होम / टेलिस्कोप / दूरदर्शन-कलर्स के बाद अब इस चैनल पर भी दिखाई जाएगी 'महाभारत'
दूरदर्शन-कलर्स के बाद अब इस चैनल पर भी दिखाई जाएगी 'महाभारत'
4 मई को कलर्स चैनल पर भी बीआर चोपड़ा की महाभारत का प्रसारण किया गया। लेकिन अब खबर है कि कलर्स के बाद यह सीरियल बहुत जल्द एक अन्य चैनल पर भी नजर आएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोना वायरस के चलते देशभर में लॉकडाउन जारी है। ऐसे में लोग घरों में रहें, इसके लिए 80 और 90 के दशक में दूरदर्शन पर दिखाए जाने वाले कई टीवी सीरियल्स दोबारा शुरू किए गए, लेकिन इनमें दर्शकों का सबसे ज्यादा प्यार मिला रामानंद सागर की 'रामायण' और बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' को। इस बीच 4 मई को कलर्स चैनल पर भी बीआर चोपड़ा की महाभारत का प्रसारण किया गया। लेकिन अब खबर है कि कलर्स के बाद यह सीरियल बहुत जल्द ‘स्टार भारत’ पर भी नजर आएगा।
स्टार भारत चैनल पर 'महाभारत' का प्रसारण 18 मई से रोजाना रात 8 बजे, प्राइम टाइम स्लॉट में टेलिकास्ट किया जाएगा। चैनल ने इंस्टाग्राम पर ‘महाभारत’ का प्रोमो शेयर कर इसकी जानकारी दी। इस बारे में चैनल ने लिखा, 'इंतजार की घड़ियां होने वाली हैं खत्म! देखिए 'महाभारत', आज रात 8 बजे से, STAR भारत पर!'
आपको बता दें कि ‘महाभारत’ का प्रसारण इससे पहले दूरदर्शन और कलर्स पर किया गया है। वहीं इसके अलावा स्टार प्लस पर भी एक और 'महाभारत' दिखाई जा रही है, जोकि सिद्धार्थ कुमार तिवारी के निर्देशन में बनीं है। दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले महाभारत को बीआर चोपड़ा ने निर्देशित किया है।
बीआर चोपड़ा और रवि चोपड़ा के निर्देशन में बनी महाभारत 1988 से 1990 के बीच में दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था। हाल ही में लॉकडाउन की वजह से ही इस सीरियल की टीवी पर वापसी हुई थी। इस सीरियल में नीतीश भारद्वाज, मुकेश खन्ना, रूपा गांगुली, गजेंद्र चौहान और पुनीत इस्सर जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। दूरदर्शन पर बुधवार 13 मई को इसका आखिरी एपिसोड दिखाया गया।
मालूम हो कि लॉकडाउन में लोगों की अपील पर 'रामायण' और 'महाभारत' का पुन: प्रसारण शुरू किया गया था। दोनों ही सीरियल्य को दर्शकों से खूब प्यार मिला। दूरदर्शन पर रामायण ने रिकॉर्ड भी बनाए, वहीं महाभारत भी कई हफ्तों तक टॉप शोज में रहा।
टैग्स दूरदर्शन महाभारत कलर्स कोरोना वायरस बीआर चोपड़ा स्टार भारत