होम / विचार मंच / अजीत अंजुम ने माना कि ICU में जाने से बचा जाना चाहिए था

अजीत अंजुम ने माना कि ICU में जाने से बचा जाना चाहिए था

बिहार में खतरनाक बीमारी से कई बच्चों की हो चुकी है मौत

समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago

एक लाइन में कहूं तो मुझे आईसीयू  में नहीं जाना चाहिए था। मैं गया भी नहीं था। मैं अपने कैमरामैन को Sri Krishna Medical College and Hospital (SKMCH) के निचले फ्लोर पर छोड़कर आईसीयू का हाल देखने गया था। जैसे ही दरवाजे के पास पहुंचा, एक नर्स ये कहते हुए तेजी से बाहर निकली और बाहर खड़े गार्ड को पूछती दिखी कि क्या तमाशा है, बच्चा मर गया, डॉक्टर साहब कहां हैं?

नर्स की बात सुनकर मेरा माथा ठनका। भीतर से जोर-जोर से रोने की आवाज आ रही थी। वो बच्चे की मां थी। मैंने तुरंत मोबाइल निकाला और बाहर कॉरिडोर में डॉक्टर को खोज रही नर्स का विडियो बनाना शुरू किया (वो विडियो इस पोस्ट के साथ है)। ये विडियो ही इस बात का सबूत है कि मैं वहां कैमरा लेकर भी नहीं गया था। मोबाइल से शूट करने के दौरान ही इशारों से रिपोर्टर को कैमरामैन बुलाने को कहा। नर्स बचाव की मुद्रा में आई। फिर मैं आईसीयू की तरफ गया। मोबाइल से ये विडियो रिकॉर्ड किया। पांच मिनट तक दरवाजे पर कैमरे का इंतजार करता रहा। भीतर से आ रहीं रोने की आवाजें मुझे विचलित करती रहीं। कैमरा आने के बाद जब मैंने डॉक्टर की गैरमौजूदगी पर रिकॉर्ड करना शुरू किया, तभी डॉक्टर आ गए। उनसे सवाल-जवाब के दौरान ही पता चला कि दूसरे आईसीयू में भी बच्चे की मौत हुई है।

डॉक्टर एश्वर्य ने जो बातें बताईं, वो हैरान करने वाली थीं। उन्होंने दवा, डॉक्टर, नर्स से लेकर सुविधाओं की कमी धाराप्रवाह होकर बताई। उन्होंने कहा कि एक सीनियर डॉक्टर के जिम्मे चार आईसीयू हैं,  जबकि इससे काफी ज्यादा डॉक्टरों की तैनाती होनी चाहिए। उन्होंने कुछ दवाओं के नाम बताए, जो दूसरे और तीसरे लेवल की जरूरी दवा हैं, लेकिन यहां नहीं हैं। उन्होंने ये भी कहा कि मैनेजर से इन दवाओं की मांग की है, लेकिन नहीं मिली हैं। नर्स के बारे में उन्होंने कहा कि यहां ट्रेंड नर्स होनी चाहिए, जबकि ये सब स्टूडेंट्स नर्स हैं।

इतना सब बताने के लिए मैंने डॉक्टर एश्वर्य की तारीफ की और ये सोचकर वहां से निकल ही रहा था कि अब मेडिकल सुपरिटेंडेंट से किल्लतों के बारे में बात करूंगा, तभी एक शख्स की दनदनाते हुए आईसीयू में इंट्री हुई। वो शख्स एक बेड पर अपने बच्चे के इलाज के लिए शोर कर रही महिला को जोर-जोर से डांटने लगा। वो कह रहा था-चुप हो जाओ, नहीं तो उठाकर फिंकवा देंगे। मुझसे फिर रहा नहीं गया। मैंने कैमरा ऑन करवाया। उस शख्स के आखिरी शब्द मेरे कैमरे में रिकार्ड हैं। मैंने उस शख्स से पूछा कि आप इस महिला को क्यों डांट रहे हैं? ये भी पूछा कि आप कौन हैं? मेरे सवाल का जवाब उस शख्स ने नहीं दिया और कैमरा बंद कराने की कोशिश की। वहां मौजूद दो परिजनों ने रोते हुए अव्यवस्था की शिकायत की। ये जानकर और देखकर मेरे भीतर थोड़ा गुस्सा था। बाद में किसी ने बताया कि वो साहब स्थानीय पत्रकार हैं और अक्सर वहां देखे जाते हैं।

