होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / स्क्रिप्ट में 'छेड़छाड़' पर घिरा दूरदर्शन, शुरू हुआ विरोध
स्क्रिप्ट में 'छेड़छाड़' पर घिरा दूरदर्शन, शुरू हुआ विरोध
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव और पार्टी प्रवक्ता सचिन सावंत ने दूरदर्शन पर लगाए कई आरोप
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
कांग्रेस ने ‘दूरदर्शन’ (डीडी) पर आरोप लगाया है कि वह सरकार के दबाव में विपक्षी पार्टियों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव और पार्टी प्रवक्ता सचिन सावंत का कहना है कि इसी के चलते मतदान की अपील करने वाली पार्टी की स्क्रिप्ट में दूरदर्शन द्वारा बदलाव कर दिया गया। सावंत ने एक बयान जारी कर दूरदर्शन की इस हरकत को विपक्ष के संवैधानिक अधिकारों और अपनी बात रखने की स्वतंत्रता का लगा घोंटने वाली करार दिया है।
सावंत के मुताबिक, दूरदर्शन पर राजनीतिक दलों को चुनाव प्रचार के लिए टाइम स्लॉट दिया जाता है। इसके लिए कांग्रेस ने एक स्क्रिप्ट दी थी। कांग्रेस की स्क्रिप्ट में लिखा हुआ था कि ‘पिछले पांच सालों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आंख में धूल झोंकने और झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं किया है।’ लेकिन दूरदर्शन की जांच समिति ने इन शब्दों को स्क्रिप्ट से निकाल दिया।
सावंत ने कहा कि किसी कार्यक्रम में अपनी बात रखने का विपक्ष को संवैधानिक अधिकार है, लेकिन दूरदर्शन ने इस पर रोक लगा दी है। सावंत ने कहा कि इस तरह विपक्ष को अपनी बात रखने से रोकना आपत्तिजनक है। सावंत ने कहा कि विपक्ष को सरकार की आलोचना का अधिकार संविधान ने दिया है और इस पर रोक को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक दूरदर्शन की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया जाएगा कि ऐसा क्यों किया गया, कांग्रेस अपनी स्क्रिप्ट को रिकॉर्ड नहीं कराएगी।
टैग्स कांग्रेस दूरदर्शन सचिन सावंत