में उठापटक हो गई। पिछले रविवार को कंपनी के संस्थापक और CEO जेनसन हुआंग ने प्रेम संबंधों की बात स्वीकार की। एक के बाद एक तीन महिलाओं से संबंध होने की जानकारी सामने आई। इनमें से एक महिला एलिस हुआंग कथित रूप से चीन की जासूस थी।

बात सिर्फ संबंधों की नहीं थी, बल्कि Nvidia की चिप तस्करी होकर चीन पहुंचने की आशंका है। चिप AI का ब्रेन है। अमेरिका ने चीन को चिप देने पर प्रतिबंध लगा रखे हैं, ताकि वह AI रेस में आगे न निकल पाए। इस सबका नतीजा यह हुआ कि हफ्ता पूरा होने से पहले ही हुआंग का इस्तीफा हो गया। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या Nvidia का संकट पूरी इंडस्ट्री को लेकर डूबेगा?

पहले समझ लीजिए कि Nvidia AI इंडस्ट्री के लिए महत्वपूर्ण क्यों है?

Nvidia करीब 33 साल पहले हुआंग ने बनाई थी। वह GPU (Graphics Processing Unit) चिप बनाते थे। यह CPU (Central Processing Unit) चिप से अलग था। GPU का इस्तेमाल ग्राफिक्स और वीडियो गेम्स में होता था। CPU बनाने वाली Intel जैसी कंपनियों से वह बहुत पीछे थी। AI ने उसकी किस्मत बदल दी। AI मॉडल की ट्रेनिंग में GPU को CPU से तेज माना गया।

अब स्थिति यह है कि AI की दुनिया में Nvidia की लगभग मोनोपॉली है। चिप की जितनी मांग है, उतनी सप्लाई नहीं हो पा रही है। शेयर बाजार में एक समय यह दुनिया की सबसे महंगी कंपनी बन गई थी और हुआंग AI के पोस्टर बॉय।

ऐसा नहीं है कि हुआंग के इस्तीफे से Nvidia का काम बंद पड़ जाएगा, लेकिन अगर चिप की सप्लाई में थोड़ी भी ऊंच-नीच हुई तो AI की दुनिया हिल जाएगी। आप जब ChatGPT या किसी Chatbot से बात करते हैं, तो जवाब देने के पीछे दिमाग इसी चिप का होता है।

एक पेंच यह भी है कि Nvidia ने अपने ही ग्राहकों के बिजनेस में पैसा लगा रखा है। जिस कंपनी में पैसे लगाए हैं, उसी को चिप भी बेच रहा है। कुछ मामलों में उसी कंपनी की सर्विस का ग्राहक भी है। यह Circular Financing भी पहले से बाजार की चिंता का कारण है। Nvidia अपने ग्राहकों को पैसे दे रहा है, ताकि उसकी चिप की मांग बनी रहे। यह सिलसिला कहीं टूटता है तो बुलबुला फट सकता है।

(यह लेखक के निजी विचार हैं)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

संस्थापक की लोकप्रियता कंपनी की ताकत भी और कमजोरी भी : कौशिक बनर्जी

संस्थापक की लोकप्रियता कंपनी को पहचान दिला सकती है, लेकिन जरूरत से ज्यादा निर्भरता जोखिम बढ़ाती है। एनवीडिया के उदाहरण से समझिए मजबूत ब्रांड और नेतृत्व व्यवस्था का महत्व।

Last Modified:
Saturday, 14 November, 2026
nvidia

कौशिक बनर्जी, मैनेजिंग डायरेक्टर, (Flutrr)

किसी कंपनी की शुरुआती पहचान अक्सर उसके संस्थापक से बनती है। मीडिया, निवेशक और ग्राहक कई बार उत्पादों से ज्यादा उस व्यक्ति को याद रखते हैं, जो कंपनी का नेतृत्व कर रहा होता है। संस्थापक का व्यक्तित्व कंपनी के लिए भरोसा और लोकप्रियता बनाने में मदद करता है। लेकिन जब पूरा ब्रांड एक ही चेहरे पर निर्भर हो जाए, तो यही ताकत आगे चलकर कमजोरी भी बन सकती है।

एनवीडिया (Nvidia) और उसके सीईओ जेनसन हुआंग (Jensen Huang) के उदाहरण के जरिए यह सवाल उठाया गया है कि किसी कंपनी की पहचान को एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द खड़ा करने का जोखिम कितना बड़ा हो सकता है। मूल लेख में 12 नवंबर 2026 को हुआंग के तत्काल प्रभाव से इस्तीफे, सीएफओ कोलेट क्रेस (Colette Kress) को अंतरिम सीईओ बनाए जाने और कंपनी के शेयरों में गिरावट का दावा किया गया है। इसमें इस्तीफे की वजह को लेकर निजी संबंधों और अन्य गंभीर आरोपों का भी उल्लेख है, हालांकि उपलब्ध सामग्री में इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं दी गई है।

