होम / रेडियो / अब कम्युनिटी रेडियो की तरफ जमीं सरकार की निगाहें, तय किया ये लक्ष्य
अब कम्युनिटी रेडियो की तरफ जमीं सरकार की निगाहें, तय किया ये लक्ष्य
सूचना-प्रसारण मंत्री ने एक समारोह में वर्ष 2018-19 के लिए पांच श्रेणियों में दिए कम्युनिटी रेडियो के राष्ट्रीय पुरस्कार
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने 'सामुदायिक रेडियो के लिए वर्ष 2018-2019 के राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। डॉ. बीआर अम्बेडकर भवन में आयोजित सातवें सामुदायिक रेडियो सम्मेलन में पांच श्रेणियों के लिए उन्होंने ये पुरस्कार दिए। जिन श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए, उनमें विषय आधारित, सामुदायिक अनुबंध, स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहन, सर्वाधिक रचनात्मक/नवाचार तथा निरंतरता शामिल थीं। इसके साथ ही उन्होंने नई सरकार के पहले 75 दिनों के खास फैसलों पर आधारित पुस्तिका 'जन कनेक्टः स्पष्ट नीयत, निर्णायक कदम' भी जारी की।
यह पुस्तिका मंत्रालय के आउटरीच एवं संचार ब्यूरो द्वारा तैयार की गई है। कार्यक्रम को दौरान प्रकाश जावड़ेकर ने यह भी कहा कि वर्तमान में सामुदायिक रेडियो स्टेशनों की संख्या 262 है, सरकार का लक्ष्य इस संख्या में बढ़ोतरी कर इसे 500 करना है, ताकि लोगों तक हर तरह की सूचना पहुंच सके और उनका मनोरंजन भी हो सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रेडियो की ताकत को पहचानने की चर्चा करते हुए जावड़ेकर ने कहा कि पीएम द्वारा शुरू किया गया 'मन की बात' कार्यक्रम अब 'देश की बात' के साथ-साथ प्रत्येक व्यक्ति के 'दिल की बात' बन गया है। इस मौके पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव अमित खरे ने कहा कि अपनी बोली और भाषा में कही गई बात श्रोताओं पर काफी असर डालती है।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर कम्युनिटी रेडियो सामुदायिक रेडियो