होम / प्रिंट / वरिष्ठ पत्रकार विष्णु शर्मा की ‘हैट्रिक’, तीसरी किताब ने दी दस्तक
वरिष्ठ पत्रकार विष्णु शर्मा की ‘हैट्रिक’, तीसरी किताब ने दी दस्तक
विष्णु शर्मा लगभग दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मीडिया के तीनों माध्यमों-प्रिंट, टीवी और वेब पत्रकारिता का उन्हें काफी अनुभव है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘आईटीवी नेटवर्क’ के हिंदी चैनल ‘इंडिया न्यूज’ के यूट्यूब प्लेटफॉर्म के चिर-परिचित चेहरे व वरिष्ठ पत्रकार विष्णु शर्मा ने किताब लेखन में ‘हैट्रिक’ की है। कहने का तात्पर्य है कि दो साल में उनकी तीसरी किताब अब ऑनलाइन बाजार में आ चुकी है। जनवरी में नेशनल बुक फेयर में यह बुक प्रभात प्रकाशन के स्टॉल पर उपलब्ध होगी।
गौरतलब है कि 2018 में विष्णु शर्मा की किताब आई थी 'गुमनाम नायकों की गौरवशाली गाथाएं’, जिसमें इतिहास के ऐसे बड़े नायकों के बारे में बताया गया था, जिससे अमूमन लोग अपरिचित थे। उनकी किताब आने के बाद ऐसे कई नायकों के बारे में सोशल मीडिया पर खूब चर्चा भी हुई थी।
यह भी पढ़ें: पत्रकार विष्णु शर्मा ने इतिहास के कुछ गुमनामों को दी किताब की शक्ल...
पत्रकारिता के साथ-साथ लगातार लेखन से जुड़े विष्णु शर्मा अगले साल यानी 2019 में अपनी दूसरी किताब लेकर आए 'इतिहास के 50 वायरल सच'। इस किताब के चलते कई ऐसे एतिहासिक तथ्यों की सत्यता पर प्रकाश डाला गया, जो अमूमन भ्रम फैलाते थे और अब 2019 खत्म होते-होते उनकी तीसरी किताब भी ‘अमेजॉन’ पर उपलब्ध हो गई है। इस किताब का टाइटल है 'सुनो बच्चो, सर्जिकल स्ट्राइक की कहानी'। ये किताब पृष्ठों के हिसाब से छोटी है और केवल बच्चों के लिए लिखी गई है।
उल्लेखनीय है कि विष्णु शर्मा लगभग दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मीडिया के तीनों माध्यमों- प्रिंट, टीवी और वेब पत्रकारिता का उन्हें काफी अनुभव है। आगरा में ‘दैनिक जागरण’ के साथ अपनी पत्रकारिता की पारी शुरू करने वाले विष्णु शर्मा ने लंबे समय तक ‘अमर उजाला’, दिल्ली में काम किया। इसके बाद उन्होंने प्रिंट मीडिया से टीवी मीडिया की ओर रुख किया और 'बीएजी फिल्म्स' के न्यूज चैनल ‘न्यूज24’ के साथ लंबी पारी खेली। इस दौरान वे दो साल के लिए ‘E24’ चैनल को एस्टैबलिश करने के लिए मुंबई भी गए।
2016 से वह ‘आईटीवी ग्रुप’ के ‘इंडिया न्यूज’ चैनल से जुड़े हुए हैं। यहां हिस्ट्री और राजनीतिक विषयों पर उनके कई विडियोज मिलियंस व्यूज ले चुके हैं। बालाकोट के समय अभिनंदन पर किया एक विडियो उस समय खूब चर्चा में रहा था। उस विडियो को कुछ ही दिनों में सवा करोड़ लोगों ने देखा था।
मीडिया की परंपरागत नौकरी के 15 साल बाद 2014 में उन्होंने हिस्ट्री विषय से नेट क्वालीफाई किया और उसके बाद हिस्ट्री पर ही उनकी दो किताबें आ चुकी हैं, जिनमें से एक किताब 'गुमनाम नायकों की गौरवशाली गाथाएं' हाल ही में मुंबई आईआईटी की लाइब्रेरी का हिस्सा बनी है, जबकि दूसरी किताब ‘इतिहास के वायरल सच’ अमेजॉन ने कई देशों में ऑनलाइन उपलब्ध करवाई है।
उनकी तीसरी किताब 'सुनो बच्चो सर्जिकल स्ट्राइक की कहानी' भी प्रभात प्रकाशन से छपी है और बच्चों के लिए लिखी गई है। बच्चों के लिए वह पहले भी एनिमेशन फिल्म '4th इडियट पप्पू चला चांद पर' के लिए डायलॉग्स और 2 गाने लिख चुके हैं। इस एनिमेशन मूवी में फिल्म '3 इडियट्स' के चतुर यानी ओमी वैद्य ने बतौर सूत्रधार अपनी आवाज दी थी और उनका किरदार भी इस मूवी में शामिल किया गया था।
विष्णु शर्मा ने अपनी ट्वीट में लिखा है कि वह डिफेंस स्टडीज के छात्र भी रहे हैं और डिफेंस पर यह उनकी पहली बुक है जो कि प्रकाशक के आग्रह पर लिखी गई है।
Being a Defence Studies student got first chance to write a book on defence topic, only for kids...on publisher's request.. my 3rd book?? pic.twitter.com/6Bl61dcreh
— Vishnu Sharma (@vishuITV) December 18, 2019
विष्णु शर्मा की यह बुक फिलहाल अमेजॉन पर उपलब्ध है। ई बुक के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं-
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स विष्णु शर्मा किताब लॉन्च