संस्थापक के चेहरे से बनती है कंपनी की पहचान

एनवीडिया जैसी टेक्नोलॉजी कंपनी के उत्पाद और तकनीकी सिस्टम आम दर्शकों के लिए समझना आसान नहीं होते। ऐसे में जेनसन हुआंग ने कंपनी को एक ऐसा चेहरा दिया, जिससे लोग आसानी से जुड़ सके। उनकी खास लेदर जैकेट, डैनीज रेस्तरां के बूथ और प्रोडक्ट लॉन्च के अनोखे अंदाज ने उनकी सार्वजनिक छवि को अलग पहचान दी।

ताइवान के नाइट मार्केट में स्ट्रीट फूड का अनुभव साझा करने जैसे छोटे-छोटे प्रसंगों ने भी उनकी छवि को सहज बनाया। इस तरह एनवीडिया की तकनीकी पहचान के साथ एक लोकप्रिय मानवीय चेहरा जुड़ गया।

लेकिन इस लोकप्रियता का दूसरा पहलू भी है। जब निवेशकों और ग्राहकों का भरोसा कंपनी की पूरी नेतृत्व टीम के बजाय एक व्यक्ति पर केंद्रित हो जाता है, तो उस व्यक्ति से जुड़ा कोई भी विवाद कंपनी की छवि को प्रभावित कर सकता है। कंपनी की पहचान और संस्थापक की व्यक्तिगत छवि के बीच का अंतर धीरे-धीरे कम होने लगता है।

मूल लेख का तर्क है कि ऐसी स्थिति में संस्थापक की कार्यक्षमता और फैसलों पर सवाल उठने से कंपनी के प्रति भरोसा भी प्रभावित हो सकता है। जिस नेतृत्व शैली को पहले तेजी और प्रभावशीलता के रूप में देखा जाता है, उसी पर बाद में नियंत्रण और जवाबदेही से जुड़े सवाल उठ सकते हैं।

उत्तराधिकारी तैयार रखना क्यों जरूरी है?

किसी भी बड़ी कंपनी के लिए नेतृत्व परिवर्तन एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है। संस्थापक या लंबे समय से शीर्ष पद पर मौजूद व्यक्ति के जाने की स्थिति में यह सवाल उठता है कि आगे कारोबार की जिम्मेदारी कौन संभालेगा।

लेख में एनवीडिया के संदर्भ में कोलेट क्रेस की अंतरिम नियुक्ति और स्थायी सीईओ की तलाश का उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि कंपनी का बोर्ड आंतरिक और बाहरी, दोनों तरह के संभावित उम्मीदवारों पर विचार कर रहा है।

यह मुद्दा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि किसी कंपनी के पास इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र में मजबूत प्रतिभा होने के बावजूद शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर उत्तराधिकार की स्पष्ट योजना जरूरी है। यदि वर्षों तक कंपनी का पूरा ध्यान एक ही व्यक्ति पर केंद्रित रहे, तो दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका और पहचान सीमित रह सकती है।

शुरुआत से ही लेने चाहिए ये तीन फैसले

कंपनियां संस्थापक की लोकप्रियता का फायदा उठा सकती हैं, लेकिन इसके साथ संस्थागत मजबूती पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए तीन बातें अहम हैं।

पहला, संस्थापक का इस्तेमाल लोगों का ध्यान कंपनी के उत्पादों, ग्राहकों और टीम की ओर ले जाने के लिए होना चाहिए। कंपनी को अपनी पहचान केवल संस्थापक के व्यक्तित्व तक सीमित नहीं रखनी चाहिए। जब ग्राहक उत्पाद के बजाय सिर्फ व्यक्ति से जुड़ने लगते हैं, तो कारोबार की छवि एक व्यक्ति पर निर्भर हो सकती है।

दूसरा, संस्थापक की वास्तविक विशेषज्ञता और कार्यक्षमता को सामने रखना चाहिए। उन्हें रणनीतिकार, तकनीकी विशेषज्ञ या कुशल निर्माता के रूप में पेश किया जा सकता है। लेकिन किसी व्यक्ति को पूरी तरह अनुशासित या नैतिक रूप से असाधारण बताना जोखिम भरा हो सकता है। हर व्यक्ति की अपनी सीमाएं होती हैं और कंपनी की प्रतिष्ठा को किसी एक व्यक्ति के निजी आचरण से जोड़ना उचित नहीं है।

तीसरा, अच्छे समय में ही संस्थागत नेतृत्व और उत्तराधिकार की व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। लेख में एप्पल (Apple) में स्टीव जॉब्स से टिम कुक और माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) में बिल गेट्स से सत्या नडेला तक हुए नेतृत्व परिवर्तन का उदाहरण दिया गया है।

कंपनियों को अपने इंजीनियरों, वित्त प्रमुखों और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों को भी सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने का अवसर देना चाहिए। इससे कंपनी की पहचान केवल संस्थापक तक सीमित नहीं रहती और दूसरे नेतृत्वकर्ताओं की भूमिका भी सामने आती है।

कंपनी की पहचान कितनी मजबूत है, ऐसे करें जांच

किसी कंपनी के लिए यह समझना जरूरी है कि उसकी पहचान कितने लोगों और क्षमताओं पर आधारित है। इसके लिए एक आसान सवाल पूछा जा सकता है: क्या ग्राहक, निवेशक या पत्रकार संस्थापक के अलावा कंपनी के तीन अन्य प्रमुख लोगों के नाम बता सकते हैं?

अगर इसका जवाब देना मुश्किल हो, तो यह संकेत हो सकता है कि कंपनी की सार्वजनिक पहचान जरूरत से ज्यादा एक व्यक्ति पर निर्भर है।

संस्थापक का करिश्मा और लोकप्रियता कंपनी को शुरुआती दौर में तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं। लेकिन लंबे समय तक सफलता बनाए रखने के लिए उत्पाद, तकनीक, टीम और संचालन व्यवस्था को भी उतनी ही पहचान मिलनी चाहिए।

एनवीडिया के उदाहरण के जरिए लेख यही सवाल उठाता है कि क्या बाजार किसी कंपनी को उसके संस्थापक की छवि से अलग पहचान दे पाता है। कंपनी के चिप्स, सीयूडीए (CUDA) इकोसिस्टम और इंजीनियरिंग टीम उसकी तकनीकी ताकत का हिस्सा हैं। किसी भी बड़े संगठन के लिए चुनौती यही है कि उसकी पहचान और भरोसा किसी एक व्यक्ति तक सीमित न रहे।

(यह लेखक के निजी विचार हैं)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

PM मोदी के साथ पत्रकारों की तस्वीर पर उठे सवालों पर अखिलेश आनंद ने दिया जवाब

News24 के एग्जिक्यूटिव एडिटर ने सोशल मीडिया पर आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए कहा कि राजनीतिक रंजिश अपनी जगह है, लेकिन नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के मुखिया हैं।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
Akhilesh Anand

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दिवाली मिलन समारोह में पत्रकारों की मुलाकात और तस्वीरों को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं के बीच वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश आनंद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। News24 के एग्जिक्यूटिव एडिटर अखिलेश आनंद ने उन लोगों की आलोचना की है, जो पत्रकारों की प्रधानमंत्री से मुलाकात को चाटुकारिता बता रहे हैं। उन्होंने इसे भारतीय सभ्यता और संस्कृति से जोड़ते हुए कहा कि पर्व-त्योहारों पर लोगों का मिलना-जुलना हमारी परंपरा का हिस्सा है।

अखिलेश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी पोस्ट में लिखा कि जिन लोगों को भारतीय सभ्यता और संस्कृति का तनिक भी ज्ञान नहीं है, उन्हें ही पत्रकारों का 140 करोड़ के देश के प्रधानमंत्री से दिवाली पर मिलना चाटुकारिता लगता है। उन्होंने आलोचना करने वालों के लिए 'सोशल मीडिया के लंपट' शब्द का इस्तेमाल करते हुए सवाल उठाया कि आखिर वे देश को क्या बनाना चाहते हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि पर्व-त्योहारों पर लोग आपस में मिलें-जुलें भी नहीं और फिर प्रधानमंत्री के साथ तस्वीर क्यों न खिंचवाएं? अखिलेश आनंद ने अपनी बात रखते हुए कहा कि राजनीतिक रंजिश अपनी जगह है, लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के मुखिया हैं।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 नवंबर को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों के लिए दिवाली मिलन समारोह का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए थे। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री के साथ पत्रकारों की मुलाकात और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनीं। इसी को लेकर कुछ लोगों ने पत्रकारों की प्रधानमंत्री से मुलाकात पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद अखिलेश आनंद ने अपनी प्रतिक्रिया दी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए