होम / रेडियो / निजी FM रेडियो इंडस्ट्री से फिर उठी ये मांग, सूचना प्रसारण मंत्री को लिखा लेटर
निजी FM रेडियो इंडस्ट्री से फिर उठी ये मांग, सूचना प्रसारण मंत्री को लिखा लेटर
AROI की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि सरकारी सहायता न मिलने पर रेडियो इंडस्ट्री को इस साल सितंबर तक 600 करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
तमाम आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रही प्राइवेट एफएम रेडियो इंडस्ट्री ने सूचना-प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर तत्काल 300 करोड़ रुपए के राहत पैकेज की मांग की है। एफएम रेडियो ऑपरेटर्स के संगठन ‘एसोसिएशन ऑफ रेडियो ऑपरेशंस फॉर इंडिया’ (AROI) की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि सरकार की सहायता के बिना रेडियो इंडस्ट्री को इस साल सितंबर तक 600 करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है।
इस पत्र में AROI की प्रेजिडेंट अनुराधा प्रसाद का कहना है कि आने वाले महीनों में इंडस्ट्री को ‘जीवित’ रखने के लिए आर्थिक पैकेज काफी महत्वपूर्ण है। अनुराधा प्रसाद ने पिछले दिनों वित्त मंत्रालय द्वारा घोषित आर्थिक पैकेज पर भी निराशा जताई और कहा कि निजी एफएम रेडियो इंडस्ट्री के लिए इसमें कुछ भी नहीं है।
गौरतलब है कि यह तीसरा मौका है, जब रेडियो इंडस्ट्री ने सरकार को पत्र लिखकर राहत पैकेज (bailout packages) की मांग की है। 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में AROI का कहना था कि सरकार द्वारा विज्ञापन बंद किए जाने के बाद से ही निजी एफएम इंडस्ट्री पिछले एक साल से आर्थिक संकट का सामना कर रही है। इसके अलावा लंबे समय से बकाया राशि को मंजूरी भी नहीं मिली है। ऐसे में इंडस्ट्री को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले मार्च में, AROI ने सूचना-प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर कोरोना वायरस के प्रकोप से और बदहाल होती इंडस्ट्री की मदद के लिए बेलआउट पैकेज की मांग की थी।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय अनुराधा प्रसाद रेडियो सेक्टर एमआईबी प्रकाश जावड़ेकर एसोसिएशन ऑफ रेडियो ऑपरेशंस फॉर इंडिया बेलआउट पैकेज