होम / प्रिंट / प्रमुख अखबारों ने फ्रंट पेज पर आज इन खबरों को दी तवज्जो
प्रमुख अखबारों ने फ्रंट पेज पर आज इन खबरों को दी तवज्जो
नवरात्र के मौके पर दिल्ली से प्रकाशित होने वाले प्रमुख अखबारों में विज्ञापनों की भरमार है
नीरज नैयर 6 years ago
नवरात्र के मौके पर दिल्ली से प्रकाशित होने वाले प्रमुख अखबारों में विज्ञापनों की भरमार है। नवभारत टाइम्स से शुरुआत करें तो अखबार में फुल पेज विज्ञापन के चलते दो फ्रंट पेज बनाए गए हैं। हालांकि उन पर भी ज्यादा जगह नहीं है। पहले फ्रंट पेज पर दिल्ली की खबर को लीड लगाया गया है। इस खबर के अनुसार, दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने राजधानी में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने का फैसला लिया है। टॉप बॉक्स में क्रिकेट से जुड़ा समाचार है, जिसे रंगीन बैकग्राउंड के साथ आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा पेज पर कुछ अन्य सिंगल समाचार भी हैं।
दूसरे फ्रंट पेज पर नजर डालें तो लीड आतंकियों की घुसपैठ है। ‘पटाखे और सेब ले आये दिल्ली में दर्जन भर आतंकी’ इस शीर्षक के साथ डीप तीन कॉलम में लीड लगाई गई है। दरअसल, आतंकियों की बातचीत के जो कोड सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़े हैं, उनमें ‘दिल्ली के पटाखे’, कश्मीरी सेबों की दिल्ली में सप्लाई जैसी बातें शामिल हैं और इन्हीं के आधार पर नवभारत टाइम्स ने शीर्षक तैयार किया है।पेज पर दूसरी बड़ी खबर कटड़ा तक दौड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारम्भ है। अब वैष्णो देवी की यात्रा 12 के बजाय 8 घंटे में पूरी हो जाएगी। इस न्यूज को प्रमुखता के साथ टॉप में जगह दी गई है। इसके नीचे दो कॉलम में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से जुड़ा समाचार है।
पूर्व प्रधानमंत्री कॉरिडोर से करतारपुर साहिब जायेंगे। घाटी के नजरबंद नेताओं की रिहाई की खबर सिंगल कॉलम में है, साथ ही पेज पर तीन अन्य सिंगल समाचार भी हैं। नवभारत टाइम्स के पहले फ्रंट पेज पर आधा पेज विज्ञापन होने के कारण खबरों वाला भाग ही शो हो रहा है, इसलिए यहां पर खबरों वाले भाग को ही लगाया गया है जबकि दूसरा फ्रंट पेज पूरा शो हो रहा है।
अब रुख करते हैं अमर उजाला के फ्रंट पेज का। यहां तीसरा पेज फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड आतंकी घुसपैठ है, जिसे तीन कॉलम में लगाया गया है। इसके पास ही दिल्ली-एनसीआर में बारिश से थमी रफ्तार का फोटो है। मनमोहन सिंह के करतारपुर जाने की खबर को अमर उजाला ने रचनात्मक शीर्षक ‘पाक को ना–कैप्टन को हां: बतौर श्रदालु करतारपुर जाएंगे मनमोहन’ के साथ पेज पर रखा है। दरअसल, पाकिस्तान ने पूर्व प्रधानमंत्री को अतिथि के रूप में करतारपुर आने का न्यौता दिया था, जिसे उन्होंने अस्वीकार करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का तीर्थयात्रियों के जत्थे में शामिल होने का न्यौता स्वीकार लिया।
चिदंबरम की मुश्किलों से जुड़ी खबर को सिंगल कॉलम में जगह मिली है। उनकी न्यायिक हिरासत 17 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। दिल्ली मेट्रो के विस्तार के समाचार को तीन कॉलम में लगाया गया है। जबकि पाकिस्तान में सेना के आर्थिक तख्तापलट की खबर प्रमुखता के साथ दो कॉलम में है। नवभारत टाइम्स ने इसे सिंगल के रूप में फ्रंट पेज पर रखा है। अमर उजाला ने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की खबर को फ्रंट पेज पर नहीं रखा है।
दैनिक जागरण की बात करें तो भारी विज्ञापनों की वजह से अखबार में दो फ्रंट पेज बनाए गए हैं और उन पर भी काफी विज्ञापन है। दैनिक जागरण ने महज तीन बड़ी खबरों में ही पहले फ्रंट पेज को खत्म कर दिया है। हालांकि इस पेज पर कुछ संक्षिप्त समाचार भी हैं। लीड आतंकी घुसपैठ है, जिसे चार कॉलम में लगाया गया है और वंदे भारत एक्सप्रेस को डीप तीन कॉलम में रखा गया है। ट्रेन के शुभारंभ पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान से अखबार ने इस खबर की शुरुआत की है। शाह का कहना है कि ‘वंदे भारत’ के जरिये कश्मीर में विकास का रास्ता खुलेगा।
इसके अलावा पेज पर तीसरी और एकमात्र बड़ी खबर दिल्ली हाई कोर्ट का आदेश है। हाई कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा है कि जिन भवनों में आग से बचाव के उपाय नहीं हैं, उन्हें सील कर दिया जाए। ये खबर बाकी अखबारों में नहीं है। दैनिक जागरण के दूसरे फ्रंट पेज पर लीड नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत का बयान है, जिसमें उन्होंने बताया है कि तीस वर्षों तक दस फीसद की विकास दर पर काम हो रहा है। लीड के नीचे दो कॉलम में गंगा व सहायक नदियों में प्रतिमा विसर्जन पर पाबंदी से जुड़ी खबर है। इसके ठीक बगल में द्वारका-नजफगढ़ के बीच मेट्रो सेवा की खबर है, जिसमें बताया गया है कि इस रूट पर आज से मेट्रो सेवा शुरु होगी। इसके अलावा सिंगल कॉलम में पीएमसी बैंक घोटाले में एचडीआईएल के दो निदेशकों की गिरफ्तारी की खबर ली गई है।
वहीं, हिन्दुस्तान में भी विज्ञापनों के चलते तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड आतंकी घुसपैठ है, जिसे डीप तीन कॉलम में प्रस्तुत किया गया है। पेज पर दूसरी बड़ी खबर स्कन्द विवेक धर की बाईलाइन स्टोरी है। स्कन्द ने बताया है कि किस तरह यूपी में निजी मेडिकल कॉलेजों में एक सीट पर 15 दाखिले हुए हैं।
मनमोहन सिंह की करतारपुर यात्रा से जुड़ी खबर दो कॉलम में हैं और चिदंबरम की मुश्किलें से जुड़ी खबर सिंगल कॉलम में। इसके अलावा एससी/एसटी कानून पर सुप्रीम कोर्ट के रुख को भी फ्रंट पेज पर रखा गया है। कोर्ट ने स्पष्ट कह दिया है कि वो कानून के प्रावधानों को हल्का नहीं करेगा।
नवोदय टाइम्स का फ्रंट पेज देखें तो इस पर आज एकमात्र विज्ञापन है, इस वजह से पाठकों के पढ़ने के लिए पेज पर काफी कुछ है। टॉप बॉक्स में दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश है, जबकि लीड आतंकी घुसपैठ को रखा गया है। मनमोहन सिंह की करतारपुर यात्रा को अखबार ने अमरिंदर सिंह के बयान से उठाया है। ‘पाक के समारोह में न मैं जाऊंगा, न मनमोहन सिंह’ इस शीर्षक के साथ खबर दो कॉलम में रखी गई है। घाटी में नज़रबंद कश्मीरी नेताओं की रिहाई से जुड़ा समाचार भी प्रमुखता के साथ पेज पर है। समाचार के अनुसार, ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि नेताओं को एक-एक करके रिहा किया जायेगा।
एंकर में कांग्रेस की कलह है। महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव से पहले पार्टी नेता आपस में भिड़ गए हैं। इसके अलावा पेज पर अमेरिका में भारतीय आईटी इंजीनियर की मौत का भी समाचार है। तुषार अत्रे को कुछ दिन पहले अमेरिका स्थित उनके घर से अगवा किया गया था। नवोदय टाइम्स ने भी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के ऐलान को तवज्जो नहीं दी है और न ही पेज पर वंदे मातरम एक्सप्रेस के शुभारंभ से जुड़ी खबर है।
आखिर में बात करते हैं देशबंधु की। फ्रंट पेज पर कोई विज्ञापन नहीं होने के चलते काफी खबरों को जगह मिली है। लीड बाकी अख़बारों की तरह आतंकी घुसपैठ है, जबकि मनमोहन सिंह की करतारपुर यात्रा को दूसरी महत्वपूर्ण खबर के रूप में पेश किया गया है। एससी/एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के रुख को भी पेज पर जगह मिली है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के जिस समाचार को नवभारत टाइम्स ने लीड लगाया है, वो देशबंधु में एंकर में है। इन दोनों अखबारों के अलावा किसी ने इस खबर को तवज्जो नहीं दी है। इसके अलावा, कांग्रेस की कलह, अयोध्या सुनवाई और कोरेगांव हिंसा से जुड़ा समाचार भी फ्रंट पेज पर है। अमर उजाला की तरह देशबंधु ने बारिश की फोटो पेज पर रखी है, जो अच्छा फैसला है।
आज किसने मारी बाजी: लेआउट के मामले में आज अमर उजाला का फ्रंट पेज बाकी अखबारों के मुकाबले बेहतर दिखाई दे रहा है। बारिश के फोटो ने पेज को और भी ज्यादा निखार दिया है। यदि समाचारों की प्रस्तुति और रचनात्मकता की बात करें तो नवभारत टाइम्स अव्वल है। लीड की हेडलाइन बेहद उम्दा है और इसे तैयार करने में क्रिएटिविटी का भरपूर इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा, वंदे मातरम एक्सप्रेस की खबर को जहां दैनिक जागरण ने अमित शाह के बयान से उठाया है, वहीं नवभारत टाइम्स ने आम पाठक को ध्यान में रखते हुए शीर्षक लगाया है। अमित शाह के बयान से ज्यादा पाठक यह जानना चाहेगा कि उसे प्रत्यक्ष तौर पर क्या फायदा मिलेगा और फायदा यह है कि वैष्णो देवी का सफर अब 12 की जगह 8 घंटे में पूरा होगा। नवभारत टाइम्स ने इसी बात को रेखांकित किया है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा