होम / प्रिंट / इस मीडिया कंपनी ने मानी हार, एम्प्लॉयीज को वेतन देने के लिए बेचेगी संपत्तियां
इस मीडिया कंपनी ने मानी हार, एम्प्लॉयीज को वेतन देने के लिए बेचेगी संपत्तियां
नए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की बड़ी कीमत एक अखबार को चुकानी पड़ी है। उसके बोर्ड के सभी सदस्य इस्तीफा देंगे और एम्प्लॉयीज को वेतन देने के लिए संपत्तियों को बेचने की योजना है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
हॉन्ग कॉन्ग (Hong Kong) में लागू हुए नए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की बड़ी कीमत वहां के एक अखबार को चुकानी पड़ी है। लोकतंत्र समर्थक अखबार ‘एप्पल डेली’ (Apple Daily) इस साल 24 जून को अपना आखिरी एडिशन छापा, लेकिन अब खबर है कि ‘एप्पल डेली’ के बंद होने के बाद उसकी मालिकाना कंपनी दिवालिया हो गई है। अब उसके बोर्ड के सभी सदस्य इस्तीफा दे देंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार को शेयर बाजार में दाखिल विवरण से यह जानकारी सामने आई है।
‘नेक्स्ट डिजिटल’ नामक कंपनी ने कहा कि उसके बोर्ड के सभी सदस्य इस्तीफा देंगे और एम्प्लॉयीज को वेतन देने के लिए संपत्तियों को बेचने की योजना बनाई जा रही है। कंपनी के शेयरों के व्यापार पर जून में रोक लगा दी गयी। कंपनी के बैंक खाते से लेन-देन पर भी पाबंदी लगा दी गयी, ऐसे में वित्तीय संपत्ति जब्त होने की वजह से अखबार को बंद करने का फैसला करना पड़ा।
वहीं यह भी बता दें कि कंपनी से संबद्ध अखबार ‘एप्पल डेली’ के पांच संपादकों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था।
‘एप्पल डेली’ हॉन्ग कॉन्ग में लोकतंत्र की सबसे बुलंद आवाजों में से एक था और इसके फाउंडर जिमी लाई (Jimmy Lai) की कहानी चीन के साथ अखबार के संघर्ष का आईना है।
टैग्स अखबार हॉन्ग कॉन्ग नए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून नेक्स्ट डिजिटल