होम / प्रिंट / आज ऐसे नजर आ रहे हैं प्रमुख अखबारों के फ्रंट पेज
आज ऐसे नजर आ रहे हैं प्रमुख अखबारों के फ्रंट पेज
विज्ञापन की अधिकता के कारण आज अमर उजाला और हिन्दुस्तान में तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
कश्मीर पर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उसने संयुक्त राष्ट्र में इस मुद्दे को उठाया है, हालांकि हर बार की तरह इस बार भी उसे मुंह की खानी पड़ी। पाकिस्तान की इस चालबाजी और उस पर भारत के दो टूक जवाब को आज दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अधिकांश अखबारों ने लीड बनाया है। आज सबसे पहले बात दैनिक जागरण की करते हैं। अखबार के फ्रंट पेज पर खास विज्ञापन नहीं है, इसलिए कई महत्वपूर्ण खबरों को स्थान मिला है। ‘पाकिस्तान ने फिर खाई मुंह की’ शीर्षक के साथ लीड को पांच कॉलम में रखा गया है। पाक के विदेशमंत्री द्वारा कश्मीर को भारत का हिस्सा मानने से जुड़ी खबर लीड के साथ रंगीन बॉक्स में है।
स्टार्ट-अप के मामले में दिल्ली-एनसीआर देशभर में अव्वल, इस समाचार को लीड के पास ही दो कॉलम में लगाया गया है। भारत-नेपाल के बीच तेल पाइपलाइन का शुभारंभ हो गया है। दैनिक जागरण ने यह खबर प्रमुखता के साथ पेज पर रखी है, इसके साथ ही कश्मीर के फल उत्पादकों के सेब अब सीधे नेफड द्वारा खरीदे जाएंगे, इस खबर को भी बड़ी जगह मिली है। जनता के विरोध को देखते हुए ट्रैफिक जुर्माने पर उल्टी गिनती शुरू हो गई है। हालांकि, ऐसा राज्य स्तर पर हो रहा है। शत्रुघ्न शर्मा ने अपनी बाईलाइन में बताया है कि गुजरात सरकार ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर केंद्र द्वारा लगाये नए जुर्माने की राशि में 50 फीसदी कमी की है। एंकर में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण का वह बयान है, जिसमें उनका कहना है कि ऑटो सेक्टर में मंदी की वजह ओला-उबर हैं। इसके अलावा तीन अन्य महत्वपूर्ण समाचारों को संक्षिप्त में रखा गया है।
आज हिन्दुस्तान ने टॉप बॉक्स ट्रैफिक जुर्माने से जुड़ी खबर के नाम समर्पित किया है। ग्रेटर नोएडा निवासी एक व्यक्ति की ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की बदसलूकी के चलते मौत हो गई, पुलिस ने अब अज्ञात यातायात पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हिन्दुस्तान ने खबर में इसी बात को उठाया है। इसके पास ही सौरभ शुक्ल की बाईलाइन स्टोरी है, जिसके मुताबिक ट्रैफिक नियमों का पालन करने वालों को बीमा में छूट मिलेगी। ये दोनों ही समाचार सबसे ज्यादा पढ़े जाएंगे।
लीड कश्मीर है, जबकि वित्तमंत्री के बयान और डीयू प्रोफेसर के घर पर पुणे पुलिस के छापे की न्यूज को दो-दो कॉलम में जगह मिली है। इसके अलावा पेज पर श्याम सुमन की भी स्टोरी है। सुमन ने बताया है कि क्रिकेट का प्रशासन चलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई प्रशासकों की समिति ने बीसीसीआई का प्रबंधन छोड़ने का फैसला लिया है। पाक विधायक सहित तीन महत्वपूर्ण खबरें भी सिंगल कॉलम में लगी हैं।
