होम / रेडियो / AIR: कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे स्टाफ पर नई कंपनी का 'सितम'
AIR: कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे स्टाफ पर नई कंपनी का 'सितम'
आकाशवाणी में रोजमर्रा के टाइपिंग संबंधी काम के लिये डाटा एंट्री ऑपरेटर और मल्टी टास्किंग स्टाफ के तौर पर युवाओं को कॉन्ट्रैक्ट पर रखा गया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी) में कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) से नई कंपनी द्वारा आठ हजार रुपए प्रति व्यक्ति मांगे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम अदा नहीं करने अथवा देने से मना करने की स्थिति में उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी भी जा रही है| दरअसल, आकाशवाणी में रोजमर्रा के टाइपिंग संबंधी काम के लिये डाटा एंट्री ऑपरेटर और मल्टी टास्किंग स्टाफ के तौर पर करीब 200 युवाओं को कॉन्ट्रैक्ट पर रखा गया है | इनमें से कई युवा वर्षों से यहीं काम कर रहे हैं|
आरोप है कि आकाशवाणी महानिदेशालय और प्रसार भारती ने जानबूझकर युवाओं को सीधे रोजगार न देकर एक प्राइवेट कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट दे रखा है, जो आवश्यकता अनुसार डाटा एंट्री ऑपरेटर और एमटीएस मुहैय्या कराती है| जून 2014 से ‘ट्रायो सिक्योरिटी एजेंसी’ (trio security agency) को कॉन्ट्रैक्ट मिला हुआ था| बताया जाता है कि लाजपत नगर स्थित यह एजेंसी संस्थाओं को सिक्योरिटी गार्ड्स मुहैया कराने का काम करती है। अब पटेल नगर दिल्ली स्थित ‘मैक्स प्रोटेक्शन’ (MAX PROTECTION) नामक जिस कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट दिया जा रहा है, वह भी सिक्योरिटी गार्ड्स और डिटेक्टिव सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी है।
आरोप यह भी हैं कि यह कंपनी आकाशवाणी दिल्ली केंद्र और आकाशवाणी महानिदेशालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर और एमटीएस के पद पर काम कर रहे युवाओं से 8 हजार रुपए प्रति व्यक्ति मांग रही है| इस बारे में ट्रायो सिक्योरिटी एजेंसी से जुड़े कपिल का कहना है कि उनका कॉन्ट्रैक्ट इस साल खत्म हो गया, इसलिए नई कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट दिया जा रहा है। नई कंपनी द्वारा पैसे मांगे जाने की बात पर उन्होंने कहा कि इस तरह का मामला उनकी जानकारी में भी आया है और इस बारे में पीड़ितों को शिकायत करनी चाहिए। वहीं, मैक्स प्रोटेक्शन से जुड़े महादेव ने फोन पर इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
टैग्स ऑल इंडिया रेडियो आकाशवाणी ट्रायो सिक्योरिटी एजेंसी मैक्स प्रोटेक्शन