होम / प्रिंट / अपनी इस बड़ी गलती के लिए दैनिक भास्कर ने पाठकों से मांगी माफी
अपनी इस बड़ी गलती के लिए दैनिक भास्कर ने पाठकों से मांगी माफी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी अखबार की ये गलती, शुरू में मानी जा रही थी किसी की शरारत
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
विजयदशमी से सोशल मीडिया पर चल रहा ‘सत्य पर असत्य की जीत’ का तूफान अब थम गया है और यह भी साफ हो गया है कि तूफान आने का वाजिब कारण मौजूद था। ऐसा नहीं है कि तूफान उत्पन्न करने के लिए फोटोशॉप का सहारा लिया गया, जैसी की आशंका जताई जा रही थी।
दरअसल, दशहरे के मौके पर दैनिक भास्कर के छतरपुर संस्करण के फ्रंट पेज पर एक गंभीर भूल हो गई थी। पाठकों को विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए ‘असत्य पर सत्य की जीत’ के स्थान पर ‘सत्य पर असत्य की जीत’ छप गया। अब इसे काम का अत्यधिक बोझ कहें या फेस्टिवल सीजन की खुमारी कि किसी का भी ध्यान इस पर नहीं गया।
दूसरे दिन अखबार की गलती सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। आज के वक्त में फोटोशॉप से इस तरह का काम संभव है, इसलिए यह आशंका भी व्यक्त की गई कि कहीं ये किसी की साजिश तो नहीं। यहां तक कि दैनिक भास्कर से जुड़े पत्रकार भी इसे ‘गलती’ मानने को तैयार नहीं थे। वह भी फोटोशॉप को कुसूरवार मानते रहे, लेकिन जब दैनिक भास्कर ने माफीनामा छापा, तब लोगों को फोटोशोप की ‘बेगुनाही’ का सबूत मिला।
दैनिक भास्कर समूह दो समूहों में बंटा है। इसका एक हिस्सा कैलाश अग्रवाल के पास है, जिनका मुख्यालय जबलपुर में है। इसी समूह के अंतर्गत छतरपुर एडिशन आता है, जिसमें गलती हुई। दैनिक भास्कर में कार्यरत एक वरिष्ठ पत्रकार के अनुसार, खास मौकों की तैयारी भोपाल और जयपुर भास्कर में होती है, फिर उसे सभी एडिशन के लिए भेज दिया जाता है। हर एडिशन अपनी जरूरत एवं पसंद के अनुसार उसमें फेरबदल कर सकता है। विजयदशमी के लिए मास्टहेड भी भोपाल की डिजायनर टीम ने तैयार किया था।
सूत्रों की मानें तो भोपाल से जो मास्टहेड भेजा गया, उसमें भूलवश ‘सत्य पर असत्य की जीत’ हो गया, हालांकि गलती सामने आते ही उसे दुरुस्त करके नया मास्टहेड भेजा गया, मगर छतरपुर एडिशन उस पर ध्यान नहीं दे पाया। सोशल मीडिया पर जब ‘गलती’ वायरल होने लगी, तब माफीनामा प्रकाशित किया गया। जबलपुर भास्कर के समूह संपादक प्रकाश दुबे ने ‘सत्य का सूर्य कदापि अस्त नहीं होता’ शीर्षक तले गलती स्वीकारते हुए खेद प्रकट किया है। छतरपुर एडिशन के फ्रंट पेज पर यह माफीनामा प्रकाशित किया गया है।
टैग्स दैनिक भास्कर माफीनामा