अमर उजाला का फ्रंट पेज देखें तो आज इस पर काफी विज्ञापन है। लीड कश्मीर है, जिसे खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। कश्मीर को भारत का हिस्सा बताने वाले पाक विदेशमंत्री के बयान को अलग से लगाया गया है, ताकि एक ही नजर में दिखाई दे जाए। जलियांवाला नरसंहार के 100 साल बाद ब्रिटेन के आर्कबिशप ने मंगलवार को इसके लिए माफी मांगी। आर्कबिशप की माफी मांगते हुए फोटो सोशल मीडिया में काफी चर्चा में थी, अमर उजाला ने उसी फोटो को पेज पर स्थान दिया है।
वहीं, दिल्ली-एनसीआर के स्टार्ट-अप की खबर को 4 कॉलम में रखा गया है, जबकि दिल्ली में 1.41 लाख रुपए के सबसे बड़े चालान की खबर को भी प्रमुखता से जगह मिली है। भगवान राम नामक ट्रक मालिक ने 9 सितंबर को कोर्ट में यह जुर्माना राशि भरी, इसी खबर में गुजरात द्वारा घटाई गई जुर्माना राशि का भी जिक्र है। फ्रंट पेज पर हेमंत रस्तोगी की एक बाईलाइन भी है। रस्तोगी ने बताया है कि केंद्र सरकार देश का मान बढ़ाने वालीं बेटियों को पद्म सम्मान से नवाजेगी। इसके अलावा, विदेशी छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में आईआईटी प्रोफ़ेसर पर कार्रवाई का समाचार भी पेज पर है। जबकि उर्मिला मातोंडकर और कृपाशंकर के कांग्रेस छोड़ने की न्यूज को संक्षिप्त में जगह मिली है।
वहीं, नवोदय टाइम्स ने फ्रंट पेज की शुरुआत सबसे बड़े ट्रैफिक जुर्माने की खबर से की है। इसका शीर्षक ‘भगवान राम का काटा 1.41 लाख का चालान’ लोगों को पूरी खबर पढ़ने पर विवश करेगा। इसी बॉक्स में नीचे ट्रैफिक जुर्माना कम करने की उल्टी गिनती को भी रखा गया है। लीड कश्मीर है, लेकिन उसे पाक विदेशमंत्री की स्वीकारोक्ति से उठाया गया है। यानी ‘पाकिस्तान ने माना कश्मीर भारत का’। उर्मिला और कृपाशंकर की कांग्रेस से विदाई की खबर डेढ़ कॉलम में है। भारत-नेपाल पाइपलाइन के शुभारंभ की खबर को भी प्रमुखता मिली है। सबसे नीचे दो कॉलम में विक्रम से सीख लेते हुए नासा की तैयारी है। इसके अलावा इमरान खान की पार्टी के पूर्व विधायक की न्यूज को भी सिंगल कॉलम में लगाया गया है। बलदेव कुमार ने अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार का हवाला देते हुए भारत में शरण मांगी है।
इसके अलावा नवभारत टाइम्स के फ्रंट पेज पर नजर डालें तो अखबार ने टॉप बॉक्स ट्रैफिक जुर्माने से जुड़ी खबर के नाम किया है। हालांकि, खबर को ‘चालान’ से नहीं बल्कि जुर्माना राशि कम करने की उल्टी गिनती से उठाया गया है। ‘ट्रैफिक जुर्माना कम करने की शुरुआत’ इस आईब्रो के साथ ‘गुजरात में रेड सिग्नल, दिल्ली में भी उल्टी गिनती शुरू’ शीर्षक तले यह समाचार प्रस्तुत किया गया है। इसी में दिल्ली में हुआ सबसे बड़ा जुर्माना भी सिंगल में है। लीड कश्मीर है, पाकिस्तान पर भारत के पलटवार को शीर्षक में रखते हुए पाक के विदेशमंत्री की स्वीकारोक्ति को बॉक्स में रखा गया है। पेज पर वीरेन्द्र कुमार की दिलचस्प और पढ़ी जाने वाले स्टोरी भी है। कुमार के अनुसार, सरकार एक ऐसा ऐप बना रही है, जो आपको बताएगा कि जिस रास्ते पर आप जाने वाले हैं, वह सुरक्षित है या नहीं। इसके अलावा एक सिख को रेस्टोरेंट में ‘नो-एंट्री’ सहित पेज पर तीन महत्वपूर्ण सिंगल समाचार भी हैं। नवभारत टाइम्स ने वित्तमंत्री के ऑटो सेक्टर में मंदी के बयान को संक्षिप्त में जगह दी है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा