होम / विचार मंच / 'बेशक डॉ. वैदिक इस दुनिया में नहीं हैं, पर हम सभी के दिल में हमेशा रहेंगे'
'बेशक डॉ. वैदिक इस दुनिया में नहीं हैं, पर हम सभी के दिल में हमेशा रहेंगे'
बेशक अब डॉ. वैदिक इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन इस नश्वर संसार में वह हम सभी के दिल में हमेशा रहेंगे। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह डॉ. वैदिक को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
पंकज शर्मा, संपादक, समाचार4मीडिया ।।
यह मेरा दुर्भाग्य ही है कि डॉ. वेद प्रताप वैदिक जैसी पत्रकारिता जगत की शख्सियत से मुझे कभी निजी तौर पर ज्यादा देर तक मिलने और लंबी बातचीत करने का मौका नहीं मिला। हां, फोन पर उनसे समय-समय पर जरूर मार्गदर्शन मिलता रहता था।
हालांकि, समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40अंडर40 के फर्स्ट एडिशन में जब वह आए थे, तब उनसे संक्षिप्त वार्तालाप अवश्य हुआ था। उस दौरान उन्होंने कहा भी था कि जल्द ही वह मुझसे विस्तार से बातचीत करेंगे और मुझे बुलाएंगे। इस बीच एक-दो बार जब मैंने इस बारे में फोन कर उनसे मुलाकात का समय मांगा तो उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए जल्द ही मिलने की बात कही थी।
उस समय मैंने नहीं सोचा था कि वह हम सभी को इतनी जल्दी छोड़कर चले जाएंगे। मुझे इतना यकीन अवश्य था कि इस बार समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40अंडर40 के दूसरे एडिशन के दौरान उनसे अवश्य मुलाकात होगी और तब मैं उनसे इस बारे में बात करूंगा और मिलने का समय तय कर लूंगा। लेकिन इसी बीच काल के क्रूर हाथों ने उन्हें हमसे छीन लिया।
डॉ. वैदिक ने मुझे भी अपने वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा हुआ था, जिस पर वह अपने आर्टिकल शेयर करते रहते थे और हम समय-समय पर उनके आर्टिकल को साभार प्रकाशित भी करते रहते थे। आज सुबह ‘समाचार4मीडिया’ के फाउंडर और एडिटर-इन-चीफ डॉ. अनुराग बत्रा जी ने जब वैदिक जी के निधन का समाचार दिया तो दिल को एक बड़ा झटका सा लगा। लेकिन होनी को कौन टाल सकता है। बस, अफसोस यही रहेगा कि उनसे विस्तार से मुलाकात की इच्छा अधूरी ही रह गई, जो अब कभी पूरी नहीं हो सकेगी।
वैदिक जी के निधन का समाचार सुनते ही मैंने उनके सहयोगी मोहन जी को फोन लगाया और पूछा कि आखिर अचानक यह सब कैसे हो गया, तब उन्होंने बताया कि आज सुबह वह बाथरूम में गिरे मिले। आनन-फानन में डॉ. वैदिक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेशक अब डॉ. वैदिक इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन इस नश्वर संसार में वह हम सभी के दिल में हमेशा रहेंगे। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह डॉ. वैदिक को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। एक बार फिर पत्रकारिता जगत के जाने-माने हस्ताक्षर डॉ. वैदिक जी को विनम्र श्रद्धांजलि।
टैग्स निधन डॉ. वेद प्रताप वैदिक पंकज शर्मा श्रद्धांजलि