होम / प्रिंट / अखबारों के फ्रंट पेज पर रहीं आज ये प्रमुख खबरें
अखबारों के फ्रंट पेज पर रहीं आज ये प्रमुख खबरें
हिन्दुस्तान और दैनिक जागरण में फ्रंट पेज पर विज्ञापनों की अधिकता के कारण तीसरे पेज को बनाया गया है फ्रंट पेज
नीरज नैयर 6 years ago
15 अगस्त के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के नाम संबोधन सभी अखबारों के फ्रंट पेज की लीड रहा। आज शुरुआत नवभारत टाइम्स से करें तो पीएम मोदी की तिरंगे को सलामी देते हुए फोटो के साथ लीड लगाई गई है। इसकी हेडलाइन है ‘प्रधानमंत्री लाएंगे तीनों सेनाओं का सेनापति’। बैकग्राउंड फोटो और रिवर्स में टेक्स्ट के साथ यह पैकेज बेहद खूबसूरत लग रहा है। पेज पर दूसरी बड़ी खबर कश्मीर पर चीन की चाल है। दिल्ली सरकार की महिलाओं को सौगात को भी प्रमुखता से लगाया गया है। इसके अलावा, एक दशक में 20 हजार रन बनाने वाले विराट कोहली को सिंगल कॉलम में जगह मिली है। विज्ञापनों के चलते फ्रंट पेज पर कोई और बड़ी खबर नहीं है।
इसके अलावा दैनिक जागरण को देखें तो अखबार ने लीड पीएम के संबोधन को लगाया है, लेकिन तीनों सेनाओं के जिक्र को अलग से तीन कॉलम में जगह दी है। ‘जनता ने काम करने भेजा है, काम करूंगा’ शीर्षक तले पीएम की फोटो के साथ लीड सात कॉलम में है। इसके नीचे पाक को भारतीय फ़ौज का जवाब और कश्मीर पर चीन की चाल है। इस तरह से संबोधन, कार्रवाई और कश्मीर के लिए आधे से ज्यादा पेज समर्पित किया गया है। महिलाओं को डीटीसी व क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर की सौगात को दो कॉलम में रखा गया है।
वहीं, हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज पर भी काफी विज्ञापन है। लीड को छह कॉलम में बेहद खूबसूरती के साथ ‘तीनों सेनाओं का एक प्रमुख होगा’ शीर्षक तले लगाया गया है। यदि मोदी सरकार इस ऐलान को अमल में लाती है तो यह बहुत बड़ा बदलाव होगा। हालांकि, इसके नफे-नुकसान पर आकलन की जरूरत है। इसके पास ही दो कॉलम में पाकिस्तानी फौज को भारतीय सेना का करारा जवाब से जुड़ी खबर है। केजरीवाल सरकार के तोहफे को प्रमुखता से तीन कॉलम में रखा गया है। दिल्ली में महिलाएं भैया दूज से बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। कश्मीर पर चीन की चाल से जुड़ी खबर भी फ्रंट पेज पर है। डीसीपी की खुदकुशी की न्यूज सिंगल में है, इस मामले में एसएचओ को गिरफ्तार किया गया है। हिन्दुस्तान ने गुजरे जमाने की अभिनेत्री विद्या सिन्हा के निधन के समाचार को भी फोटो के साथ जगह दी है।
आज नवोदय टाइम्स के फ्रंट पेज पर कोई विज्ञापन नहीं है। ऊपर आठ कॉलम में पीएम के संबोधन को बेहद खूबसूरत और आकर्षक अंदाज में लगाया गया है। अखबार ने तीनों सेनाओं के सेनापति को दैनिक जागरण की तरह अलग से लगाने के बजाय लीड में ही रखा है जो कि अच्छा फैसला है। पेज पर दूसरी बड़ी खबर केजरीवाल सरकार की महिलाओं को सौगात है। स्वतंत्रता दिवस पर घाटी की शांति को दो कॉलम और कश्मीर पर चीन की चाल को अलग से तीन कॉलम जगह मिली है। एंकर में ‘अदालतों में अमर्यादित आचरण पर सीजेआई चिंतित’ खबर को लगाया गया है। नवोदय टाइम्स ने डीसीपी की खुदकुशी के समाचार को पर्याप्त स्थान होने के बावजूद फ्रंट पेज पर नहीं लगाया है।
नोट- 'अमर उजाला' का ई-पेपर उपलब्ध न होने के कारण आज इस अखबार को समीक्षा में शामिल नहीं किया जा सका है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा