होम / प्रिंट / ऐसे नजर आ रहे हैं आज हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज
ऐसे नजर आ रहे हैं आज हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज
नवोदय टाइम्स में विज्ञापन की वजह से दो फ्रंट पेज बनाए गए हैं। दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान में तीसरे और नवभारत टाइम्स में पांचवें पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
चुनावी मौसम में जनता को इतने तोहफे मिलते हैं कि मन करता है चुनाव पांच साल में नहीं, बल्कि हर साल होने चाहिए। दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए केंद्र की मोदी सरकार ने राजधानीवासियों को लुभाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। ऐसी ही एक कोशिश को दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अधिकांश अखबारों ने अपने फ्रंट पेज की लीड बनाया है।
आज सबसे पहले नवोदय टाइम्स की बात करें तो विज्ञापन की वजह से तीसरे पेज को फ्रंट की शक्ल दी गई है। हालांकि, वहां भी केवल आधा पेज जगह ही है। इसलिए पांचवें पेज को भी फ्रंट पेज बनाया गया है। यानी अखबार में आज दो फ्रंट पेज हैं। पहले फ्रंट पेज पर लीड मोदी सरकार का दिल्लीवासियों को चुनावी तोहफा है। दूसरे पेज पर लीड कांग्रेस के दिल्ली अध्यक्ष की नियुक्ति को लगाया गया है। पार्टी ने तीन महीनों से खाली इस पद पर सुभाष चोपड़ा को बैठाया है। रेलवे में नौकरी की मांग को लेकर दिव्यांगों के प्रदर्शन को प्रमुखता दी गई है। पेज पर तीसरी खबर के रूप में लंदन के सनकी किलर को रखा गया है। ये समाचार फ्रंट पेज के लिए कितना जरूरी था, समझना मुश्किल है। हत्यारे ने 29 लोगों को फ्रीजर ट्रक में जमाकर मार डाला था। इसके नीचे, घाटी में आतंकी हामिद लोन के सफाए को तीन कॉलम में लगाया गया है।
आज देशबंधु के फ्रंट पेज पर कोई विज्ञापन नहीं है। लीड दिल्लीवासियों को मोदी सरकार का तोहफा है और इसी के पास दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी है। कमलेश तिवारी हत्याकांड को प्रमुखता से रखा गया है, जबकि घाटी से अलकायदा समूह के सफाए को सेकंड हाफ में जगह मिली है। कांग्रेस नेता शिवकुमार को बेल, दिल्ली में गोलीबारी और विधानसभा चुनावों के नतीजे आज, ये खबरें भी फ्रंट पेज पर हैं। झारखंड में विपक्ष को मिले करारे झटके को भी प्रमुखता मिली है। यहां कांग्रेस के तीन विधायकों सहित छह नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं। एंकर में रेलवे कर्मचारियों के प्रदर्शन को रखा गया है।
दैनिक जागरण को देखें तो अखबार ने तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया है। अखबार ने इस पेज पर लीड मोदी सकार के दिल्लीवासियों को दिए गए तोहफे से जुड़ी खबर को लगाया है। ‘दिल्ली के 40 लाख लोगों के अवैध मकान होंगे वैध’ शीर्षक से लगाए गए इस पैकेज में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी जगह दी गई है। लीड के नीचे दो कॉलम में हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से जुड़ी खबर है, जबकि इसके बगल में भूमि अधिग्रहण मामले को रखा गया है। आयकर चोरी से जुड़ी खबर भी इसके पास ही दो कॉलम में लगाई गई है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद पर सुभाष चोपड़ा की नियुक्ति को भी अखबार ने फ्रंट पेज पर जगह दी है। इसके पास ही रॉ और सेना के दफ्तरों पर हमले की साजिश से जुड़ी खबर को रखा गया है। अखबार ने एंकर में विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को रखा है। हरीश रावत के खिलाफ सीबीआई ने मुकदमा दर्ज किया है।
अब अमर उजाला का रुख करते हैं। पेज पर एकमात्र विज्ञापन होने के चलते कई खबरों को पेज पर जगह मिल सकी है। ‘दिल्ली की 1,797 अवैध कॉलोनियां होंगी नियमित, 50 लाख को मालिकाना हक’ शीर्षक के साथ लीड को पांच कॉलम में रखा गया है। इसके पास ही एक बेहद चौंकाने वाला समाचार है। यमुना का पानी पीने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ये खबर नदियों को साफ करने के सरकारी दावों पर भी प्रश्नचिन्ह लगाती है।
दीवापली से पहले अयोध्या की जगमग को फोटो के रूप में सजाया गया है, जबकि आतंकी हामिद लोन का सफाया दूसरी बड़ी खबर है। लोन कश्मीर में अलकायदा से जुड़े समूह का सरगना था। इसके अलावा, पेज पर कमलेश हत्याकांड की फास्ट कोर्ट में होगी सुनवाई, हरीश रावत पर सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर और दिल्ली में 1000 करोड़ की आयकर चोरी उजागर जैसी खबरें भी हैं। एंकर में अभूतपूर्व आविष्कार पर प्रकाश डालती स्टोरी है। वैज्ञानिकों ने एक ऐसी चिप विकसित की है, जिसने गणना के मामले में सुपर कंप्यूटर को भी पीछे छोड़ दिया है।
दैनिक भास्कर में जैकेट विज्ञापन है, जिस वजह से तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। हालांकि फ्रंट पेज पूरा खाली है। इस वजह से पाठकों को काफी खबरें पढ़ने को मिली हैं। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि केंद्र सरकार के तोहफे को फ्रंट पेज पर नहीं लगाया गया है। इसके उलट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के केंद्र पर वार को लीड का दर्जा दिया गया है। पार्टी नेता शिवकुमार से तिहाड़ मिलने पहुंचीं सोनिया गांधी ने कहा कि सरकार कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। इसी खबर में चिदंबरम की जमानत याचिका को भी रखा गया है।
घाटी से अलकायदा समूह के सफाए को काफी बड़ी जगह मिली है। रोशनी से जगमगाते स्टेच्यू ऑफ यूनिटी को फोटो के रूप में रखा गया है। रेलमंत्री के ट्रेनों में वाईफाई उपलब्ध कराने के वादे, अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में भाजपा विधायक से अभद्रता सहित सोशल मीडिया को आधार से जोड़ने के लिए हाई कोर्ट में याचिका को भी फ्रंट पेज पर जगह मिली है। एंकर में पवन कुमार की स्टोरी है, जिसमें उन्होंने यूपी में डीजे पर पाबंदी को लेकर कोर्ट में हुई गफलत के बारे में बताया है। इसके अलावा, रेमो डिसूजा के खिलाफ गैर जमानती वारंट सहित संक्षिप्त में कई अन्य समाचारों को लगाया गया है।
आज नवभारत टाइम्स में भी विज्ञापनों की भरमार है और पांचवें पेज को फ्रंट पेज बनाया जा सका है। लीड दिवाली गिफ्ट है, जिसे काफी बड़ी जगह मिली है। खबर की प्रस्तुति और शीर्षक बेहद आकर्षक हैं। विधानसभा चुनाव और स्थानीय अपराध समाचार को प्रमुखता से लगाया गया है। महाराष्ट्र और हरियाणा में हुए चुनावों के नतीजे आज सामने आ जाएंगे। वहीं, साउथ दिल्ली में घर में मिले पति-पत्नी के शव से इलाके में सनसनी फैल गई है। घाटी से अलकायदा गुट के सफाए सहित दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी, कांग्रेस नेता शिवकुमार को जमानत सिंगल कॉलम में हैं। वहीं, बीएसएनएल और एमटीएनएल के विलय की मंजूरी से जुड़ी खबर को भी पेज पर रखा गया है।
आखिर में हिन्दुस्तान की बात करें तो इस अखबार में तीसरा पेज फ्रंट पेज है। लीड मोदी सरकार का दिल्ली की अवैध कॉलोनियों को नियमित करने का फैसला है। सौरव गांगुली के बीसीसीआई अध्यक्ष की कुर्सी संभालने को टॉप में चार कॉलम में जगह मिली है। गांगुली का कहना है कि वो बोर्ड को कैप्टन की तरह चलाएंगे। घाटी से अलकायदा गुट के सफाए और महाराष्ट्र एवं हरियाणा के चुनावी परिणामों से जुड़े समाचार को भी प्रमुखता दी गई है। कमलेश हत्याकांड दो कॉलम में है, जबकि दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी और दिवाली के संबंध में यूपी सरकार के फैसले को सिंगल में लगाया गया है। योगी सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में केवल दो घंटे की आतिशबाजी की जा सकेगी।
आज का ‘किंग’ कौन?
लेआउट और खबरों की प्रस्तुति से लेकर कलात्मक शीर्षक तक में आज नवभारत टाइम्स ही अव्वल नजर आ रहा है। खासकर लीड को अखबार ने बेहद आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया है। इसका शीर्षक ‘कच्ची कॉलोनियों का दिवाली गिफ्ट पक्का’ भी सबसे हटकर है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा देशबंधु