होम / प्रिंट / कोरोना को लेकर HT ने अखबार में किया ये बड़ा बदलाव
कोरोना को लेकर HT ने अखबार में किया ये बड़ा बदलाव
कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में खौफ पैदा कर दिया है। भारत में भी कोरोना पीड़ितों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना के खौफ को देखते हुए कई ऐहतियाती कदम भी उठाए जा रहे हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में खौफ पैदा कर दिया है। भारत में भी कोरोना पीड़ितों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना के खौफ को देखते हुए कई ऐहतियाती कदम भी उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 मार्च को ‘जनता कर्फ्यू’ की अपील की है, वहीं कई कंपनियों ने अपने एंप्लाईज को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने के लिए कहा है। इनमें तमाम मीडिया प्रतिष्ठान भी शामिल हैं। इस पूरी कवायद का उद्देश्य कोरोना के प्रसार पर रोक लगाना है।
कोरोना के मद्देनजर ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ (Hindustan Times) ने भी कई बड़े कदम उठाए हैं। इन कदमों के तहत एक तरफ जहां एंप्लाईज को घर से काम करने के लिए कहा गया है, वहीं अखबार ने अपने वीकेंड सप्लीमेंट (HT Weekend) को मेन अखबार में मिला दिया है। यानी अब इसे अलग से पब्लिश नहीं किया जाएगा। इस बारे में ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के पत्रकार अभिषेक बक्सी (Abhishek Baxi) ने एक ट्वीट कर कहा है, ‘हिन्दुस्तान टाइम्स अपने वीकेंड सप्लीमेंट ‘HT Weekend’ की प्रिंटिंग दो-तीन हफ्तों के लिए रोक रहा है,क्योंकि पूरा स्टाफ घर से काम कर रहा है। ऐसे में अधिकांश स्टोरीज ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।’
इस बारे में ‘एचटी मीडिया’ (HT Media) ग्रुप के सीएमओ राजन भल्ला का कहना है कि वह कंटेंट को उपलब्ध कराने के लिए नए तरह का फॉर्मेट अपनाने की योजना बना रहे हैं। भल्ला के अनुसार, ‘हम अपने वीकेंड सप्लीमेंट को रोक नहीं रहे हैं, बल्कि उसके कंटेंट को हिन्दुस्तान टाइम्स के मेन एडिशन में ही शामिल करके अपने पाठकों को उपलब्ध कराएंगे।’
भल्ला के अनुसार, यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है, ताकि अखबार तैयार करने की प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप (manual intervention) कम से कम हो और कोरोना के खौफ के कारण कम स्टाफ की मौजूदगी में भी काम सुचारु रूप से चलता रहे। बता दें कि ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’, ‘मिंट’ और ‘हिन्दुस्तान’ का पब्लिकेशन करने वाले ‘एचटी मीडिया’ ने अपने पत्रकारों को घर से काम करने के लिए कहा है। केवल न्यूज डेस्क और डिजाइन टीम हो ऑफिस से काम कर रही है।
इस बारे में भल्ला का कहना है, ‘हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण यह है कि इस माहौल में हम अपने कर्मचारियों का पूरा ध्यान रखें। कार्यस्थल को पूरी तरह सैनिटाइज किया गया है और हर आवश्यक बिंदु पर सुरक्षा जांच की जा रही है ताकि हर समय कार्यालय सुरक्षित रहे। इसके अलावा, हम यथासंभव वर्क फ्रॉम मॉडल को अपना रहे हैं। इसके लिए देखा जा रहा है कि किस काम के लिए एंप्लाई का कार्यालय में मौजूद रहना जरूरी है और कौन सा काम घर से किया जा सकता है, उसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संकट के इस दौर में खासकर ऐसे समय में जब लोगों तक सही जानकारी पहुंचना और उन्हें जागरूक किया जाना बहुत जरूरी है, हम अपने एडिशंस और न्यूज के साथ किसी तरह का समझौता नहीं कर रहे हैं।’
टैग्स हिन्दुस्तान टाइम्स राजन भल्ला एचटी वीकेंड