होम / प्रिंट / आज कुछ ऐसे नजर आए अखबारों के फ्रंट पेज
आज कुछ ऐसे नजर आए अखबारों के फ्रंट पेज
अमर उजाला में आज फ्रंट पेज पर कोई विज्ञापन नहीं है, जबकि नवोदय टाइम्स में फ्रंट पेज पर फुल पेज विज्ञापन होने के कारण तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
शटल क्वीन पी.वी सिंधु ने वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया है। उनकी इस उपलब्धि को अखबारों ने भी बेहद खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत किया है। आज सबसे पहले अमर उजाला की बात करें तो अखबार के फ्रंट पेज पर कोई विज्ञापन नहीं है। यानी पाठकों के पढ़ने के लिए आज काफी कुछ है। अमर उजाला ने सिंधु को टॉप बॉक्स में जगह दी है और लीड में कश्मीर को रखा है। ‘जम्मू-कश्मीर में अब सिर्फ तिरंगा ही’ शीर्षक के साथ कश्मीर से जुड़े अन्य समाचारों को भी लीड में पैकेज की तरह लगाया गया है। अरुण जेटली की अंतिम विदाई फोटो के रूप में पेज पर है। बुलंदशहर हिंसा के आरोपितों का स्वागत और कुपोषण से बच्ची की मौत पर पिता-दादा को सजा, प्रथम पृष्ठ पर लगीं इन दो खबरों को आज सबसे ज्यादा पढ़ा जाएगा। पीएम मोदी के सम्मान को एंकर में जगह मिली है और इसके पास ही मोदी के मन की बात है। यानी बॉटम के आठ कॉलम मोदी के नाम समर्पित किये गए हैं।
आज नवोदय टाइम्स में फ्रंट पेज पर फुल विज्ञापन है। इस वजह से तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। अखबार ने आज लीड के साथ अच्छा प्रयोग किया है, जिससे उसका फ्रंट पेज सबसे जुदा नजर आ रहा है। लीड की शुरुआत ‘सिंधु से रोशन हुआ बैडमिंटन’ से हुई है और अंत एक दुखदाई खबर के साथ हुआ है, जिसका सबहेड है ‘...लेकिन इस बेटी के हिस्से में सिर्फ अंधेरा।’ दरअसल, झारखंड में पंचायत द्वारा बेटी को अपमानित किए जाने से दुखी एक पिता ने अपनी जान दे दी। संपादकीय टीम ने इन दोनों ही समाचारों को बेहतर ढंग से समझा और दोनों को ‘रोशनी’ और ‘अंधेरे’ से जोड़ते हुए शानदार लीड तैयार की। इसके नीचे चार कॉलम में मोदी के मन की बात और उनकी विदेश यात्रा को एक पैकेज के रूप में लगाया गया है। अरुण जेटली की अंतिम विदाई से जुड़ा समाचार फोटो के साथ बॉक्स में है। ‘जम्मू-कश्मीर सचिवालय पर तिरंगा’ यह न्यूज दो कॉलम में है और इसके पास ही मोदी के सम्मान पर पाकिस्तान को लगी मिर्ची को सिंगल में रखा गया है। एंकर में लैब में बने मांस के जलवायु से कनेशन को उजागर किया गया है।
वहीं, आज यदि नवभारत टाइम्स के फ्रंट पेज को देखें तो इस पर सिंधु की खबर लीड है और इसका शीर्षक बहुत कमाल है। पी.वी सिंधु के ‘पी’ को इंग्लिश में रखा गया है और ‘वी’ की जगह विक्ट्री साइन है, इसके बाद लिखा है सिंधु चैंपियन। इस हेडलाइन को रचनात्मक हेडलाइन का सटीक उदाहरण कहा जा सकता है। इसके पास ही दो कॉलम में अरुण जेटली की अंतिम विदाई की खबर है। कश्मीर को लेकर राज्यपाल के बयान को प्रमुखता से पेज पर जगह मिली है। खाड़ी में मोदी के सम्मान से पाकिस्तान को लगी मिर्ची को दो कॉलम में रखा गया है। इसके अलावा हिंदू-मुस्लिम शादी के खिलाफ महापंचायत और आरएफआईडी टैग पर टेंशन से जुड़े समाचार के साथ ही मनीष अग्रवाल की स्टोरी भी फ्रंट पेज पर है। मनीष ने बताया है कि दिल्ली पुलिस ने जामिया इलाके के कई एटीएम सेंटरों पर ताला जड़ दिया, क्योंकि वहां कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं था।
अब दैनिक जागरण की बात करें तो लीड मोदी के मन की बात है, जिसमें उन्होंने प्लास्टिक और कुपोषण से लड़ाई की बात कही है। अखबार ने सिंधु की उपलब्धि को अकेले लगाने के बजाय स्पोर्ट्स पैकेज के रूप में पेश किया है। इसकी हेडलाइन है ‘सुपर संडे: टीम इंडिया और सिंधु ने गाड़े झंडे’। इस पैकेज में टीम इंडिया की वेस्टइंडीज पर ऐतिहासिक जीत और तीरंदाजी में कोमालिका को गोल्ड की खबर को भी जगह मिली है। वैसे कोमालिका का जिक्र बाकी अखबारों ने भी किया है, लेकिन क्रिकेट केवल जागरण के फ्रंट पेज पर ही है। इसके अलावा पेज पर अरुण जेटली की अंतिम विदाई और एंकर में जम्मू-कश्मीर की खबर है।
वहीं, हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज पर लीड सिंधु के बजाय मोदी के मन की बात है। हालांकि पीवी सिंधु की उपलब्धि को टॉप बॉक्स में जगह मिली है। अरुण जेटली की अंतिम विदाई की न्यूज को तीन कॉलम में फोटो के साथ रखा गया है, जबकि इसके ठीक नीचे एक ऐसी खबर है, जिस पर काफी समय से चर्चा चल रही थी। सुहेल हामिद ने अपनी इस स्टोरी में बताया है कि सरकार अगले साल से एयरकंडीशन का तापमान 24 डिग्री सेट करने जा रही है। धारा 370 हटने के बाद अब जम्मू कश्मीर सचिवालय पर सिर्फ तिरंगा ही लहराएगा, इस समाचार को भी पेज पर रखा गया है। इसके अलावा रिकॉर्ड तोड़ बारिश की खबर भी सबसे नीचे दो कॉलम में है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा पी.वी सिंधु