आईसीयू से मैं सीधा मेडिकल सुपरिटेंडेंट के कमरे में गया। उनसे अस्पताल की कमियों पर सवाल-जवाब किया। वो मानने को तैयार नहीं थे कि किसी तरह की कोई कमी है। उल्टे डॉक्टर एश्वर्य के खिलाफ गलतबयानी के लिए कार्रवाई की बात कहने लगे। मैंने उनसे कहा कि आप मेरे साथ आईसीयू चलिए और देखिए-सुनिए कि आपके डॉक्टर ही क्या कह रहे हैं। वो मेरे साथ चलने को तैयार हुए। उनके साथ हम दो आईसीयू तक गए। दोनों में उस वक्त भी डॉक्टर नहीं थे। आईसीयू में तैनात चार में से किसी भी नर्स को ये तक नहीं पता था कि किस डॉक्टर की यहां ड्यूटी है। ये सब देखकर मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने भी कैमरे पर माना कि ऐसी आपात स्थिति में हर हाल में डॉक्टर को होना चाहिए था। ये गलत बात है। उन्होंने ये भी माना कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी है। मैंने उनसे बार-बार कहा कि आप सरकार से और यहां आ रहे मंत्रियों से क्यों नहीं कह रहे कि अतिरिक्त नर्सेज और डॉक्टर यहां भेजे जाएं। उन्होंने कहा भी कि इस बारे में बात की है और डॉक्टर व नर्स आने वाले हैं।

मेरा गु्स्सा इस बात को लेकर था कि डॉक्टर, दवा और नर्स की कमी का जो काम सबसे आसानी से हो सकता है, वो अब तक क्यों नहीं हुआ है। जिस अस्पताल में सत्तर-अस्सी बच्चों की मौत हो चुकी हो, केंद्रीय मंत्रियों के दौरे हो चुके हों, वहां का आईसीयू इंचार्ज अगर कहे कि बच्चों की जान बचाने के लिए जरूरी दवा और वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं नहीं हैं, तो गुस्सा नहीं आना चाहिए?

मुझे तब तक पता चल चुका था कि अगले दिन केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन आने वाले हैं। मैं उनसे यही सब सवाल करने के लिए रुका रहा। डॉक्टर हर्षवर्धन के मुआयने के दौरान उन्हें ये सब बताने और पूछने के लिए पांच घंटे तक अस्पताल के बरामदे में मैं खड़ा रहा। डॉक्टर एश्वर्य ने जिन दवाओं की कमी का जिक्र किया था, वो सब मैंने उनके विडियो देखकर नोट किए। हर्षवर्धन मुझे अच्छी तरह से जानते हैं, लेकिन उस वक्त मेरे लिए वो सिर्फ स्वास्थ्य मंत्री थे,  जिनसे सीधा सवाल पूछा जाना चाहिए था। मैंने उनसे पूछा भी, लेकिन उन्होंने नहीं माना। तब मैंने कहा कि आप अपने पीछे बैठे मेडिकल सुपरिटेंडेंट से पूछिए। जो सुपरिटेंडेंट साहब कल तक डॉक्टरों की कमी कबूल कर चुके थे, वो कोई भी कमी मानने को तैयार नहीं हुए।

मैं चाहता तो बहस कर सकता था, लेकिन मैंने प्रेस कॉन्फ़्रेंस की मर्यादा का ख्याल रखते हुए बात खत्म कर दी, वरना कहा जाता कि आप कोई एजेंडा लेकर आए हैं। वैसे भी ये कोई इंटरव्यू नहीं था कि मैं दस काउंटर सवाल पूछता। मैं मायूस भी हुआ कि आईसीयू के डॉक्टर से मिली जानकारी पर संज्ञान लेने की बजाय उसे हल्के में उड़ा दिया गया। मैं बदमगजी नहीं करना चाहता था, इसलिए चार-पांच सवालों के बाद चुप हो गया कि अब बाकी रिपोर्टर पूछें। वहां से चलने के बाद भी अफसोस करता रहा कि मैंने मोबाइल से विडियो निकालकर क्यों नहीं दिखाया, हंगामा होता तो होता।

खैर, अब आखिरी बात! इतना सब होने के बाद भी मैं ये मानता हूं कि मुझे आईसीयू में जाने से बचना चाहिए था। एक दिन पहले ही कई चैनलों पर आईसीयू से रिपोर्टर के वाकथ्रू चले थे। तब मुझे लगा था कि सही नहीं है। मुजफ्फरपुर जाने से पहले जब मेरे शो के दौरान आईसीयू की तस्वीरें प्ले की गई थीं, तो ऑनएयर मैंने कहा था कि आईसीयू की ऐसी तस्वीरें हम नहीं देखना चाहते, ये भी ऑनरिकॉर्ड है।

मैं जानता हूं कि आईसीयू का क्या प्रोटोकॉल होता है, लेकिन मुजफ्फरपुर जाकर लगा कि ये आईसीयू वो है ही नहीं, जिसकी छवि आपके दिमाग में है। मेरे जाने के पहले भी पचासों लोग बेरोकटोक वहां जा रहे थे और मेरे आने के बाद भी। रही बात ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों की, तो मैं नहीं कह रहा कि वो अपनी ड्यूटी में कोई कमी छोड़ रहे होंगे। कमी है तो डॉक्टरों की, नर्स की। अगर चार आईसीयू पर एक सीनियर डॉक्टर होगा तो वो कहां-कहां भागेगा। वो भी तब, जब हर बेड पर दो-दो बीमार बच्चे हों।

मेरी शिकायत, मेरा गुस्सा सिस्टम और सरकार से है कि बच्चों की मौतों का सिलसिला शुरू होने के बीस दिन बाद भी उस मेडिकल कॉलेज-अस्पताल की ऐसी हालत क्यों थी? क्यों नहीं पटना, दिल्ली या कहीं और से अतिरिक्त डॉक्टर बुला लिए गए? क्यों नहीं वहां दवा और वेंटिलेटर के पर्याप्त इंतजाम हुए? क्यों नहीं दस-बीस एंबुलेंस की तैनाती हुई? क्यों नहीं आपात स्थिति को देखते हुए दो-चार अस्थाई आईसीयू बना दिये गये?

ऐसे बीसियों सवाल मेरे जेहन में आज भी हैं। मैंने उन बच्चों के परिजनों को देखा है। वो इतने गरीब लोग थे कि कई के पास अपने बच्चे के बेजान जिस्म को घर ले जाने के लिए वाहन खर्च तक नहीं था। इसी से आप सोचिए कि जिनके पास अपने बीमार बच्चे को बचाने के लिए अस्पताल तक लाने के लिए दो-चार सौ रुपए नहीं होते, वो किस तबके के होंगे? करीब डेढ़ सौ बच्चों की मौत के बाद भयंकर गर्मी से त्रस्त वार्ड में कल कूलर लगा है। क्या कूलर के इंतजाम में बीस दिन लगने चाहिए था?

ये तो उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल का हाल है, बाकी छोटे सरकारी अस्पतालों और पीएचसी की हालत पर अभी बात करना भी बेमानी है। इतना सब होने के बाद भी मैं आईसीयू में अपने जाने को जस्टीफाई नहीं कर रहा। आखिरी बात तो यही है कि बचा जाना चाहिए था।

(वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम की फेसबुक वॉल से)

अजीत अंजुम द्वारा रिकॉर्ड किया गया विडियो आप यहां देख सकते हैं-


टैग्स अजीत अंजुम श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल सरकारी अस्पताल का हाल
सम्बंधित खबरें

गहरी खाई में क्यों गिरी टीम इंडिया की गाड़ी: नीरज बधवार

रिंकू को शुद्ध बल्लेबाज़ के रूप में टीम में रखा जाता है, लेकिन उन्हें सातवें क्रम पर तब भेजा जाता है जब या तो बहुत कम गेंदें बची होती हैं या साथ देने वाला कोई नहीं होता।

17 hours ago

साहित्य से छंटती व्यक्तिगत विवादों की धुंध: अनंत विजय

क्या लेखक सत्ता की कांता होती है या गांव की सीमा पर भूँकता हुआ कुकुर ? प्रगतिशीलता के ध्वजवाहकों ने महिलाओं और साहित्यकारों पर घटिया टिप्पणी क्यों की थी?

1 day ago

टैरिफ पर टैरिफ नहीं चलेगा! पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद भी ट्रंप के पास टैरिफ़ लगाने के रास्ते हैं। पहले उन्होंने उसी कानून के तहत 10% टैरिफ़ लगा दिया, फिर 24 घंटे के भीतर बढ़ाकर 15% कर दिया। यह टैरिफ़ अस्थायी है।

1 day ago

भारत मंडपम में कांग्रेस विरोध, लेकिन भूल गए अपने फर्जीवाड़े: आलोक मेहता

हाल में एआई सम्मेलन के दौरान “चीनी मॉडल” को अपना बताने के आरोपों पर विश्वविद्यालय ने सफाई दी कि संबंधित रोबोट शैक्षणिक प्रयोग के लिए खरीदा गया था और प्रस्तुति में चूक हुई।

1 day ago

AI पर नियंत्रण करना भी बेहद आवश्यक: रजत शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी ने कम शब्दों में कई बड़ी बातें कहीं। भारत एआई में विश्व का अग्रणी बनना चाहता है, हमारे देश के पास दिमाग़ भी है, युवा शक्ति भी है और सरकार का समर्थन भी है।

3 days ago


बड़ी खबरें

'डीडी न्यूज' में नौकरी का मौका, सीनियर कॉरेस्पोंडेंट के लिए मोटी सैलरी ऑफर

भारत के लोक सेवा प्रसारक प्रसार भारती ने 'डीडी न्यूज' के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है।

13 hours ago

फिल्म सर्टिफिकेशन की ‘प्रायोरिटी स्कीम’ बंद करने की तैयारी, सरकार ने मांगे सुझाव

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म सर्टिफिकेशन से जुड़ी ‘प्रायोरिटी स्कीम’ को खत्म करने का प्रस्ताव रखा है।

13 hours ago

ESOP के जरिए एम्प्लॉयीज को मिला फायदा, बालाजी टेलीफिल्म्स ने बढ़ाई पेड-अप कैपिटल

टीवी और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की जानी-मानी कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms Limited) ने अपने एम्प्लॉयीज को ESOP योजना के तहत 25,000 इक्विटी शेयर जारी किए हैं।

13 hours ago

SAIL बनी DD न्यूज के ‘डिकोड विद सुधीर चौधरी’ की स्पॉन्सर कंपनी

देश की बड़ी सरकारी स्टील कंपनी Steel Authority of India Limited (SAIL) अब डीडी न्यूज के चर्चित प्राइम टाइम शो ‘डिकोड विद सुधीर चौधरी’ की स्पॉन्सर कंपनी बन गई है

14 hours ago

निकुंज डालमिया ने लॉन्च किया नया बिजनेस प्लेटफॉर्म ‘The Broadview’

ET Now और ET Now Swadesh के एडिटर-इन-चीफ रह चुके निकुंज डालमिया अब अपना नया वेंचर ‘The Broadview’ लेकर आए हैं।

1 day ago