होम / टेलिस्कोप / बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर बोलीं जाह्नवी कपूर: यह नरसंहार है
बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर बोलीं जाह्नवी कपूर: यह नरसंहार है
बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या पर अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को नरसंहार बताते हुए चरमपंथ के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा हत्या किए जाने की घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश पैदा कर दिया है। इस दर्दनाक मामले पर बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है और इसे बर्बरता तथा नरसंहार करार दिया है।
25 दिसंबर को जाह्नवी कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, वह केवल एक घटना नहीं बल्कि लगातार हो रही हिंसा की श्रृंखला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी को इस सार्वजनिक लिंचिंग की जानकारी नहीं है, तो उसे पढ़ें, समझें और सवाल उठाएं। जाह्नवी ने यह भी कहा कि अगर इतनी क्रूर घटना भी लोगों को गुस्से से नहीं भरती, तो यही चुप्पी आगे चलकर समाज को और नुकसान पहुंचाएगी।
अपने पोस्ट में अभिनेत्री ने यह भी लिखा कि अक्सर लोग दुनिया के किसी और कोने में हो रही घटनाओं पर संवेदना जताते हैं, जबकि अपने ही समाज में हो रहे अत्याचारों पर आंखें मूंद लेते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी रूप में मौजूद चरमपंथ का विरोध जरूरी है, वरना इंसानियत ही खतरे में पड़ जाएगी।
जाह्नवी कपूर के इस बयान का फिल्म जगत से भी समर्थन मिला। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में जब चुप रहना आसान होता है, तब जाह्नवी ने सच बोलने का रास्ता चुना। उन्होंने माना कि इस तरह की आवाज उठाने पर ट्रोलिंग और नफरत का सामना करना पड़ता है, फिर भी मानवता के पक्ष में खड़ा होना जरूरी है।
गौरतलब है कि 18 दिसंबर को बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास को कथित अफवाहों के बाद भीड़ ने बेरहमी से पीटकर मार डाला था। बाद में शव को पेड़ से लटकाकर आग लगा दी गई। यह घटना धार्मिक हिंसा और कट्टरता के खतरनाक चेहरे को उजागर करती है।
टैग्स