होम / विचार मंच / अग्निवीर विवाद पर बोले रजत शर्मा, सेना पर विश्वास करें, भरोसे पर न आए आंच
अग्निवीर विवाद पर बोले रजत शर्मा, सेना पर विश्वास करें, भरोसे पर न आए आंच
राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी किया जिसमें उन्होंने शहीद अग्निवीर अजय के पिता का वीडियो लगाया, जो ये कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि सरकार की तरफ से उन्हें कुछ नहीं मिला।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
रजत शर्मा, इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ।
राहुल गांधी एक बार फिर अग्निवीर को लेकर विवाद में पड़ गए। उन्होंने एक बार फिर आरोप लगाया कि शहीद अजय कुमार के परिवार को कोई मुआवजा नहीं मिला। भारतीय सेना ने इस बात का खंडन किया, इस आरोप को गलत बताया। सेना ने एक बयान जारी कर के कहा कि शहीद अग्निवीर के परिवार को अब तक करीब एक करोड़ रुपए मिल चुके हैं। दो दिन पहले लोकसभा में भी राहुल गांधी ने इल्जाम लगाया था कि सरकार अग्विनीर योजना को लेकर गलतबयानी कर रही है। राहुल ने कहा था अग्निवीर को न शहीद का दर्जा मिलता है, न पेंशन मिलती है, न कोई मुआवज़ा मिलता है।
और सबूत के तौर पर राहुल गांधी ने पंजाब के शहीद अग्निवीर अजय कुमार का उदाहरण दिया। कहा वो अजय के परिवार से मिले थे और परिवार ने बताया कि उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उसी वक्त सदन में खड़े होकर राहुल को सदन को गुमराह करने को लेकर टोका,साफ कहा कि अगर कोई अग्निवीर सेना के ऑपरेशन में या सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद होता है तो उसके परिवार को करीब एक करोड़ रुपए मिलते हैं।
लेकिन गुरुवार को राहुल गांधी ने एक बार फिर राजनाथ सिंह पर झूठ बोलने का इल्जाम लगाते हुए एक वीडियो जारी किया जिसमें उन्होंने शहीद अग्निवीर अजय के पिता का वीडियो लगाया, जो ये कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि सरकार की तरफ से उन्हें कुछ नहीं मिला। इस वीडियो का संदर्भ देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अब झूठ बोलने के लिए रक्षामंत्री को देश से मांफी मांगनी चाहिए।
जैसे ही राहुल गांधी का वीडियो सामने आया तो ये बड़ा मुद्दा बन गया। सेना ने बयान जारी किया, पूरी बात बताई, कहा कि शहीद अग्निवीर के परिवार को करीब एक करोड़ रपए मिल चुके हैं। इसके अलावा अभी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद करीब 67 लाख रुपए और दिए जाएंगे। इसलिए ये कहना ठीक नहीं है कि रक्षामंत्री ने लोकसभा में गलत बात कही। अब सवाल ये है कि इस मामले का सच क्या है? क्या वाकई में शहीद के परिवार को कोई मुआवजा नहीं मिला? क्या रक्षामंत्री ने झूठ बोला? राहुल ने वीडियो में जिस व्यक्ति का बयान दिखाया, वह चरणजीत सिंह हैं, अग्निवीर अजय कुमार के पिता।
चरणजीत सिंह लुधियाना में रामगढ़ सरदारां गांव के रहने वाले हैं। चरणजीत सिंह के बेटे अजय सिंह अग्निवीर के तौर पर सेना में भर्ती हुए थे और इसी साल 18 जनवरी को राजौरी में एक बारूदी सुरंग के धमाके में शहीद हुए थे। चूंकि राहुल गांधी ने अपनी बात को सही और राजनाथ सिंह के बयान को गलत साबित करने के लिए शहीद के पिता को ढाल बनाया तो सेना की तरफ से बयान जारी करके पूरी हकीकत सामने रखी गई।
बयान में कहा गया है कि शहीद अग्निवीर अजय कुमार के परिवार को अब तक 98 लाख 39 हज़ार रुपए मिल चुके हैं और 67 लाख तीस हजार रुपए और दिए जाने बाकी है। ये रकम औपचारिक कागजी कार्यवाही पूरी होने के बाद जल्द से जल्द दे दी जाएगी। सेना की तरफ से बताया गया कि अग्निवीर 18 जनवरी को शहीद हुए थे और उसके बाद एक महीने से भी कम वक्त में उनके परिवार को जीवन बीमा रकम के 50 लाख रुपए मिल गए थे।
पचास लाख की ये रक़म 13 फ़रवरी को अजय की मां मनजीत कौर के खाते में क्रेडिट हुई थी। इसके बाद 10 जून को सेना की अपनी बीमा पॉलिसी के तहत 48 लाख 39 हज़ार रुपए भी अजय की मां के खाते में क्रेडिट हो गए थे। इस तरह कुल मिलाकर 98 लाख 39 हजार रुपए की कुल रकम शहीद के परिवार को मिल चुकी है।
ऐसा लगता है कि जिन लोगों ने राहुल गांधी को जानकारी दी, उन्होंने राहुल को यही बताया कि परिवार को सहायता की राशि नहीं मिली है। संसद में जब राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को सूचित किया कि एक करोड़ रुपया दिया गया है, तब भी वो यही कह रहे थे कि परिवार वाले कुछ और बता रहे हैं। लेकिन आज जब सेना की तरफ से बयान जारी कर दिया गया, एक करोड़ की सहायता कब और कैसे दी गई, ये बता दिया गया, तो इस पर सब को भरोसा करना चाहिए।
शहीद के लिए क्या करना है, कितना मुआवज़ा देना है, उनके परिवार को किस तरह की सहायता देनी है, ये काम हमारी फौज का है और उसके प्रति किसी को कोई सवाल नहीं उठाना चाहिए। हमारी फौज के प्रति लोगों के मन में जो भरोसा है, विश्वास है, उस पर किसी तरह की आंच नहीं आनी चाहिए। इतिहास गवाह है कि देश की सुरक्षा के लिए हमारी थल सेना, नौसेना और वायु सेना के बहादुर जवानों और अफसरों ने अनगिनत बलिदान दिए, न जाने कितने वीर जवान देश के लिए शहीद हुए और हमारा देश इस त्याग और बलिदान के लिए हमेशा उनका ऋणी रहेगा।
( यह लेखक के निजी विचार हैं )
टैग्स राहुल गांधी अग्निवीर रजत शर्मा ब्लॉग