होम / प्रिंट / कवरेज के दौरान हार्ट अटैक से फोटो जर्नलिस्ट का निधन, CM ने दी परिजनों को आर्थिक मदद
कवरेज के दौरान हार्ट अटैक से फोटो जर्नलिस्ट का निधन, CM ने दी परिजनों को आर्थिक मदद
अंग्रेजी दैनिक ‘द हिन्दू’ के वरिष्ठ छाया पत्रकार (सीनियर फोटो जर्नलिस्ट) के.वी. श्रीनिवासन का सोमवार को चेन्नई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 56 साल के थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
अंग्रेजी दैनिक ‘द हिन्दू’ के वरिष्ठ छाया पत्रकार (सीनियर फोटो जर्नलिस्ट) के.वी. श्रीनिवासन का सोमवार को चेन्नई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 56 साल के थे। बता दें कि वह श्री पार्थसारथी पेरुमल मंदिर में ‘वैकुंठ एकादशी’ उत्सव को कवर कर रहे थे कि तभी उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। हालांकि मंदिर में उन्हें तत्काल चिकित्सा दी गई और इसके बाद सरकारी रोयापेट्टाह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है।
बता दें कि उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। वह अंग्रेजी दैनिक ‘द हिन्दू’ के साथ 20 वर्षों से जुड़े हुए थे।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और सूचना मंत्री एम.पी. सामीनाथन ने श्रीनिवासन के निधन पर शोक प्रकट किया और शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
स्टालिन ने एक बयान में कहा कि राजकीय पत्रकार परिवार कल्याण कोष से उन्होंने मृतक के परिवार के लिए पांच लाख रुपए की वित्तीय सहायता जारी करने का आदेश दिया है। विभिन्न पत्रकार संघों ने श्रीनिवासन के निधन पर शोक प्रकट किया है।
विवेकानंद कॉलेज से संस्कृत में एमए करने वाले श्रीनिवासन ने मीडिया के साथ जुड़ने से पहले कुछ समय के लिए एक निजी कंपनी में टेलीफोन ऑपरेटर के तौर पर काम किया था। बाद में वह फ्रीलांस के तौर पर काम करने लगे। समाचार पत्रों के साथ उनका करियर 'द फाइनेंशियल एक्सप्रेस' के साथ शुरू हुआ। बाद में उन्होंने 'इंडियन एक्सप्रेस' के साथ काम किया। वह 2002 में द हिंदू से जुड़े। श्रीनिवासन समाज कल्याण की गतिविधियों में सक्रियता से हिस्सा लेते थे और श्री पार्थसारथी मंदिर में स्वयंसेवी थे।
टैग्स द हिन्दू फोटो जर्नलिस्ट फोटोग्राफर के.वी. श्रीनिवासन