होम / टेलिस्कोप / इस वजह से हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स के दर्शकों की संख्या में हुआ जबर्दस्त इजाफा
इस वजह से हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स के दर्शकों की संख्या में हुआ जबर्दस्त इजाफा
पिछले चार हफ्तों की तुलना में हिंदी भाषी मार्केट्स में हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स की व्युअरशिप में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देश में टेलिविजन दर्शकों की संख्या मापने वाली संस्था 'ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल' (BARC) इंडिया द्वारा 28वें हफ्ते (11 जुलाई से 17 जुलाई) के डाटा जारी कर दिए हैं। इन डाटा के अनुसार, हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स (Hindi GEC) पर ऑरिजनल/फ्रेश एपिसोड्स की वापसी का इस जबर्दस्त व्युअरशिप में योगदान रहा है।
फ्रेश कंटेंट की वजह से विभिन्न मार्केट्स में हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स (Hindi GECs) की व्युअरशिप/इंप्रेशंस में बढ़ोतरी हुई है। पिछले चार हफ्तों की तुलना में 28वें हफ्ते में हिंदी भाषी मार्केट (शहरी और ग्रामीण) में हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स की व्युअरशिप में 11 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
इन डाटा के अनुसार, हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स को हिंदी भाषी मार्केट (HSM) में 8.06 बिलियन इंप्रेशंस मिले। इससे पहले पिछले चार हफ्तों में औसत इंप्रेशंस की संख्या 7.27 बिलियन थी। इस दौरान पिछले चार हफ्तों के औसत इंप्रेशंस 3.44 बिलियन की तुलना में हिंदी भाषी मार्केट (शहरी) में यह संख्या 3.81 बिलियन दर्ज की गई, वहीं पिछले चार हफ्तों के औसत 3.83 बिलियन इंप्रेशंस की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में यह संख्या 4.24 बिलियन इंप्रेशंस रही।
हालांकि, पहले हफ्ते से दसवें हफ्ते की तुलना में हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स की व्युअरशिप में हिंदी भाषी ग्रामीण क्षेत्रों (HSM Rural) में 56 प्रतिशत की जबर्दस्त बढ़ोतरी देखने को मिली। हिंदी भाषी क्षेत्रों (शहरी और ग्रामीण) में व्युअरशिप में 37 प्रतिशत का इजाफा हुआ, जबकि हिंदी भाषी शहरी क्षेत्रों में सिर्फ 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
पहले हफ्ते से लेकर दसवें हफ्ते के बीच हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स की औसत व्युअरशिप की बात करें तो हिंदी भाषी क्षेत्रों में 5.90 बिलियन इंप्रेशंस दर्ज किए गए। इनमें शहरी क्षेत्रों में 3.17 बिलियन जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 2.73 बिलियन इंप्रेशंस दर्ज किए गए।
हिंदी के तमाम बड़े जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स (Hindi GECs) जैसे- ‘स्टार प्लस’, ‘कलर्स’, ‘जी टीवी’, ‘सब टीवी’ और ‘सोनी टीवी’ आदि ने 13 जुलाई से फ्रेश कंटेंट प्रसारित करना शुरू कर दिया है। ऐसे में हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स की व्युअरशिप में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है।
28वें हफ्ते के डाटा के अनुसार, ‘फ्री टू एयर’ (FTA) चैनल ‘स्टार उत्सव’ (Star Utsav) हिंदी के जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स (शहरी और ग्रामीण दोनों) ‘Hindi GEC (U+R)’ की लिस्ट में सबसे आगे रहा है, वहीं हिंदी भाषी शहरी मार्केट (HSM Urban market) में ‘स्टार प्लस’ (Star Plus) नंबर वन की कुर्सी पर रहा है।
टैग्स रेटिंग्स बार्क इंडिया कलर्स स्टार प्लस जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स व्युअरशिप ग्रोथ