मीडिया नेटवर्क 'नेटवर्क18' (Network18) में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया नेटवर्क 'नेटवर्क18' (Network18) में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने सोशल, डिजिटल, CTV और टीवी (लिनियर) प्लेटफॉर्म्स पर अपनी एडिटोरियल टीम को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
कंपनी के एक इंटरनल मैसेज में ग्रुप एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी ने जानकारी दी कि स्मृति मेहरा, एस शिवकुमार और मितुल सांगानी अब सीधे Network18 के MD और ग्रुप एडिटर-इन-चीफ के साथ काम करेंगे।
वहीं, गणेश अय्यर और अभिनय चौहान पहले की तरह राहुल जोशी के साथ ही काम करते रहेंगे। फोर्ब्स के बिजनेस हेड प्रभात चटर्जी और AETN-18 के कंटेंट और कम्युनिकेशन प्रेसिडेंट अरुण थापर अब स्मृति मेहरा को रिपोर्ट करेंगे। इनकी जिम्मेदारी रेवेन्यू बढ़ाने, मार्केटिंग और प्रोडक्ट से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने की होगी।
मल्लिका नाथ हांडा को नए शो और नॉन-लिनियर प्रोजेक्ट्स जैसे खास प्रोजेक्ट्स को तैयार करने और बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। वह भी स्मृति मेहरा को ही रिपोर्ट करेंगी।
AETN18 के CFO जयेश गोकलगांधी अब रमेश दमानी को रिपोर्ट करेंगे। वहीं, ILC के CRO सिद्धार्थ नेवतिया मितुल सांगानी को रिपोर्ट करेंगे और हिंदी व क्षेत्रीय भाषाओं के बाजार में पहुंच और रेवेन्यू बढ़ाने पर काम करेंगे, खासकर छोटे शहरों (टियर-2 और टियर-3) पर फोकस रहेगा।
इसी बीच, ILC के मार्केटिंग हेड पंकज सोनी मितुल सांगानी को रिपोर्ट करेंगे और साथ ही गणेश अय्यर के साथ मिलकर काम करेंगे।
राहुल जोशी ने यह भी बताया कि Moneycontrol के ब्रैंडेड कंटेंट बिजनेस को अब News18 Studio के साथ जोड़ा जा रहा है। डॉन जर्रार अब शिवकुमार के साथ News18 Studio में काम करेंगे, लेकिन Moneycontrol में अपनी मौजूदा टीम की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे।
प्रणव बख्शी को इंटरनेशनल बिजनेस की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वे Connected TV और सोशल प्लेटफॉर्म्स की ग्रोथ भी संभालते रहेंगे। नेटवर्क18 के इंटरनेशनल बिजनेस में रेवेन्यू मैनेजमेंट देख रहे नवीन माथुर अब प्रणव को रिपोर्ट करेंगे, और प्रणव आगे भी पुनीत सिंहवी को रिपोर्ट करते रहेंगे।
ब्रॉडकास्ट टेक्नोलॉजी और IT के हेड राजेश शर्मा, इवेंट्स और टेक्निकल ऑपरेशंस के हेड राहुल सिंह, और IT सिक्योरिटी के हेड भूपेंद्र भारद्वाज अब पुनीत सिंहवी को रिपोर्ट करेंगे।
सेल्स स्ट्रेटेजी, प्लानिंग और ऑपरेशंस के हेड दर्शिल पारेख अब सीधे रमेश दमानी और राहुल जोशी के साथ काम करेंगे। डिजिटल सेल्स ऑपरेशंस संभाल रहे स्टेनली सिरिल अब दर्शिल को रिपोर्ट करेंगे। दर्शिल अब कंपनी के CEOs और बिजनेस हेड्स के साथ मिलकर काम करेंगे।
वहीं, रिसर्च और एनालिटिक्स की जिम्मेदारी संभाल रहे जितामित्र मोहंती अब संतोष मेनन के साथ काम करेंगे। उनका काम दर्शकों से जुड़े डेटा को समझकर कंटेंट रणनीति, प्रोडक्ट इनोवेशन और व्यूअरशिप बढ़ाने में मदद करना होगा।
कुल मिलाकर, Network18 में यह फेरबदल कंपनी के कंटेंट, रेवेन्यू और डिजिटल ग्रोथ को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
लक्ष्मी शेट्टी ने जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज से इस्तीफा दे दिया है। वह पिछले 21 साल से इस कंपनी के साथ काम कर रही थीं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
लक्ष्मी शेट्टी ने जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज से इस्तीफा दे दिया है। वह पिछले 21 साल से इस कंपनी के साथ काम कर रही थीं।
सूत्रों के मुताबिक, लक्ष्मी शेट्टी पिछले दो दशकों से जी एंटरटेनमेंट के विज्ञापन और रेवेन्यू कारोबार से जुड़ी हुई थीं। पिछले साल ही उन्हें ब्रॉडकास्ट और डिजिटल विज्ञापन राजस्व विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यह जिम्मेदारी उन्हें आशीष सहगल के कंपनी छोड़ने के बाद मिली थी।
कंपनी के भीतर लक्ष्मी शेट्टी को लंबे समय से रेवेन्यू रणनीति से जुड़े अहम चेहरों में माना जाता था। उन्होंने टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर विज्ञापन कारोबार बढ़ाने, सेल्स प्लानिंग, प्राइसिंग मॉडल और विज्ञापनदाताओं के साथ साझेदारी मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई।
इससे पहले वह कंपनी में Chief Sales Strategy & Maximisation Officer के पद पर भी काम कर चुकी थीं। ज़ी से जुड़ने से पहले उन्होंने Bennett, Coleman & Co. Ltd. में भी काम किया था।
आजतक से अलग होकर न्यूज एंकर अर्पिता आर्या की इस नेटवर्क में एंट्री की चर्चाओं के बीच अब वरिष्ठ पत्रकार और लोकप्रिय न्यूज एंकर सुशांत सिन्हा को लेकर भी कयासों का दौर जारी है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश के प्रमुख न्यूज नेटवर्क्स में शुमार ‘नेटवर्क18’ (Network18) के हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज18 इंडिया’ (News18 India) को लेकर मीडिया इंडस्ट्री में इन दिनों चर्चाओं का दौर तेज है। आजतक से अलग होकर न्यूज एंकर अर्पिता आर्या की इस नेटवर्क में एंट्री की चर्चाओं के बीच अब वरिष्ठ पत्रकार और लोकप्रिय न्यूज एंकर सुशांत सिन्हा को लेकर भी कयासों का दौर जारी है।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, सुशांत सिन्हा का टाइम्स नेटवर्क के साथ मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट इसी महीने समाप्त हो रहा है और उन्होंने इसे आगे रिन्यू नहीं करने का फैसला किया है। ऐसे में उनके जल्द ‘न्यूज18 इंडिया’ के साथ नई पारी शुरू करने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह जून से नई भूमिका में नजर आ सकते हैं और चैनल पर रात 9 बजे के प्राइम टाइम स्लॉट की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
यदि मीडिया गलियारों में चल रही चर्चाओं की मानें तो सुशांत सिन्हा के आने के बाद न्यूज18 इंडिया में प्राइम टाइम स्लॉट को लेकर बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। सुशांत सिन्हा के संभावित तौर पर रात 9 बजे आने की खबरों के बाद इंडस्ट्री में यह सवाल भी उठने लगा है कि चैनल में मैनेजिंग एडिटर और सीनियर न्यूज एंकर किशोर अजवाणी की भूमिका और स्लॉट में क्या बदलाव हो सकता है।
फिलहाल चैनल पर शाम 5 बजे रुबिका लियाकत ‘गूंज’ शो होस्ट करती हैं, जबकि रात 8 बजे अमन चोपड़ा का शो ‘देश नहीं झुकने देंगे’ प्रसारित होता है। सूत्रों के मुताबिक, अर्पिता आर्या को शाम 5 बजे का स्लॉट दिए जाने की चर्चा है।
हालांकि, फिलहाल चैनल प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। बावजूद इसके, मीडिया इंडस्ट्री में इन चर्चाओं ने न्यूज18 इंडिया के संभावित नए प्राइम टाइम स्ट्रक्चर को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ा दी है।
इस पूरे मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया के लिए समाचार4मीडिया की टीम ने संबंधित पक्षों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी थी।
प्रधानमंत्री ने विदेश यात्रा पर टैक्स या सेस लगाए जाने की खबरों को खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए पीएम ने कहा कि सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स या सेस लगाए जाने की खबर को 'पूरी तरह गलत' बताए जाने के बाद बिजनेस न्यूज चैनल CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट वापस ले ली है। चैनल ने स्वीकार किया कि उसकी खबर सटीक नहीं थी और इसके लिए खेद भी जताया।
दरअसल, CNBC-TV18 ने शुक्रवार को एक ‘एक्सक्लूसिव’ रिपोर्ट में दावा किया था कि केंद्र सरकार विदेश यात्राओं पर अस्थायी टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया था कि बढ़ती वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और युद्ध संबंधी वित्तीय दबावों से निपटने के लिए उच्च स्तर पर इस प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है।
रिपोर्ट सामने आने के बाद बिजनेस, शिक्षा और पर्यटन के सिलसिले में विदेश यात्रा करने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, कुछ ही समय बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इन दावों को खारिज कर दिया। प्रधानमंत्री ने लिखा, 'यह पूरी तरह गलत है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। विदेश यात्रा पर किसी प्रकार की पाबंदी लगाने का सवाल ही नहीं उठता।' उन्होंने आगे कहा कि सरकार ‘Ease of Doing Business’ और ‘Ease of Living’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
This is totally false.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
Not an iota of truth in this.
There is no question of putting such restrictions on foreign travel.
We remain committed to improving ‘Ease of Doing Business’ and ‘Ease of Living’ for our people. https://t.co/9lxjbxz0nV
सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा ली। चैनल ने बयान जारी करते हुए कहा, 'सरकार द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स/सेस लगाने पर विचार किए जाने संबंधी हमारी खबर सटीक नहीं थी। हम यह खबर वापस लेते हैं और गलती के लिए खेद जताते हैं।'
Our story on government considering tax/cess on foreign travel is not accurate.
— CNBC-TV18 (@CNBCTV18News) May 15, 2026
We withdraw the story and regret the error.
उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अगले एक वर्ष तक अनावश्यक विदेशी यात्राओं से बचने की अपील जरूर की थी। उन्होंने इसे वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखने से जोड़ा था।
पत्रकार अभिजीत चौधरी ने करीब पांच साल बाद हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ को अलविदा कह दिया है। उन्होंने लिंक्डइन पोस्ट के जरिए अपने अनुभव साझा करते हुए टीम और संस्थान का आभार जताया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
पत्रकार अभिजीत चौधरी ने हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (Aaj Tak) और ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह से अपनी पारी समाप्त कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इस जानकारी को सार्वजनिक किया।
अपनी पोस्ट में अभिजीत चौधरी ने लिखा कि “अलविदा” भाषा के सबसे भारी शब्दों में से एक है और अब उन्हें यही शब्द लिखना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 27 मई 2021 को उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के अपने सफर की शुरुआत ‘आजतक’ से की थी।
उन्होंने अपने लगभग पांच साल के कार्यकाल को याद करते हुए लिखा कि इस न्यूजरूम ने उन्हें सिर्फ काम करना नहीं, बल्कि खबरों को समझना, महसूस करना और हर दिन कुछ नया सीखना सिखाया। अभिजीत ने कहा कि कैमरे के पीछे बिताया हर पल, हर बुलेटिन, डेडलाइन और साथियों के साथ काम करने का अनुभव हमेशा उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहेगा। उन्होंने संस्थान और सहकर्मियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब वह नई यात्रा की ओर बढ़ रहे हैं।
TV Today Network का FY26 में मुनाफा तेज़ी से घटकर ₹14.35 करोड़ रह गया। कमजोर विज्ञापन आय, रेडियो कारोबार में नुकसान और बढ़ती लागत ने कंपनी के प्रदर्शन को प्रभावित किया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आज तक (Aaj Tak) और इंडिया टुडे (India Today) जैसे प्रमुख न्यूज ब्रांड्स संचालित करने वाली 'TV Today Network Limited' का FY26 में मुनाफा तेज़ी से घटा है। कंपनी ने मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में ₹14.35 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि FY25 में यह ₹74.53 करोड़ था।
कंपनी की ऑपरेशनल आय भी करीब 19 प्रतिशत गिरकर ₹808.7 करोड़ रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष में ₹993.02 करोड़ थी। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का लाभ ₹13.74 करोड़ रहा, जबकि एक साल पहले यह ₹74.83 करोड़ था।
कंपनी ने बताया कि कमजोर विज्ञापन राजस्व, पुनर्गठन लागत और रेडियो कारोबार में जारी नुकसान का असर वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ा। TV Today की रेडियो ब्रॉडकास्टिंग यूनिट को अब “डिस्कंटीन्यूड ऑपरेशंस” के रूप में वर्गीकृत किया गया है। FY26 में इस कारोबार से कंपनी को ₹5.89 करोड़ का नुकसान हुआ। कंपनी पहले ही अपने FM रेडियो कारोबार को बेचने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है।
नवंबर 2025 में TV Today ने अभिजीत रियल्टर्स एंड इंफ्रावेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ ₹10 करोड़ में रेडियो बिजनेस बेचने का समझौता किया था। इसके अलावा कंपनी ने रेडियो कारोबार से जुड़ा ₹9.63 करोड़ का इम्पेयरमेंट लॉस भी दर्ज किया। नए लेबर कोड लागू होने से बढ़ी लागत का भी असर पड़ा, हालांकि मार्च तिमाही में कंपनी ने कुछ प्रावधान वापस लेकर राहत हासिल की।
इसके बावजूद कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत बनी हुई है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति ₹1,129.16 करोड़ रही, जबकि कैश और कैश इक्विवेलेंट बढ़कर ₹23.43 करोड़ हो गए।
दिल्ली हाईकोर्ट ने 'FIFA World Cup 2026' के भारत में प्रसारण को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रसार भारती से जवाब मांगा है। याचिका में टूर्नामेंट के फ्री-टू-एयर प्रसारण की मांग की गई है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने FIFA World Cup 2026 के भारत में प्रसारण को लेकर दायर याचिका पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) और प्रसार भारती (Prasar Bharati) से जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई अगले सप्ताह होगी। जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव (Justice Purushaindra Kumar Kaurav) की बेंच ने मामले में नोटिस जारी करते हुए कहा कि याचिका में मांगी गई राहतें जनहित याचिका (PIL) जैसी हैं।
यह याचिका अधिवक्ता अवधेश बैरवा (Avdhesh Bairwa) की ओर से दायर की गई है। याचिका में मांग की गई है कि FIFA World Cup 2026 का प्रसारण भारत में सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के जरिए सुनिश्चित किया जाए। खास तौर पर टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को फ्री-टू-एयर प्लेटफॉर्म पर दिखाने की अपील की गई है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि सरकार टूर्नामेंट के सभी 104 मैचों के प्रसारण अधिकार हासिल करने की दिशा में कदम उठाए। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता वैभव गग्गर ने कोर्ट से कहा कि संबंधित अधिकारी पहले से प्रयास कर रहे हैं और कोर्ट का हस्तक्षेप इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। FIFA World Cup 2026 का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक होगा।
राज टेलीविजन नेटवर्क के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 12 मई 2026 को हुई, जिसमें कंपनी ने श्री हरि सरवणा विग्नेश को कंटेंट हेड और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल के तौर पर नियुक्त किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
राज टेलीविजन नेटवर्क (Raj Television Network Limited) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 12 मई 2026 को हुई, जिसमें कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड नतीजों को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही कंपनी ने श्री हरि सरवणा विग्नेश को कंटेंट हेड और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल के तौर पर नियुक्त किया है।
श्री हरि इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी और साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल हैं। उन्होंने लंदन की Royal Holloway University से इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी में MSc किया है। उन्हें रिस्क मैनेजमेंट, कंप्लायंस, नेटवर्क सिक्योरिटी और साइबर डिफेंस का अच्छा अनुभव है।
कंपनी के मुताबिक उन्हें ISO 27001, PCI DSS, NIST Cybersecurity Framework, क्रिप्टोग्राफी, फायरवॉल मैनेजमेंट और सिक्योर नेटवर्किंग प्रोटोकॉल्स की जानकारी है। इसके अलावा उन्हें एथिकल हैकिंग और वल्नरेबिलिटी असेसमेंट का भी अनुभव है।
वे पहले Niagara Networks में ऑटोमेशन इंजीनियर के तौर पर काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने एडवांस टेस्ट ऑटोमेशन स्क्रिप्ट्स तैयार कीं और सॉफ्टवेयर वल्नरेबिलिटी से जुड़े मामलों पर काम किया।
श्री हरि ने कई साइबर सिक्योरिटी सर्टिफिकेशन और वेब हैकिंग प्रोग्राम भी पूरे किए हैं। उन्हें “Capture the Flag” साइबर सिक्योरिटी प्रतियोगिता में तीसरा स्थान भी मिला था।
कंपनी ने बताया कि उन्हें Python, Bash scripting, नेटवर्क सिक्योरिटी इम्प्लीमेंटेशन और ऑटोमेटेड रिकॉनिसेंस टूल्स का भी अच्छा अनुभव है। कंपनी के अनुसार उनकी तकनीकी समझ, नेतृत्व क्षमता और कम्युनिकेशन स्किल्स उन्हें रिस्क, कंप्लायंस और साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में मजबूत प्रोफेशनल बनाती हैं।
कंपनी ने यह भी बताया कि श्री हरि, प्रमोटर और होल टाइम डायरेक्टर एम. रघुनाथन के बेटे हैं।
इसके अतिरिक्त, कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड नतीजों को भी मंजूरी दे दी है। मार्च 2026 तिमाही में उसका कुल रेवेन्यू बढ़कर करीब 21.82 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी ने करीब 22 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब 79 लाख रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को 21 करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा हुआ था।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि मार्च 2026 तिमाही के लिए किसी डिविडेंड की सिफारिश नहीं की गई है। कंपनी के ऑडिटर्स N Naresh & Co. ने वित्तीय नतीजों पर बिना किसी संशोधन के ऑडिट रिपोर्ट जारी की है।
राज कुमार जैन को 25 मार्च 2026 से अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। अब उन्हें पांच साल के कार्यकाल के लिए स्वतंत्र निदेशक बनाने के प्रस्ताव पर शेयरधारकों की मंजूरी मांगी जा रही है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
नेटवर्क18 मीडिया (Network18 Media & Investments Limited) ने अपने शेयरधारकों से कंपनी के स्वतंत्र निदेशक (Independent Director) के तौर पर राज कुमार जैन की नियुक्ति को मंजूरी देने के लिए पोस्टल बैलेट नोटिस जारी किया है। कंपनी ने यह जानकारी सेबी के नियमों के तहत स्टॉक एक्सचेंज को दी है।
कंपनी के मुताबिक, राज कुमार जैन को 25 मार्च 2026 से अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। अब उन्हें पांच साल के कार्यकाल के लिए स्वतंत्र निदेशक बनाने के प्रस्ताव पर शेयरधारकों की मंजूरी मांगी जा रही है। इस प्रस्ताव को स्पेशल रिजॉल्यूशन के जरिए पारित किया जाएगा।
पोस्टल बैलेट की प्रक्रिया पूरी तरह ई-वोटिंग के जरिए होगी। ई-वोटिंग 12 मई 2026 सुबह 9 बजे से शुरू होकर 10 जून 2026 शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके बाद 11 जून 2026 या उसके बाद नतीजों की घोषणा की जाएगी।
कंपनी ने बताया कि नोटिस केवल उन शेयरधारकों को ई-मेल के जरिए भेजा जा रहा है, जिनका ई-मेल पता कंपनी या डिपॉजिटरी के रिकॉर्ड में दर्ज है। ई-वोटिंग की सुविधा के लिए KFin Technologies को एजेंसी नियुक्त किया गया है।
राज कुमार जैन मीडिया और कॉरपोरेट जगत का बड़ा नाम माने जाते हैं। वह पहले Bennett Coleman & Co. Ltd. यानी टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सीईओ रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने Whirlpool Corporation, Walmart Inc. और Hindustan Lever Ltd. जैसी कंपनियों में भी अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं।
कंपनी के अनुसार, सेल्स, मार्केटिंग, सप्लाई चेन, स्ट्रैटेजी और कॉरपोरेट गवर्नेंस में उनका लंबा अनुभव Network18 के लिए फायदेमंद साबित होगा। वर्तमान में वह कई कंपनियों के बोर्ड में भी शामिल हैं, जिनमें SRF Limited, Relaxo Footwears Limited और JK Agri Genetics Limited शामिल हैं।
भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) जल्द ही Sony Entertainment Television और Sony LIV पर एंटरटेनमेंट डेब्यू करते नजर आएंगे। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने इसका टीजर जारी कर दिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी और वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अब क्रिकेट मैदान के बाहर नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (Sony Pictures Networks India) ने एक टीजर जारी कर संकेत दिया है कि रोहित जल्द ही एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।
यह टीजर 8 मई को जारी किया गया, जिसे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन (Sony Entertainment Television), Sony LIV और कंपनी के डिजिटल व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया गया है। हालांकि, अभी तक इस प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी साझा नहीं की गई है। कंपनी ने कहा है कि जल्द ही इससे जुड़े अन्य विवरण सामने लाए जाएंगे।
View this post on Instagram
सोनी के लिए यह कदम सिर्फ कंटेंट लॉन्च नहीं, बल्कि एक बड़ा ब्रांड मूव भी माना जा रहा है। नेटवर्क ने भारत के सबसे लोकप्रिय खेल चेहरों में से एक रोहित शर्मा को अपने टीवी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म दोनों पर एक साथ पेश कर विज्ञापनदाताओं को बड़े स्तर की पहुंच और क्रॉस-प्लेटफॉर्म विजिबिलिटी देने की रणनीति बनाई है।
रोहित शर्मा लंबे समय से भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े और भरोसेमंद ब्रांड चेहरों में गिने जाते हैं। क्रिकेट के अलावा विज्ञापन और ब्रांड एंडोर्समेंट की दुनिया में भी उनकी मजबूत पहचान है। टीजर के बाद अब दर्शकों के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि रोहित शर्मा का यह नया एंटरटेनमेंट प्रोजेक्ट आखिर किस रूप में सामने आएगा।
वरिष्ठ पत्रकार राहुल काद्यान ने रिपब्लिक भारत (Republic Bharat) के साथ नई पारी शुरू की है। वह यहां स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट डेस्क की जिम्मेदारी संभालेंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
वरिष्ठ पत्रकार राहुल काद्यान ने हिंदी न्यूज चैनल रिपब्लिक भारत (Republic Bharat) के साथ अपने नए सफर की शुरुआत की है। वह सोमवार से चैनल में स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट डेस्क पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
राहुल काद्यान इससे पहले हिंदी न्यूज चैनल न्यूज24 (News24) में कार्यरत थे, जहां उन्होंने करीब चार साल तक अपनी सेवाएं दीं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 15 वर्षों का अनुभव है और इस दौरान उन्होंने कई प्रमुख हिंदी न्यूज चैनलों में विभिन्न भूमिकाएं निभाई हैं।
पत्रकारिता में राहुल काद्यान ने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज (India News) से की थी। इसके बाद वह टोटल टीवी (Total TV), समाचार प्लस (Samachar Plus), भास्कर न्यूज (Bhaskar News), फोकस न्यूज (Focus News) और सहारा समय (Sahara Samay) जैसे संस्थानों से जुड़े रहे। फोकस न्यूज का नाम बाद में बदलकर न्यूज वर्ल्ड (News World) कर दिया गया था।
राहुल काद्यान ने दिल्ली स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास मीडिया (IIMM) से ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा उन्होंने गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। मीडिया जगत में राहुल काद्यान की पहचान एक अनुभवी और सक्रिय पत्रकार के रूप में रही है।
समाचार4मीडिया की ओर से राहुल काद्यान को उनके नए सफर के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।