होम / प्रिंट / किस अखबार का कैसा रहा आज का फ्रंट पेज, देखें यहां
किस अखबार का कैसा रहा आज का फ्रंट पेज, देखें यहां
दैनिक जागरण में आज दो फ्रंट पेज बनाये गए हैं, जबकि दैनिक भास्कर में फ्रंट पेज पर आधा पेज विज्ञापन है। हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज पर दो और अमर उजाला व नवभारत टाइम्स के फ्रंट पेज पर एक बड़ा विज्ञापन है।
नीरज नैयर 6 years ago
यदि आप सोच रहे हैं कि अयोध्या विवाद आखिरकार निपट गया तो आप गलत हैं। इस विवाद का ‘नया अध्याय’ शुरू होने जा रहा है। दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अखबारों ने आज इसी बात को प्रमुखता से उठाया है। शुरुआत दैनिक भास्कर से करते हैं। फ्रंट पेज पर आधा पेज विज्ञापन है। इसके बावजूद पाठकों के समक्ष ज्यादा से ज्यादा खबरें प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। लीड अयोध्या है और दूसरी बड़ी खबर के रूप में प्रताप क्षेत्री की बाईलाइन स्टोरी है। उन्होंने बताया है कि मिजोरम के सैनिक स्कूल में पहली बार 12 लड़कियों को दाखिला मिला है।
भाजपा-शिवसेना में बढ़ती दूरियों के साथ ही सबरीमाला मंदिर की खबर को भी पेज पर रखा गया है। आज से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र को अखबार ने सिंगल में लगाया है। इसी के साथ दो अन्य महत्वपूर्ण सिंगल खबरें भी फ्रंट पेज पर हैं। पहली, गौतम गंभीर के ‘लापता’ होने की। दरअसल, सांसद महोदय को लेकर दिल्ली में पोस्टर लगाये गए हैं, जिन पर लिखा है ‘लापता...क्या आपने इन्हें देखा है? आखिरी बार इंदौर में जलेबी खाते देखा गया था’। दूसरी, निर्भया केस फिर से एक अन्य अदालत में ट्रांसफर कर दिया गया है।
आज हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज पर दो बड़े विज्ञापन हैं। इसके बावजूद पाठकों के पढ़ने के लिए पेज पर काफी कुछ है। लीड अयोध्या है, जिसे ‘अयोध्या पर आदेश को चुनौती देगा बोर्ड’ शीर्षक तले तीन कॉलम में रखा गया है। पेज पर स्कन्द विवेक धर की बाईलाइन को प्रमुखता से स्थान मिला है, जो बता रहे हैं कि आयुष्मान योजना का लाभ उठाने में यूपी और बिहार फिसड्डी साबित हुए हैं। दिल्ली को प्रदूषण से मिली मामूली राहत के साथ ही शीतसत्र से पहले पीएम मोदी के बयान को भी पेज पर रखा गया है। मोदी का कहना है कि हम सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं।
फर्जीवाड़े से जुड़ी एक खबर को चार कॉलम में लगाया गया है। दिल्ली पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर पर कार्रवाई करते हुए 35 लोगों को गिरफ्तार किया है, ये लोग अब तक कनाडा के 500 से ज्यादा लोगों को करोड़ों का चूना लगा चुके हैं। इसके अलावा, पेज पर पांच सिंगल समाचार भी हैं। इनमें ‘जस्टिस बोबडे आज लेंगे शपथ’, ‘जेएनयू में तोड़फोड़ के खिलाफ केस दर्ज’, राजपक्षे ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज की’ और ‘आगरा का नाम बदलने की तैयारी’ शामिल हैं।
वहीं, अमर उजाला के फ्रंट पेज पर भी बड़ा विज्ञापन है। लीड अयोध्या है और इसके पास ही संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार की मुश्किलें बढ़ाने वाले मुद्दों के बारे में बताया गया है। फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी सहित जस्टिस बोबडे और राजपक्षे की खबर को भी फ्रंट पेज पर रखा गया है। जस्टिस बोबडे आज चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया का पदभार संभालेंगे। वहीं, राजपक्षे एक बार फिर से श्रीलंका के राष्ट्रपति चुन लिए गए हैं।
दिल्ली की हवा में आये सुधार को एंकर में जगह मिली है। घाटी में हुए आईईडी ब्लास्ट को दो कॉलम में रखा गया है। इस धमाके में एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो घायल हैं। इसके अलावा, कश्मीर के राजनीतिक बंदियों और नक्सलवादियों से जुड़ी खबर डेढ़-डेढ़ कॉलम में है। घाटी में अनुच्छेद 370 हटाये जाने के बाद से नजरबंद किए गए नेताओं पर चार करोड़ से ज्यादा खर्च हो चुके हैं। उधर, नक्सलियों ने ड्रोन से सीआरपीएफ शिविर की निगरानी करके सबको चौंका दिया है।
अब बात नवभारत टाइम्स की करते हैं। फ्रंट पेज पर बड़े विज्ञापन के चलते ज्यादा जगह नहीं है। पेज की शुरुआत रंगीन बॉक्स से हुई है, जिसमें दिल्ली की साफ होती हवा को फोटो के साथ रखा गया है। लीड अयोध्या है। दरअसल, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ याचिका दायर करने का फैसला लिया है। अखबार ने इसी बात को ध्यान में रखते हुए ‘अयोध्या पर एक और अध्याय खोलने को तैयार मुस्लिम बोर्ड’ शीर्षक लगाया है।
इसके अलावा पेज पर आज से शुरू हो रहे संसद के शीतसत्र से जुड़ी खबर है और एंकर में भाजपा एवं शिवसेना के बीच बढ़ती दूरियों को दर्शाता समाचार है। बाल ठाकरे की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री फडनवीस पर शिवसैनिकों ने कटाक्ष किये।
आखिरी में दैनिक जागरण का रुख करते हैं। अखबार में आज दो फ्रंट पेज बनाये गए हैं। पहला पेज अयोध्या के नाम है जबकि दूसरे पेज पर संसद सत्र से पहले पीएम मोदी के बयान को लीड लगाया गया है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर महाराष्ट्र से है। ओम प्रकाश तिवारी ने अपनी बाईलाइन में बताया है कि राकांपा प्रमुख शरद पवार सरकार गठन को लेकर आज दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे।
श्रीलंका में राजपक्षे की जीत को सबसे बड़ी जगह इसी अखबार ने दी है, इस खबर को तीन कॉलम में रखा गया है। साथ ही सबरीमाला मंदिर विवाद पर केरल के कानूनमंत्री के बयान को भी प्रमुखता मिली है। मंत्री महोदय का कहना है कि मंदिर को अखाड़ा नहीं बनने देंगे। एंकर में अनिल मिश्रा की बाईलाइन है। अनिल ने नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल किये गए ड्रोन के बारे में विस्तार से बताया है।
आज का ‘किंग’ कौन?
1: लेआउट के मामले में आज ‘नवभारत टाइम्स’, ‘हिन्दुस्तान’ और ‘दैनिक भास्कर’ सबसे आगे हैं। ‘अमर उजाला’ का फ्रंट पेज कुछ अटपटा दिखाई दे रहा है और ‘दैनिक जागरण’ का फ्रंट पेज नीरस है।
2: खबरों की प्रस्तुति में ‘हिन्दुस्तान’ और ‘नवभारत टाइम्स’ अव्वल हैं।
3: कलात्मक शीर्षक आज केवल ‘नवभारत टाइम्स’ में देखने को मिला है। जिस तरह से अयोध्या विवाद की नई शुरुआत को शीर्षक ‘अयोध्या पर एक और अध्याय खोलने को तैयार मुस्लिम बोर्ड’ में दर्शाया गया है, वो काबिले तारीफ है। जबकि बाकी अखबारों ने लीड के शीर्षक में कोई प्रयोग नहीं किया है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा