होम / टेलिस्कोप / प्रसून पांडे का निर्देशन डेब्यू: MovieVerse व Ellipsis के साथ ला रहे हैं थ्रिलर फिल्म
प्रसून पांडे का निर्देशन डेब्यू: MovieVerse व Ellipsis के साथ ला रहे हैं थ्रिलर फिल्म
प्रसून पांडे का नाम दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली विज्ञापन फिल्म निर्माताओं की Campaign Magazine की सूची में शामिल किया जा चुका है और ऐसा करने वाले वे पहले एशियाई हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
मशहूर विज्ञापन फिल्म निर्माता प्रसून पांडे जल्द ही निर्देशन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। मूवीवर्स स्टूडियोज और एलिप्सिस एंटरटेनमेंट ने उनके निर्देशन में एक माइथोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म के निर्माण की घोषणा की है। यह उनकी बतौर निर्देशक पहली फीचर फिल्म होगी, जिसे लेकर इंडस्ट्री में खासा उत्साह है।
प्रसून पांडे का नाम दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली विज्ञापन फिल्म निर्माताओं की Campaign Magazine की सूची में शामिल किया जा चुका है और ऐसा करने वाले वे पहले एशियाई हैं। उनके विज्ञापन कार्यों को Cannes Lions, Clio Awards और D&AD जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई बार सम्मानित किया गया है। अब वे अपने विशिष्ट विजुअल स्टाइल और गहरी कहानी कहने की कला को बड़े पर्दे पर लाने जा रहे हैं।
इस फिल्म की पटकथा लेखक वैभव विशाल ने लिखी है, जिन्होंने आधुनिक कहानी कहने की शैली को सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े एक सशक्त नैरेटिव में गूंथा है।
कंटेंट में क्रांति लाने का दावा
IN10 मीडिया नेटवर्क के मैनेजिंग डायरेक्टर आदित्य पिट्टी ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कहा, “मूवीवर्स में हम हमेशा ऐसी कहानियों को समर्थन देते हैं जो दर्शकों के लिए कुछ नया और रोचक लेकर आएं। प्रसून पांडे जैसे रचनात्मक व्यक्तित्व के साथ यह साझेदारी हमारे लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उनके निर्देशन में बनने वाली यह फिल्म न केवल कलात्मक दृष्टि से उत्कृष्ट होगी, बल्कि व्यापक दर्शक वर्ग को भी आकर्षित करेगी। एलिप्सिस एंटरटेनमेंट के तानुज और अतुल जैसे अनुभवी साथियों के साथ यह सहयोग हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है- उच्च गुणवत्ता का जनप्रिय मनोरंजन देना।”
मूवीवर्स स्टूडियोज के सीईओ विवेक कृष्णानी ने कहा, “हम ऐसी फिल्मों पर काम करना चाहते हैं जो भावनात्मक रूप से दर्शकों से जुड़ें और साथ ही भव्य सिनेमा का अनुभव भी दें। प्रसून पांडे के साथ उनका निर्देशन डेब्यू और एलिप्सिस एंटरटेनमेंट की भागीदारी हमें वह मौका देती है, जिससे हम एक ऐसी कहानी दर्शकों तक पहुंचा सकें जो असरदार, मनोरंजक और यादगार हो।”
एक लंबे इंतजार के बाद प्रसून पांडे का फैसला
एलिप्सिस एंटरटेनमेंट के पार्टनर्स तानुज गर्ग और अतुल कस्बेकर ने कहा, “प्रसून हमारे पुराने मित्र हैं और हम उनके काम की वर्षों से सराहना करते आए हैं। हमने उनके साथ कई स्क्रिप्ट्स साझा कीं, लेकिन यह कहानी कुछ अलग थी- इतनी कि उन्होंने इसके जरिए निर्देशन में उतरने का फैसला किया। उन्हें अपनी टीम में शामिल करना हमारे लिए गर्व की बात है। वे अब राम माधवानी और सुरेश त्रिवेणी जैसे विज्ञापन से फिल्मों में आए अन्य प्रभावशाली निर्देशकों की श्रेणी में शामिल हो जाएंगे। साथ ही मूवीवर्स जैसे समान सोच वाले पार्टनर्स के साथ जुड़ना इस सहयोग को और मजबूत बनाता है।”
"ये कहानी मेरे सिर से उतरी ही नहीं"- प्रसून पांडे
प्रसून पांडे ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, “मुझे विज्ञापन में जो कहानियां करने को मिलती हैं, वे मुझे बेहद पसंद हैं। इसलिए अब तक किसी फीचर फिल्म की जरूरत महसूस नहीं हुई। लेकिन जब ये कहानी अतुल ने मेरे साथ साझा की, तो मुझे तुरंत महसूस हुआ कि यही वो कहानी है जिसका मैं इंतजार कर रहा था। ये मेरे जेहन से निकली ही नहीं। यह एक ऐसा नैरेटिव है जो सिनेमा की पारंपरिक सीमाओं को चुनौती दे सकता है। और मूवीवर्स स्टूडियोज और एलिप्सिस एंटरटेनमेंट जैसे सहयोगियों के साथ इस यात्रा की शुरुआत करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”
फिल्म के मुख्य कलाकारों की घोषणा जल्द की जाएगी।
टैग्स