होम / प्रिंट / फ्रंट पेज पर अखबारों में आज किन खबरों को मिली प्रमुखता, पढ़ें यहां
फ्रंट पेज पर अखबारों में आज किन खबरों को मिली प्रमुखता, पढ़ें यहां
हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला में आज तीसरा जबकि नवभारत टाइम्स और दैनिक भास्कर में पांचवा पेज फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
दिल्ली की हवा बद से बदतर होती जा रही है। आम जनता से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक इसे लेकर चिंतित है, लेकिन हमारे सांसदों के लिए शायद यह गंभीर मुद्दा नहीं। शायद यही वजह है कि इस विषय पर होने वाली अहम बैठक से गौतम गंभीर और हेमा मालिनी नदारद रहे। दिल्ली के हेल्थ इमरजेंसी से जूझने के बीच क्रिकेट की पिच से सियासत की गलियों में कदम रखने वाले गंभीर की इंदौरी पोहा-जलेबी का लुत्फ उठाते तस्वीर कल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। आज अधिकांश अखबारों ने इसे प्रमुखता से जगह दी है।
आज शुरुआत हिन्दुस्तान से करते हैं। अखबार ने भारी विज्ञापनों के चलते तीसरे पेज को फ्रंट का दर्जा दिया गया है। हालांकि, यहां भी पांच बड़ी खबरें ही आ सकी हैं। लीड दिल्ली की जहरीली हवा है, जिसे काफी अच्छे से नेताओं और अफसरों पर कटाक्ष करते हुए लगाया गया है। इसके साथ ही गौतम की जलेबी का लुत्फ उठाते हुए फोटो भी चस्पा की गई है। महाराष्ट्र की सियासत को भी पेज पर रखा गया है है। नए फार्मूले के तहत मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा और कांग्रेस एवं राकांपा भी सरकार में अहम भूमिका निभाएंगे।
वहीं, उपभोक्ता व्यय में गिरावट और सरकार का आंकड़े जारी करने से इनकार भी फ्रंट पेज पर है। इसके अलावा क्रिकेटर मयंक अग्रवाल की उपलब्धि और नागरिकता बिल को भी तवज्जो दी गई है। मोदी सरकार सोमवार से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में नागरिकता बिल पेश कर सकती है। वहीं, एंकर में श्याम सुमन की बाईलाइन स्टोरी है, जिन्होंने चीफ जस्टिस के रूप में रंजन गोगोई के आखिरी कार्यदिवस के बारे में बताया है।
अमर उजाला में भी आज तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड दिल्ली की जहरीली हवा है, जिसमें सांसद गौतम गंभीर की पोहा-जलेबी का लुत्फ उठाती तस्वीर भी है। इसके पास ही मयंक अग्रवाल की उपलब्धि को फोटो के रूप में लगाया गया है। इंदौर में बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में दोहरा शतक लगाने के साथ ही मयंक ने इस मामले में डॉन ब्रैडमैन को पीछे छोड़ दिया है। सबरीमाला मंदिर विवाद पर जस्टिस नरीमन द्वारा केंद्र को लगाई गई फटकार को भी अखबार ने प्रमुखता से जगह दी है।
इसके अलावा, दिल्ली नगर निगम का बजट, पुलिस-वकील भिड़ंत सहित वित्तमंत्री का बयान भी पेज पर है। दिल्ली नगर निगम के बजट में संपत्ति कर की दरों में इजाफा किये जाने के आसार हैं। वहीं, हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद आक्रामक हुए वकीलों ने हड़ताल समाप्त कर ली है। वहीं, वित्तमंत्री ने सरकार की तैयारियों के बारे में बताते हुए कहा है कि बैंकों में जमा राशि पर एक लाख से ज्यादा बीमा मिल सकता है। एंकर में रक्षामंत्री के अरुणाचल दौरे से चीन को लगी ‘मिर्ची’ से जुड़ा समाचार है। राजधानी, शताब्दी और दुरंतों में महंगे हुए खान-पान को अखबार ने संक्षिप्त में जगह दी है। चीफ जस्टिस के रूप में रंजन गोगोई की विदाई की खबर फ्रंट पेज पर नहीं है।
अब रुख करते हैं नवभारत टाइम्स का। अखबार में आज विज्ञापनों की बहार है। इस वजह से पांचवें पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड दिल्ली की जहरीली हवा है, जिसे गौतम गंभीर की फोटो के साथ आकर्षक अंदाज में पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। महाराष्ट्र के सियासी संग्राम को भी अखबार ने तवज्जो दी है। चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की विदाई को फोटो और रंगीन बैकग्राउंड के साथ पेज पर रखा गया है। एंकर में रेलवे के महंगे हुए खानपान को जगह मिली है। तीन अन्य खबर एक-एक कॉलम में हैं। मसलन, सेप्टिक टैंक की फ्री सफाई, काम पर लौटे वकील और राहुल गांधी के खिलाफ 100 करोड़ के टैक्स का मामला फिर खोला जाएगा। यानी कांग्रेस के युवराज की भी मुश्किलें बढ़ना तय है।
वहीं, दैनिक जागरण को देखें तो यहां भी तीसरा पेज फ्रंट पेज है। लीड दिल्ली की जहरीली हवा है, लेकिन इसमें गौतम गंभीर की फोटो को जगह नहीं दी गई है। ‘सोनिया एवं राहुल गांधी के खिलाफ 100 करोड़ रुपए टैक्स का मामला’ इस खबर को अखबार ने प्रमुखता के साथ लीड के पास ही लगाया है। महाराष्ट्र के सियासी संकट को अपेक्षाकृत काफी बड़ी जगह दी गई है, यदि इसे छोटा लगाया जाता तो कई दूसरी महत्वपूर्ण खबरों को भी फ्रंट पेज पर स्थान मिल सकता था। चीफ जस्टिस के रूप में रंजन गोगोई की विदाई को सबसे नीचे दो कॉलम में रखा गया है। ट्रेनों में महंगे खान-पान को अखबार ने संक्षिप्त में लगाया है।
सबसे आखिर में आज दैनिक भास्कर का रुख करते हैं। चार फुल पेज विज्ञापनों के चलते पांचवें पेज को फ्रंट पेज का दर्जा दिया गया है। लीड दिल्ली की जहरीली हवा है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को फटकार लगाते हुए कहा है कि दिल्ली में चीन जैसे एयर प्यूरीफायर लगाये जाएं। लीड में ही गौतम गंभीर की प्रदूषण पर ‘गंभीरता’ दर्शाती तस्वीर भी है। पेज पर दूसरी प्रमुख खबर के रूप में एक रिपोर्ट को लगाया गया है। इसमें दावा किया गया है कि उपभोक्ता खर्च में चार दशक बाद गिरावट आई है। हालांकि सरकार आंकड़े जारी करने को तैयार नहीं है। पेज पर जनता की जेब को प्रभावित करने वाला एक समाचार भी है। रेलवे ने राजधानी, शताब्दी और दुरंतों ट्रेनों के खान-पान को काफी महंगा कर दिया है।
महाराष्ट्र की सियासत और दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़ी अखिलेश कुमार की बाईलाइन स्टोरी को भी पेज पर जगह मिली है। शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस में सरकार बनाने पर सहमति हो गई है, सभी दलों ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। वहीं, अखिलेश बता रहे हैं कि जिन ईवीएम को लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल किया गया था, उनसे ही दिल्ली विधानसभा चुनाव कराये जाएंगे। एंकर में चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की विदाई से जुड़ी पवन कुमार की बाईलाइन खबर है। अखबार ने फ्रंट पेज पर क्रिकेटर मयंक अग्रवाल की उपलब्धि को फोटो के रूप में स्थान दिया है। दोहरा शतक जड़ने के मामले में मयंक अब ब्रैडमैन से आगे निकल गए हैं।
आज का ‘किंग’ कौन?
1: ले-आउट की नजर से देखें तो आज ‘नवभारत टाइम्स’ और ‘हिन्दुस्तान’ ने सीमित जगह में भी काफी अच्छा फ्रंट पेज तैयार किया है।
2: खबरों की प्रस्तुति की बात करें तो ‘दैनिक जागरण’ को छोड़कर सभी अखबारों ने अच्छा काम किया है। खासकर लीड के मामले में ‘नवभारत टाइम्स’, ‘हिन्दुस्तान’ और ‘दैनिक भास्कर’ अव्वल हैं।
3: कलात्मक शीर्षक का टोटा आज भी अखबारों में दिखाई दे रहा है।
4: खबरों के लिहाज से फ्रंट पेज देखें तो ‘नवभारत टाइम्स’ और ‘दैनिक जागरण’ ने जहां क्रिकेटर मयंक की उपलब्धि को जगह नहीं दी है, वहीं राहुल और सोनिया गांधी की खबर को पेज पर लगाकर सबसे आगे निकल गए हैं। वहीं ‘अमर उजाला’ से चीफ जस्टिस की खबर के मामले में चूक हुई है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा