होम / प्रिंट / आज ये खबरें बनीं हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज की सुर्खियां
आज ये खबरें बनीं हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज की सुर्खियां
अमर उजाला और दैनिक भास्कर में तीसरा पेज फ्रंट पेज बनाया गया है। दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में फ्रंट पेज पर दो बड़े विज्ञापन हैं
नीरज नैयर 6 years ago
महाराष्ट्र की सियासी तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है। अजित पवार की ‘गुगली’ ने सभी को परेशान कर रखा है। दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अखबारों में आज सबसे बड़ी खबर यही है। आज शुरुआत अमर उजाला से करते हैं। अखबार में जैकेट विज्ञापन की वजह से तीसरा पेज फ्रंट पेज है। पेज की शुरुआत क्रिकेट से हुई है, जिसका शीर्षक है ‘गुलाबी जीत: पारी से लगातार चौथी जीत के साथ भारत का विश्व रिकॉर्ड’। लीड महाराष्ट्र की सियासत है। अमर उजाला ने घाटी में तीनों सेनाओं की तैनाती की खबर को फ्रंट पेज पर रखा है।
अयोध्या पर मोदी के ‘मन की बात’ और अल्पसंख्यक आयोग की मुस्लिम पक्ष को नसीहत भी पेज पर है। जल्द ही आपके वोटर आईडी कार्ड भी बारकोड से लैस होंगे। चुनाव आयोग ने इसकी तैयारी कर ली है और शुरुआत कर्नाटक विधानसभा चुनाव से होगी। यह खबर भी प्रमुखता के साथ पेज पर है। एंकर में नासा का मिशन मंगल है। मंगल गृह पर जीवन खोजने के लिए चट्टानों के नमूनों को पृथ्वी पर लाया जाएगा। इसके अलावा, पेज पर बेंगलुरु में बिन बारिश बाढ़ की फोटो भी है। झील की दीवार टूटने से राजधानी के 350 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया था।
अब बात करते हैं नवभारत टाइम्स की। लीड ‘किसका टाइम आएगा’ शीर्षक के साथ पूरे सात कॉलम में सजाई गई है। इसमें सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के साथ ही महाराष्ट्र की सियासत में चाचा-भतीजे की बयानबाजी को भी रखा गया है। टीम इंडिया की जीत रंगीन बैकग्राउंड में फोटो के साथ पेज पर है। पीएम के ‘मन की बात’ भी फ्रंट पेज पर है।
मनोज तिवारी को सीएम का चेहरा बताने वाले केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के साथ ही घाटी में तीनों सेनाओं की तैनाती और करतारपुर यात्रियों को केंद्र सरकार की छूट डेढ़ कॉलम में है। करतारपुर जाने वाले अब अपने साथ 25 हजार रुपए ले जा सकते हैं। पहले उन्हें केवल 11 हजार रुपए ही ले जाने की अनुमति थी। इसके अलावा, संक्षिप्त में भी कुछ खबरें हैं।
आज दैनिक जागरण के फ्रंट पेज पर दो बड़े विज्ञापन हैं। लीड महाराष्ट्र है, इसमें ओम प्रकाश तिवारी की बाईलाइन को भी रखा गया है। तिवारी ने चाचा-भतीजे की बयानबाजी पर प्रकाश डाला है। क्रिकेट की खबर को अखबार ने ‘भारत का हुआ गुलाबी टेस्ट’ शीर्षक के साथ प्रमुखता से लगाया है। साथ ही केमिकल हादसे को भी बड़ी जगह मिली है।
क्या मनोज तिवारी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे? यह सवाल केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के बयान से खड़ा हो गया है। पुरी ने कल कहा कि हम मनोज तिवारी के नेतृत्व में अगला चुनाव लड़ने जा रहे हैं, हालांकि बाद में उन्होंने सफाई भी पेश कर दी। मोदी के ‘मन की बात’ को सबसे नीचे डीप दो कॉलम में सजाया गया है। मोदी का कहना है कि अयोध्या का फैसला मील का पत्थर साबित होगा।
वहीं, दैनिक भास्कर में जैकेट विज्ञापन के चलते तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड महाराष्ट्र है, जिसे विस्तार से पाठकों के समक्ष परोसा गया है। क्रिकेट की खबर प्रमुखता के साथ मयफोटो पेज पर है। अयोध्या पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की मुस्लिम पक्ष को दी गई नसीहत को भी स्थान मिला है, लेकिन केमिकल हादसे के समाचार को तवज्जो नहीं दी गई है, जबकि स्थानीय खबर होने के नाते उसे फ्रंट पेज पर रखा जाना चाहिए था। घाटी में आतंकियों के सफाए के लिए तीनों सेनाओं की स्पेशल फोर्सेज की तैनाती की जा रही है। इस खबर को अखबार ने प्रमुखता से तीन कॉलम जगह दी है।
संगीता फोगाट और बजरंग पूनिया का रिश्ता भी पेज पर है। दोनों ओलंपिक के बाद शादी करने वाले हैं। एंकर में मनीषा भल्ला की बाईलाइन है, जिन्होंने तमिलनाडु के कलईयुर गांव की कहानी बयां की है। इस गांव का हर पुरुष लजीज खाना पकाना जानता है। इसके अलावा, पवन कुमार की बाईलाइन को भी सिंगल के रूप में पेज पर रखा गया है। कुमार के मुताबिक, डॉक्टरों पर होने वाले हमलों से निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो मसौदा तैयार किया था, उस पर कानून और गृह मंत्रालय ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे आखिर में आज हिन्दुस्तान का रुख करते हैं। फ्रंट पेज पर दो बड़े विज्ञापन हैं, लेकिन पाठकों के समक्ष खबरें परोसने में कंजूसी नहीं की गई है। ‘दिल्ली से मुंबई तक मोर्चेबंदी में जुटे दल’ शीर्षक के साथ लीड को काफी बड़ी जगह मिली ही। वहीं, स्कंद विवेक धर की बाईलाइन भी फ्रंट पेज पर है। उन्होंने बताया है कि निजी मेडिकल कॉलेज के छात्रों को भी अब एजुकेशन लोन मिलेगा। ट्रक चालक की लापरवाही के चलते दम तोड़ने वाले युवकों से जुड़ी खबर को भी प्राथमिकता के साथ लगाया है। दरअसल, सड़क पर केमिकल ले जा रहे वाहन से केमिकल सड़क पर फैल गया था, जिससे बाइक सवार तीन लोग फिसल गए। इनमें से दो की झुलसने के चलते मौत हो गई, जबकि एक अभी भी अस्पताल में है।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन और मोदी के ‘मन की बात’ को सिंगल कॉलम में रखा गया है। इसके अलावा, पेज पर दो अन्य खबरें हैं। पहली, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की मुस्लिम पक्ष को नसीहत है। आयोग का कहना है कि अयोध्या में मस्जिद के लिए दी गई पांच एकड़ जमीन स्वीकार कर लेनी चाहिए। दूसरी खबर अनिल अंबानी से जुड़ी है। अंबानी ने आरकॉम से इस्तीफे की पेशकश की थी, जिसे कर्जदाताओं ने अस्वीकार कर दिया। अखबार ने क्रिकेट की खबर को बेहद छोटा लगाया है, जबकि आज इसे सबसे ज्यादा पढ़ा जाना है। टीम इंडिया ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट में हरा दिया है।
आज का ‘किंग’ कौन?
1: लेआउट के लिहाज से आज सभी अखबार अच्छे नजर आ रहे हैं। आज ‘दैनिक जागरण’ के फ्रंट पेज में भी सुधार देखने को मिला है।
2: खबरों की प्रस्तुति में ‘नवभारत टाइम्स’, ‘अमर उजाला’ और ‘दैनिक भास्कर’ सबसे बेहतर हैं। तीनों ने लीड और क्रिकेट को काफी आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया है।
3: कलात्मक शीर्षक के मामले में आज भी बाजी ‘नवभारत टाइम्स’ के नाम है। बाकी अखबारों ने महाराष्ट्र के सियासी संकट को सामान्य शीर्षक के साथ लगाया है, वहीं ‘नवभारत टाइम्स’ ने इसमें प्रयोग किया है। शीर्षक ‘किसका टाइम आएगा’ नेताओं से लेकर आम जनता के मन में उठ रहे सवाल को दर्शाता है।
4: खबरों की बात करें तो सभी अखबारों में कुछ न कुछ प्लस-माइनस है। ‘अमर उजाला’, ‘नवभारत टाइम्स’ और ‘दैनिक भास्कर’ ने जहां ‘घाटी में तीनों सेनाओं की तैनाती’ को फ्रंट पेज पर लगाया है। वहीं, ‘दैनिक जागरण’ और ‘हिन्दुस्तान’ में केमिकल हादसे की खबर है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा