सूर्या-ज्योतिका की 20वीं एनिवर्सरी बनी खास : दोबारा शादी कर मनाया प्यार का जश्न

सूर्या और ज्योतिका ने शादी की 20वीं सालगिरह पर चर्च में दोबारा शादी के वचन लिए। परिवार और बच्चों की मौजूदगी में कपल ने इस खास दिन को ‘द सीक्वल’ नाम दिया।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 16 September, 2026
Last Modified:
Wednesday, 16 September, 2026
Suriya Jyothika


साउथ फिल्म इंडस्ट्री के पावर कपल सूर्या (Suriya) और ज्योतिका (Jyothika) ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। दोनों ने एक बार फिर शादी के वचन दोहराए और क्रिश्चियन वेडिंग (Christian Wedding) की। इस खास मौके पर परिवार और करीबी दोस्तों के साथ उनके बच्चे भी मौजूद रहे।

सूर्या और ज्योतिका ने इस खास दिन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर शेयर किए हैं। कपल ने इस सेलिब्रेशन (Celebration) को ‘द सीक्वल’ (The Sequel) नाम दिया। उन्होंने बताया कि यह किसी परफेक्ट शादी का जश्न नहीं, बल्कि उन उतार-चढ़ाव, कमियों, समझौतों और त्याग का सेलिब्रेशन है, जिनसे गुजरकर उनका रिश्ता और मजबूत हुआ।

ज्योतिका ने अपने पोस्ट में लिखा कि यह उनके ‘हम’ होने का जश्न है। उन्होंने कहा कि जो सपना कभी हकीकत से बहुत दूर लगता था, आज वही उनकी जिंदगी की सच्चाई है और अब वह पूरी जिंदगी इसी खूबसूरत सपने को जीना चाहती हैं।

View this post on Instagram

A post shared by Jyotika (@jyotika)

एक्ट्रेस ने अपने शादी के वचनों को भी साझा किया। इनमें खुश रहना, जिंदगी को सेलिब्रेट करना, शिकायत न करना, आभारी रहना, हेल्दी रहना और बेस्ट मदर (Best Mother) बनने जैसे वादे शामिल हैं। ज्योतिका ने यह भी कहा कि वह हमेशा एक इम्परफेक्ट वाइफ (Imperfect Wife) रहेंगी और सूर्या के साथ अपनी दोस्ती को हमेशा संभालकर रखेंगी।

कपल ने शादी का वीडियो भी शेयर किया है। इसमें ज्योतिका को दुल्हन के रूप में देखकर सूर्या इमोशनल (Emotional) होते नजर आते हैं। उन्होंने पत्नी पर प्यार लुटाया और उन्हें किस (Kiss) भी किया। चर्च में दोनों ने दोबारा शादी के वचन लिए और व्हाइट आउटफिट (White Outfit) में ट्विनिंग करते नजर आए।

इस खास मौके पर उनके बच्चे भी मौजूद रहे। ज्योतिका ने बेटे के साथ एंट्री की। पत्नी को व्हाइट गाउन में देखकर सूर्या की आंखें भर आईं। बच्चों के लिए भी माता-पिता की दोबारा शादी का यह मोमेंट (Moment) खास रहा। वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने कपल को जमकर बधाइयां दी हैं।

वर्कफ्रंट (Workfront) की बात करें तो सूर्या के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वहीं ज्योतिका साउथ के साथ बॉलीवुड फिल्मों में भी नजर आ रही हैं। दोनों ने साल 2006 में शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

समांथा रुथ प्रभु के घर गूंजी किलकारी : बेटे का नाम भी किया सार्वजनिक

अभिनेत्री समांथा रुथ प्रभु और फिल्ममेकर राज निदिमोरु के घर 19 नवंबर को बेटे का जन्म हुआ। कपल ने बच्चे का नाम देव निदिमोरु रखा और पहली तस्वीर साझा की।

Last Modified:
Friday, 20 November, 2026
samantha

साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री समांथा रुथ प्रभु (Samantha Ruth Prabhu) की जिंदगी में खुशियों ने दस्तक दी है। अभिनेत्री मां बन गई हैं। उनके पति और फिल्ममेकर राज निदिमोरु (Raj Nidimoru) के साथ उन्होंने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है।

कपल के घर 19 नवंबर 2026 को बेटे का जन्म हुआ। समांथा ने 20 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर यह खुशखबरी प्रशंसकों को दी। इसके साथ ही उन्होंने अपने बेटे का नाम भी बताया है।

कपल ने अपने बेटे का नाम देव निदिमोरु (Dev Nidimoru) रखा है। तस्वीर में समांथा और राज नवजात बच्चे का नन्हा हाथ थामे नजर आ रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'हमारा प्यारा बेटा देव निदिमोरु। 19.11.2026। हमारे दिल आज सबसे ज्यादा खुश हैं।'

समांथा और राज ने 1 दिसंबर 2025 को कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र में एक निजी समारोह में शादी की थी। दोनों की मुलाकात वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों ने 'सिटाडेल: हनी बनी' में भी साथ काम किया।

जून 2026 में समांथा ने फिल्म 'मा इंटी बंगाराम' के सक्सेस इवेंट में अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी सार्वजनिक की थी। उन्होंने उस दौरान काम से कुछ समय का ब्रेक लेने की बात भी कही थी। अब बेटे के जन्म के साथ दोनों ने अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू किया है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

आम्रपाली दुबे के खेल से प्रभावित हुए निरहुआ : ट्रॉफी जीतने का जताया भरोसा

भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने बिग बॉस 20 में आम्रपाली दुबे के खेल की खुलकर तारीफ की और फैंस से वोट देने की अपील कर जीत का भरोसा जताया।

Last Modified:
Friday, 20 November, 2026
nirhuaa

भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे (Amrapali Dubey) इन दिनों रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' (Bigg Boss 20) में अपने खेल को लेकर चर्चा में हैं। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ (Dinesh Lal Yadav Nirahua) भी उनके समर्थन में उतर आए हैं।

निरहुआ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने आम्रपाली के आत्मविश्वास, समझदारी और बेबाक अंदाज की तारीफ की। साथ ही उन्होंने अपने प्रशंसकों से आम्रपाली को वोट देने की अपील भी की है।

वीडियो में निरहुआ कहते नजर आए कि आम्रपाली बिग बॉस के घर में शानदार खेल दिखा रही हैं। उनका बेबाक अंदाज, बुद्धिमत्ता, सूझबूझ और बातचीत करने का तरीका दर्शकों को प्रभावित कर रहा है। निरहुआ के मुताबिक, आम्रपाली जिस तरह हर परिस्थिति में अपनी बात रख रही हैं, उसकी वजह से लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आम्रपाली इस बार बिग बॉस की ट्रॉफी जीतकर ही लौटेंगी। निरहुआ ने अपने वीडियो में दर्शकों से जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर जाकर उन्हें वोट और समर्थन देने की अपील भी की।

निरहुआ और आम्रपाली की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों ने 2014 में आई फिल्म 'निरहुआ हिंदुस्तानी' (Nirahua Hindustani) में पहली बार साथ काम किया था। इसके बाद दोनों कई फिल्मों में नजर आए और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने पसंद किया।

अब बिग बॉस 20 में आम्रपाली के सफर को निरहुआ का समर्थन मिलने से उनके प्रशंसकों के बीच भी उत्साह बढ़ा है।

View this post on Instagram

A post shared by Nirahua (@dineshlalyadav)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सैफ अली खान को मिला धमकी भरा वॉइस मैसेज : मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच

अभिनेता सैफ अली खान को वॉइस मैसेज के जरिए धमकी मिली है। मुंबई पुलिस जांच कर रही है कि संदेश जीशान अख्तर ने भेजा या किसी ने उनका नाम इस्तेमाल किया है।

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
saifalikhan

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान (Saif Ali Khan) को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अभिनेता के फोन पर एक धमकी भरा वॉइस मैसेज आया, जिसमें उन्हें पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी (Baba Siddique) जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांछित आरोपी जीशान अख्तर (Zeeshan Akhtar) का नाम सामने आया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह संदेश जीशान अख्तर के नाम से भेजा गया था। शुरुआती जानकारी में इसका संबंध रोहित गोदारा गैंग (Rohit Godara Gang) से भी बताया जा रहा है।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी वास्तव में जीशान ने दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। पुलिस इस ऑडियो की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जीशान अख्तर वांछित है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसका संबंध पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से था। बाद में उसके रोहित गोदारा गैंग से जुड़ने की खबरें भी सामने आईं।

इस मामले में पुलिस की फॉरेंसिक और साइबर क्राइम टीमें वॉइस मैसेज की जांच कर रही हैं। आवाज के नमूनों का मिलान करके यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश किसने भेजा है।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि अभिनेता तुषार कपूर (Tusshar Kapoor) और आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) को भी पहले इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।

उन अलग-अलग मामलों में बेंगलुरु के IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा (Vaibhav Mishra) को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उसने AI वॉइस क्लोनिंग की मदद से गैंग के लोगों की आवाज की नकल कर धमकी भरे संदेश भेजे थे। पुलिस के अनुसार, उसका किसी गैंग से संबंध नहीं था।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

आर्यन खान को मिली 'TIME100 Next India' के कवर पर जगह

टाइम मैगजीन ने पहली बार भारत के लिए TIME100 Next India सूची जारी की। आर्यन खान, आलिया भट्ट समेत 100 उभरती हस्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए जगह मिली।

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
aryankhan

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे और फिल्ममेकर आर्यन खान (Aryan Khan) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। प्रतिष्ठित अमेरिकी मैगजीन टाइम (TIME) ने अपनी पहली TIME100 Next India सूची के कवर पर उन्हें जगह दी है। इस संयुक्त कवर में आर्यन के साथ फिल्ममेकर पायल कपाड़िया (Payal Kapadia) और थेजा रियो (Theja Rio) भी नजर आ रहे हैं।

टाइम ने 19 नवंबर को भारत के लिए अपनी पहली विशेष सूची जारी की। इसमें मनोरंजन, कारोबार, विज्ञान, खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े 100 उभरते लोगों को शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे लोगों को पहचान देना है, जिनके काम और विचार भारत के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं।

आर्यन खान को यह जगह बतौर फिल्ममेकर मिली है। उन्होंने नेटफ्लिक्स (Netflix) की वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' (The Ba***ds of Bollywood) से निर्देशन की शुरुआत की थी।

इस प्रोजेक्ट के जरिए उन्होंने फिल्म निर्माण की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की। खास बात यह है कि मशहूर फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज (Vishal Bhardwaj) ने टाइम के लिए आर्यन पर एक विशेष प्रोफाइल भी लिखी है।

इस विशेष संस्करण में कुल तीन कवर जारी किए गए हैं। एक कवर पर अभिनेत्री आलिया भट्ट (Alia Bhatt) और दूसरे पर स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक पवन कुमार चंदना (Pawan Kumar Chandana) नजर आ रहे हैं। वहीं तीसरे कवर पर आर्यन खान, पायल कपाड़िया और थेजा रियो की संयुक्त तस्वीर है।

टाइम का यह विशेष प्रिंट संस्करण 7 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के न्यूजस्टैंड पर उपलब्ध होगा। इसके अलावा 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में पहली TIME100 Next India गाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में सूची में शामिल कई हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

टीवी सीरियल का जादू बरकरार या दर्शकों का मोहभंग? क्या कहते हैं बदलती पसंद के आंकड़े

ओटीटी, यूट्यूब और सोशल मीडिया ने देखने की आदतों को काफी बदल दिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या टीवी सीरियल की लोकप्रियता अब भी कायम है या दर्शक धीरे-धीरे इनसे दूरी बना रहे हैं?

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
TV5417

भारतीय टेलीविजन पर सीरियल का जादू कभी कम नहीं रहा। एक समय था जब शाम होते ही घरों में टीवी के सामने बैठने का समय तय होता था। सास-बहू की कहानियां, पारिवारिक रिश्तों में उतार-चढ़ाव, कॉमेडी और रियलिटी शो दर्शकों के मनोरंजन का सबसे बड़ा जरिया हुआ करते थे। लेकिन अब दर्शकों के सामने मनोरंजन के कई विकल्प हैं। ओटीटी, यूट्यूब और सोशल मीडिया ने देखने की आदतों को काफी बदल दिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या टीवी सीरियल की लोकप्रियता अब भी कायम है या दर्शक धीरे-धीरे इनसे दूरी बना रहे हैं?

इस सवाल का जवाब तलाशना इस समय थोड़ा मुश्किल जरूर है, क्योंकि देश में टीवी कार्यक्रमों की लोकप्रियता मापने वाली आधिकारिक साप्ताहिक रेटिंग यानी TRP फिलहाल उपलब्ध नहीं है। लेकिन टीवी देखने के कुल समय, मनोरंजन की हिस्सेदारी और पुराने रेटिंग आंकड़ों से कुछ दिलचस्प संकेत जरूर मिलते हैं। इनसे पता चलता है कि टीवी का दर्शक वर्ग पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, बल्कि उसकी पसंद और मनोरंजन चुनने का तरीका बदल रहा है।

चार महीने से ज्यादा समय से क्यों नहीं आ रही TRP?

टीवी सीरियल की लोकप्रियता की बात हो और TRP का जिक्र न हो, ऐसा कम ही होता है। चैनल, विज्ञापनदाता और मीडिया एजेंसियां लंबे समय से BARC India की साप्ताहिक रेटिंग को टीवी की लोकप्रियता का प्रमुख पैमाना मानते आए हैं। लेकिन 2026 में इस व्यवस्था पर ब्रेक लग गया।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जुलाई 2026 में BARC को सभी जॉनर के टीवी चैनलों की रेटिंग जारी करने से रोक दिया था। इसके पीछे नई टेलीविजन रेटिंग पॉलिसी 2026 के तहत पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की शर्त थी।

24 जुलाई 2026 को मंत्रालय ने नई टेलीविजन रेटिंग पॉलिसी जारी की। इसमें रेटिंग व्यवस्था को ज्यादा पारदर्शी बनाने, मीटर वाले घरों की संख्या 50 हजार से बढ़ाकर 80 हजार करने, स्वतंत्र ऑडिट और लैंडिंग पेज से मिलने वाली व्युअरशिप को रेटिंग की गणना से बाहर रखने जैसे बदलाव किए गए। लेकिन नई पॉलिसी आने के बाद भी रेटिंग जारी करने का रास्ता साफ नहीं हुआ। 22 अक्टूबर 2026 को 'इकोनॉमिक टाइम्स' ने रिपोर्ट किया कि मंत्रालय

लिहाजा, नवंबर 2026 में किसी सीरियल को सबसे ज्यादा TRP मिलने या किसी चैनल के टॉप पर होने का दावा करना सही नहीं होगा। फिलहाल दर्शकों के सामने भी आधिकारिक साप्ताहिक रेटिंग के जरिए अपने पसंदीदा शो की स्थिति जानने का विकल्प नहीं है।

टीवी से दर्शकों की दूरी कितनी बढ़ी?

टीवी की लोकप्रियता को समझने के लिए FICCI-EY की मार्च 2026 में जारी रिपोर्ट 'Stories, Scale and Impact' महत्वपूर्ण है। इसके मुताबिक, भारत में लीनियर टीवी की औसत साप्ताहिक पहुंच 2024 में 75.1 करोड़ थी, जो 2025 में मामूली घटकर 74.5 करोड़ रह गई। यानी एक साल में टीवी की साप्ताहिक पहुंच में करीब 60 लाख की कमी आई।

लेकिन इसी रिपोर्ट का दूसरा आंकड़ा बताता है कि टीवी देखने वाले दर्शकों का औसत दैनिक समय 0.5 फीसदी बढ़कर 3 घंटे 44 मिनट हो गया। इसका मतलब है कि टीवी देखने वालों की कुल पहुंच में मामूली कमी जरूर आई, लेकिन जो लोग टीवी देख रहे हैं, वे अब भी रोजाना अच्छा खासा समय दे रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में टीवी की कुल व्युअरशिप में जनरल एंटरटेनमेंट चैनल (GEC) और फिल्मों की संयुक्त हिस्सेदारी 76 फीसदी रही। न्यूज की हिस्सेदारी 7 फीसदी, म्यूजिक की 4 फीसदी और स्पोर्ट्स की 3 फीसदी थी।

यहां ध्यान देने वाली बात है कि 76 फीसदी का आंकड़ा GEC और फिल्मों को मिलाकर है। इसे केवल सीरियल की व्युअरशिप नहीं माना जा सकता। लेकिन इससे यह जरूर साफ होता है कि टीवी पर मनोरंजन की मांग अब भी काफी मजबूत है।

डेली सोप का दबदबा खत्म नहीं, लेकिन मुकाबला बढ़ा

डेली सोप यानी रोजाना प्रसारित होने वाले सीरियल भारतीय टेलीविजन की सबसे पुरानी और मजबूत श्रेणियों में शामिल हैं। पारिवारिक रिश्ते, प्यार, शादी, सास-बहू की नोकझोंक और भावनात्मक कहानियां इस जॉनर की पहचान रही हैं।

जून 2026 में उपलब्ध BARC के वीक 22 के आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट में 'वसुधा' और 'गंगा माई की बेटियां' 1.9 की रेटिंग के साथ आगे थे। वहीं 'तुम से तुम तक' को 1.8 की रेटिंग मिली थी। 'अनुपमा' और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' को 1.5 रेटिंग हासिल हुई थी। 'जगद्धात्री' और 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' 1.3 रेटिंग के साथ सूची में शामिल थे।

ये आंकड़े जून 2026 के हैं और इन्हें नवंबर की मौजूदा रेटिंग नहीं समझना चाहिए। हालांकि, उस समय की रेटिंग से यह जरूर पता चलता है कि पारिवारिक कहानियों और डेली सोप की दर्शकों के बीच अच्छी पकड़ थी।

पुराने और स्थापित शोज के साथ नए कार्यक्रम भी दर्शकों का ध्यान खींच रहे थे। इससे एक बात साफ होती है कि दर्शक केवल पुराने नामों के भरोसे नहीं रहते। कहानी, किरदार और प्रस्तुति भी किसी शो की लोकप्रियता तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

रियलिटी शो की ओर क्यों बढ़ रहा है चैनलों का रुझान?

डेली सोप के साथ रियलिटी शो भी टीवी मनोरंजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं। इन कार्यक्रमों में दर्शकों को हर एपिसोड में कुछ नया देखने को मिलता है। प्रतियोगिता, प्रदर्शन, जजों की राय, प्रतिभागियों की निजी कहानियां और नतीजों को लेकर उत्सुकता दर्शकों को अगले एपिसोड तक जोड़े रखती है।

रियलिटी शो की एक बड़ी खासियत यह है कि इनमें अलग-अलग उम्र और पसंद के दर्शकों को आकर्षित करने की क्षमता होती है। डेली सोप जहां मुख्य रूप से कहानी और किरदारों पर निर्भर करते हैं, वहीं रियलिटी शो में हर एपिसोड के साथ कुछ नया देखने को मिलता है।

चैनलों के लिए भी यह जॉनर महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके जरिए वे अपने पारंपरिक दर्शक वर्ग से आगे बढ़कर नए दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। यही वजह है कि टीवी पर फिक्शन और नॉन-फिक्शन दोनों तरह के कार्यक्रमों को जगह मिल रही है।

कॉमेडी की भी अपनी अलग जगह

टीवी मनोरंजन में कॉमेडी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। दिनभर की भागदौड़ के बाद हल्का-फुल्का कंटेंट देखने वाले दर्शकों के लिए कॉमेडी शो एक अलग विकल्प देते हैं। इसमें दर्शकों को किसी लंबी कहानी या किरदारों के रिश्तों को समझने की जरूरत नहीं होती। वे सीधे मनोरंजन का आनंद ले सकते हैं।

कॉमेडी की लोकप्रियता का अंदाजा इसके दर्शक वर्ग से भी लगाया जा सकता है। यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक अलग-अलग उम्र के लोगों को आकर्षित कर सकती है। हालांकि, फिलहाल डेली सोप, रियलिटी शो और कॉमेडी के बीच दर्शकों के औसत देखने के समय की कोई ताजा तुलनात्मक आधिकारिक रेटिंग उपलब्ध नहीं है।

इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि इन तीनों में से कौन-सा जॉनर दर्शकों को सबसे ज्यादा देर तक टीवी के सामने रोक रहा है। इसके लिए जॉनर के हिसाब से औसत देखने का समय और दर्शकों के जुड़े रहने के आंकड़ों की जरूरत होगी।

ओटीटी ने बढ़ाई टीवी की चुनौती

टीवी की बदलती लोकप्रियता को समझने के लिए ओटीटी के बढ़ते दायरे को भी देखना जरूरी है। ओर्मैक्स मीडिया की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में ओटीटी दर्शकों की संख्या 2025 में 60.12 करोड़ थी, जो 2026 में बढ़कर 66.49 करोड़ हो गई। यानी एक साल में इसमें करीब 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

ओटीटी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि दर्शक अपनी पसंद और सुविधा के हिसाब से कंटेंट देख सकते हैं। उन्हें किसी खास समय पर टीवी के सामने बैठने की जरूरत नहीं होती। वे अपनी पसंद का शो कभी भी और कहीं भी देख सकते हैं।

इसका असर पारंपरिक टेलीविजन पर भी पड़ रहा है। अब दर्शक सिर्फ चैनल पर आने वाले कार्यक्रमों पर निर्भर नहीं हैं। अगर किसी शो का एपिसोड छूट जाता है तो उसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकता है। इसके अलावा वेब सीरीज और दूसरी तरह के कंटेंट ने भी मनोरंजन के विकल्प बढ़ा दिए हैं।

ऐसे में टीवी चैनलों के सामने चुनौती सिर्फ नए दर्शक जोड़ने की नहीं, बल्कि पुराने दर्शकों को भी अपने साथ बनाए रखने की है।

अब चैनल किस आधार पर तय करेंगे शो की लोकप्रियता?

BARC की रेटिंग उपलब्ध नहीं होने से टीवी चैनलों और विज्ञापनदाताओं के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हुई है। पहले किसी कार्यक्रम की रेटिंग से यह समझना आसान होता था कि कौन-सा शो बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और किस चैनल की पहुंच ज्यादा है।

अब चैनलों को अपने स्तर पर उपलब्ध दूसरे आंकड़ों पर भी ध्यान देना पड़ रहा है। इनमें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रमों के व्यूज, सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रिया, यूट्यूब पर क्लिप की लोकप्रियता और विज्ञापनदाताओं की प्रतिक्रिया शामिल हो सकती है।

हालांकि, ये सभी आंकड़े BARC की जगह नहीं ले सकते। सोशल मीडिया पर किसी शो का वायरल होना और पूरे देश में उसे देखे जाने की संख्या दो अलग-अलग बातें हैं। इसी तरह ऑनलाइन व्यूज से टीवी पर किसी कार्यक्रम की वास्तविक पहुंच का पता नहीं चलता।

इसलिए उद्योग को ऐसी मापन व्यवस्था की जरूरत है जो टीवी, स्मार्ट टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की देखने की आदतों को बेहतर तरीके से समझ सके।

टीवी सीरियल का जादू खत्म नहीं, लेकिन मुकाबला बदल गया है

कुल मिलाकर आंकड़े बताते हैं कि भारतीय टेलीविजन से दर्शकों का मोहभंग पूरी तरह नहीं हुआ है। 74.5 करोड़ की साप्ताहिक पहुंच और रोजाना 3 घंटे 44 मिनट का औसत देखने का समय बताता है कि टीवी अब भी मनोरंजन का बड़ा माध्यम है।

लेकिन अब दर्शकों को सिर्फ लंबे पारिवारिक सीरियल से बांधे रखना आसान नहीं है। रियलिटी शो, कॉमेडी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के कंटेंट ने मुकाबले को और बड़ा कर दिया है।

आधिकारिक TRP के आंकड़े दोबारा आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि कौन-सा चैनल और कौन-सा जॉनर दर्शकों की पसंद में आगे है। फिलहाल उपलब्ध आंकड़े टीवी की मजबूत पहुंच के साथ दर्शकों की बदलती आदतों की ओर इशारा करते हैं। यानी टीवी सीरियल का जादू अभी खत्म नहीं हुआ है, लेकिन अब दर्शकों को अपनी स्क्रीन से जोड़े रखने के लिए चैनलों को पहले से ज्यादा मेहनत करनी होगी।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

शशांक खेतान की नई फिल्म का ऐलान : सुब्हान और आयरा करेंगे बॉलीवुड डेब्यू

फिल्ममेकर शशांक खेतान की नई फिल्म 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' में सुब्हान और आयरा बड़े पर्दे पर डेब्यू करेंगे। यह रोमांटिक रिवेंज ड्रामा 9 जुलाई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Last Modified:
Wednesday, 18 November, 2026
subhaan

बॉलीवुड में एक नई जोड़ी की एंट्री होने जा रही है। फिल्ममेकर शशांक खेतान (Shashaank Khaitaan) ने अपनी अगली फिल्म 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' (Aisi Deewangi Dekhi Nahin Kahin) का ऐलान कर दिया है।

इसके साथ ही उन्होंने सुब्हान (Subhaan) और आयरा (Airah) को पहली बार बड़े पर्दे पर पेश करने की तैयारी कर ली है। दोनों कलाकार इस फिल्म से लीड एक्टर्स के तौर पर बॉलीवुड में अपना सफर शुरू करेंगे। फिल्म 9 जुलाई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

मेकर्स ने फिल्म का टाइटल अनाउंसमेंट वीडियो जारी किया है। इसमें एक प्रेमी जोड़े के बीच नजदीकी के पल दिखाने के बाद कहानी में अचानक आने वाले एक अलग मोड़ की झलक मिलती है। फिल्म की कहानी प्यार, जुनून और बदले के इर्द-गिर्द बुनी गई है। हालांकि, किरदारों और कहानी से जुड़ी बाकी जानकारियों को अभी सामने नहीं लाया गया है।

सुब्हान फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला (Sajid Nadiadwala) और वर्धा नाडियाडवाला (Warda Nadiadwala) के बेटे हैं। वहीं, आयरा अभिनेता रोहित रॉय (Rohit Roy) और मानसी रॉय (Mansi Roy) की बेटी हैं। दोनों की जोड़ी को शशांक खेतान अपनी नई फिल्म के जरिए दर्शकों के सामने ला रहे हैं।

यह फिल्म शशांक खेतान के नए प्रोडक्शन बैनर 214 एंटरटेनमेंट (214 Entertainment) की पहली बड़ी पेशकश है। इस बैनर की स्थापना शशांक खेतान, अमित चंद्रा (Amit Chandrra) और नलिनी दत्ता खेतान (Nalini Datta Khaitaan) ने मिलकर की है।

फिल्म का निर्माण अमित चंद्रा, नलिनी दत्ता खेतान, करिश्मा ठक्कर (Karishma Thakker) और शशांक खेतान कर रहे हैं। इसकी कहानी लिखने के साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी शशांक ने संभाली है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

'पंचायत 5' की रिलीज डेट का ऐलान : 3 दिसंबर से फिर लौटेंगे सचिव जी और फुलेरा के लोग

पंचायत के पांचवें सीजन की रिलीज डेट घोषित हो गई है। जितेंद्र कुमार की यह लोकप्रिय सीरीज 3 दिसंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी, जिसमें फुलेरा की बदली राजनीति दिखेगी।

Last Modified:
Wednesday, 18 November, 2026
panchayatseason5

ओटीटी की लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। प्राइम वीडियो (Prime Video) ने इसके पांचवें सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।

जितेंद्र कुमार (Jitendra Kumar) एक बार फिर सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे। नया सीजन 3 दिसंबर 2026 से स्ट्रीम होगा। इस बार कहानी में फुलेरा गांव की बदली हुई सत्ता और नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिलेंगे।

पिछले कुछ दिनों से सीजन की रिलीज को लेकर तरह-तरह के अपडेट सामने आ रहे थे। 15 नवंबर को प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि 'पंचायत 5' इस साल रिलीज नहीं होगा। इसके बाद बनराकस और क्रांति देवी के मजेदार प्रचार अभियान ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी। अब प्लेटफॉर्म ने नई तारीख की पुष्टि कर दी है।

इस बार बदली होगी फुलेरा की राजनीति

पिछले सीजन के अंत में गांव के चुनाव का नतीजा सामने आया था, जिसमें क्रांति देवी नई प्रधान बन गई थीं और उनके पति भूषण उर्फ बनराकस की भूमिका भी बढ़ गई थी। अब नए सीजन में सचिव जी को नए नेतृत्व के बीच काम करना होगा। वह एमबीए की पढ़ाई करके आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन फुलेरा के कुछ अधूरे मामले उनके रास्ते में आएंगे।

पुरानी कलाकारों की टोली फिर आएगी नजर

पांचवें सीजन में नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे। सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि कहानी दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने तैयार की है।

240 से ज्यादा देशों में होगी स्ट्रीमिंग

प्राइम वीडियो के मुताबिक, 'पंचायत 5' भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम होगी। टीवीएफ के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा कि फुलेरा और इसके किरदारों को दर्शकों से मिले प्यार ने इस सीरीज को खास बनाया है। पांचवें सीजन में गांव की नई चुनौतियों, बदलते रिश्तों और अनपेक्षित घटनाओं के जरिए कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रॉबर्ट पैटिनसन बने नए जेम्स बॉन्ड : डेनियल क्रेग की लेंगे जगह

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने रॉबर्ट पैटिनसन को नया जेम्स बॉन्ड घोषित किया है। वह डेनियल क्रेग की जगह एजेंट 007 बनेंगे। फिल्म का निर्देशन डेनिस विलेन्यूवे करेंगे और स्क्रिप्ट स्टीवन नाइट लिखेंगे।

Last Modified:
Tuesday, 17 November, 2026
bond

हॉलीवुड की मशहूर जासूसी फिल्म फ्रेंचाइजी 'जेम्स बॉन्ड' (James Bond) को अपना नया चेहरा मिल गया है। अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन (Robert Pattinson) अब एजेंट 007 की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज (Amazon MGM Studios) ने आधिकारिक तौर पर उनके नाम का ऐलान किया। वह इस किरदार में डेनियल क्रेग (Daniel Craig) की जगह लेंगे, जिन्होंने 2021 में रिलीज हुई फिल्म 'नो टाइम टू डाई' (No Time to Die) के बाद जेम्स बॉन्ड की भूमिका छोड़ दी थी।

रॉबर्ट पैटिनसन ने इस नई जिम्मेदारी को अपने करियर का बड़ा सम्मान बताया है। उन्होंने कहा कि जेम्स बॉन्ड सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित किरदारों में से एक है और 007 की भूमिका मिलना उनके लिए जीवनभर का सम्मान है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट से जुड़ी पूरी टीम के साथ काम करने को लेकर भी उत्साह जताया।

नई जेम्स बॉन्ड फिल्म का निर्देशन डेनिस विलेन्यूवे (Denis Villeneuve) करेंगे। वह 'ड्यून' (Dune) और 'अराइवल' (Arrival) जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं।

फिल्म की कहानी और पटकथा स्टीवन नाइट (Steven Knight) लिख रहे हैं, जो 'पीकी ब्लाइंडर्स' (Peaky Blinders) के निर्माता और लेखक हैं। फिल्म का निर्माण एमी पास्कल (Amy Pascal) और डेविड हेमैन (David Heyman) करेंगे, जबकि तान्या लैपॉइंट (Tanya Lapointe) कार्यकारी निर्माता होंगी।

रॉबर्ट पैटिनसन इस फ्रेंचाइजी में जेम्स बॉन्ड की भूमिका निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे। उनसे पहले सीन कॉनरी, जॉर्ज लेज़ेनबी, रोजर मूर, टिमोथी डाल्टन, पियर्स ब्रॉसनन और डेनियल क्रेग इस किरदार में नजर आ चुके हैं।

यह फिल्म अमेजन एमजीएम के रचनात्मक नियंत्रण में बनने वाली पहली जेम्स बॉन्ड फिल्म होगी। फिल्म की शूटिंग 2027 में शुरू होने की उम्मीद है, जबकि रिलीज की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

अमिताभ बच्चन के घर के बाहर हमले का प्लान : गैंगस्टर के दो गुर्गे गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने दो शूटर गिरफ्तार किए। मुंबई में एक अभिनेता के घर के बाहर फायरिंग की कथित योजना सामने आई। मीडिया रिपोर्टों में अमिताभ बच्चन का नाम भी सामने आया है।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
amitabh

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल (Special Cell) ने मुंबई स्थित उनके बंगले 'जलसा' के बाहर गोलीबारी की कथित साजिश के सिलसिले में दो शूटरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी एक विदेशी गैंगस्टर के निर्देश पर मुंबई के एक बड़े अभिनेता को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है। विकास को दिल्ली से, जबकि दीपक को मुंबई से पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, विकास दिल्ली के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उसके घर पर फायरिंग करने की योजना में भी शामिल था। उसकी गिरफ्तारी के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुंबई में छिपे दीपक को गिरफ्तार किया।

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टर ने 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े अमिताभ बच्चन के कथित बयान को लेकर नाराजगी जताई थी। इसी वजह से अभिनेता के घर के बाहर गोलीबारी करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले भी इन आरोपों से इनकार कर चुके हैं।

दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांछित था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में उसका साथी पलविंदर उर्फ काका पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।

मामले के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने अमिताभ बच्चन के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अतिरिक्त बैरिकेडिंग भी की गई है। इस बीच अमिताभ ने सोशल मीडिया पर 'बच गए' लिखकर एक पोस्ट साझा की, हालांकि उन्होंने इसका कोई संदर्भ नहीं बताया। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उनका पोस्ट इस मामले से जुड़ा था या नहीं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

शरद कपूर की मदद को आगे आए सोनू सूद : सलमान खान ने भी बढ़ाया हाथ

अभिनेता शरद कपूर की मदद के लिए सोनू सूद आगे आए हैं। सलमान खान ने भी संपर्क किया है। शरद को हॉलीवुड फिल्म का ऑफर मिला है, जिसकी शूटिंग जनवरी में शुरू होगी।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
salmankhan

फिल्म 'जोश' में शाहरुख खान के साथ नजर आ चुके अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपने करियर को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम देने की अपील की थी। अब उनकी मदद के लिए सोनू सूद आगे आए हैं। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान ने भी उनसे संपर्क किया है।

कुछ मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, सोनू सूद (Sonu Sood) ने रविवार को शरद कपूर (Sharad Kapoor) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शरद को मेडिकल सहायता देने के साथ अपने एक आगामी बॉलीवुड प्रोजेक्ट में काम देने की संभावना पर भी बातचीत की। इससे पहले सोनू ने उनके इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम और जरूरी मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम करने की बात भी कही थी।

इस बीच सलमान खान (Salman Khan) ने शरद कपूर से बात कर उनका हालचाल जाना और आर्थिक मदद का भरोसा दिया है। हालांकि, शरद ने स्पष्ट किया है कि उनका वीडियो आर्थिक सहायता मांगने के लिए नहीं था। वह मुख्य रूप से दोबारा काम करना चाहते हैं।

इस बीच शरद कपूर ने खुलासा किया है कि उन्हें एक हॉलीवुड फिल्म का ऑफर मिला है। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि जनवरी 2027 में इसकी शूटिंग शुरू करने की योजना है। पैर की चोट से पूरी तरह ठीक होने के बाद वह बॉलीवुड में भी काम जारी रखना चाहते हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए