होम / प्रिंट / अखबारों ने फ्रंट पेज पर रखीं आज ये प्रमुख खबरें
अखबारों ने फ्रंट पेज पर रखीं आज ये प्रमुख खबरें
आज अमर उजाला में फ्रंट पेज पर पूरा विज्ञापन होने के कारण तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है, वहीं दैनिक जागरण में दो फ्रंट पेज बनाये गए हैं
नीरज नैयर 6 years ago
पाकिस्तान की जेल में बंद कुलभूषण जाधव से पहली बार भारतीय उच्चायुक्त ने मुलाकात की है। इसे हमारी कूटनीतिक सफलता के रूप में देखा जा सकता है। दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अधिकांश प्रमुख अखबारों ने इस ‘सफलता’ को लीड लगाया है। हालांकि, नवभारत टाइम्स ने दिल्ली से जुड़ी खबर को प्राथमिकता दी है।
आज सबसे पहले हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज की बात करें तो सात कॉलम टॉप बॉक्स में चंद्रयान का सफर है, जिसे ग्राफिक्स के जरिये समझाया गया है। लीड कुलभूषण जाधव है, जिसकी हेडलाइन जाधव पर दबाव को बयां कर रही है। पाकिस्तान ने भारत को जाधव से मुलाकात की इजाजत तो दे दी है, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया है। अभिनंदन की कॉकपिट में वापसी को हिन्दुस्तान ने फोटो के रूप में पेज पर रखा है। नौकर की क्रूरता से जुड़ी खबर दो कॉलम में है और इसी के पास डॉक्टरों की सुरक्षा से जुड़ी खबर है। डॉक्टरों से मारपीट पर अब पांच साल की कैद हो सकती है। इनके अलावा पेज पर चिदंबरम और क्रिकेटर मोहम्मद शमी की मुश्किलों से जुड़ी खबर को भी जगह मिली है। शमी के खिलाफ जहां गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है, वहीं चिदंबरम की हिरासत अवधि बढ़ गई है।
अब अमर उजाला को देखें तो अखबार में फ्रंट पेज पर विज्ञापन होने के कारण तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। टॉप बॉक्स चंद्रयान और अभिनंदन के नाम समर्पित है। चंद्रयान का शीर्षक ‘विक्रम हुआ अलग, चंद्रयान-2 मायके से ससुराल की ओर बढ़ा’ बेहद आकर्षक है। लीड जाधव पर बनाया जा रहा पाकिस्तानी दबाव है और इमरान खान के बदलते सुर को भी लीड में रखा गया है। चार मंजिला इमारत ढहने की खबर को दो कॉलम में फोटो के साथ जगह मिली है और इसके नीचे मोहम्मद शमी की मुश्किलों को लगाया गया है। अर्थव्यवस्था को लगे एक और झटके को अमर उजाला ने फ्रंट पेज पर प्रमुखता से रखा है। खबर के मुताबिक, आठ प्रमुख उद्योगों की वृद्धि दर में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। यौन शोषण के आरोपित पूर्व मंत्री पर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती से जुड़ी खबर सबसे नीचे दो कॉलम में है।
वहीं, नवोदय टाइम्स के फ्रंट पेज पर नजर डालें तो अभिनंदन को टॉप बॉक्स में रखा गया है। पेज पर दो फोटो भी हैं, पहली गणपति बप्पा की स्थापना की और दूसरी चंद्रयान की। गणेश चतुर्थी के मौके पर बप्पा का एक फोटो तो फ्रंट पेज पर बनता है। लीड जाधव को ही रखा गया है, जिसकी हेडलाइन दबाव पर केंद्रित है। अर्थव्यवस्था की सुस्ती को अमर उजाला की तरह नवोदय टाइम्स ने भी प्रमुखता के साथ जगह दी है। फुटपाथों पर अतिक्रमण की जिस खबर को नवभारत टाइम्स ने लीड का दर्जा दिया है, उसे नवोदय ने सेकंड हाफ में तीन कॉलम में लगाया है। इन दोनों अखबारों के अलावा किसी ने इस समाचार को तवज्जो नहीं दी है। मध्यप्रदेश के सियासी घमासान को एंकर में जगह मिली है, जबकि चिदंबरम की मुश्किलों से जुड़ी खबर उसी के पास दो कॉलम में हैं। मोहम्मद शमी के गिरफ्तारी वारंट की न्यूज को अखबार ने संक्षिप्त में लगाया है।
अब नवभारत टाइम्स की बात करें तो अखबार का फ्रंट पेज काफी आकर्षक और संतुलित नजर आ रहा है। टॉप में चंद्रयान है, जिसे चंद्रमा की फोटो के साथ खूबसूरत अंदाज में पेश किया गया है। इसके पास ही अभिनंदन की कॉकपिट में वापसी का फोटो है। लीड फुटपाथों पर अतिक्रमण को लेकर सुप्रीम कोर्ट का निर्देश है। कोर्ट ने 15 दिन में दिल्ली के फुटपाथ साफ करने को कहा है। स्थानीय स्तर पर यह समाचार काफी मायने रखता है, इसीलिए नवभारत ने इसे लीड का दर्जा दिया है। कुलभूषण जाधव को अभिनंदन की फोटो के नीचे तीन कॉलम में रखा गया है और वैल्यू एडिशन के रूप में पाकिस्तान में धर्म परिवर्तन का मुद्दा है। गुड़गांव में सड़क हादसे की खबर को भी नवभारत ने प्रमुखता से लगाया है। इसके अलावा एक अन्य स्थानीय खबर एंकर में है। ग्रेटर कैलाश में एक नौकर ने क्रूरता की हद पार करते हुए बुजुर्ग को पहले फ्रिज में बंद किया फिर बाहर ले जाकर हत्या कर दी। वहीं, चिदंबरम की मुश्किलों को डेरा प्रमुख के समर्थक की गिरफ्तारी के साथ डेढ़ कॉलम में जगह मिली है।
वहीं, दैनिक जागरण में विज्ञापन की अधिकता की वजह से दो फ्रंट पेज बनाये गए हैं। पहले पेज पर कुलभूषण जाधव लीड है। जागरण ने भी हेडलाइन में जाधव पर पाकिस्तानी दबाव को रेखांकित किया है। दूसरे पेज पर टॉप बॉक्स में चंद्रयान एवं अभिनंदन हैं और खबर का शीर्षक ‘आसमान में अभिनंदन’ बेहद कमाल है, जबकि लीड एनआरसी पर नया विवाद है। भाजपा इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने का मन बना रही है। यदि आपको इसकी वजह जाननी है तो पूरी खबर पढ़नी होगी। क्रूर नौकर द्वारा की गई बुजुर्ग की हत्या और स्कूल में चोट लगने से छात्रा की मौत की खबर को भी फ्रंट पेज पर रखा गया है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की कई चौकियों को तबाह कर दिया है, इस खबर को जागरण ने प्रमुखता के साथ जगह दी है। एंकर में मध्यप्रदेश की राजनीति में चल रही उथलपुथल है और पास ही मोहम्मद शमी की मुश्किलों से जुड़ा समाचार लगाया गया है। दिग्विजय सिंह पर आरोप है कि वह कलामनाथ की सरकार गिराने की साजिश रच रहे हैं।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा