होम / प्रिंट / अब Weekends पर नहीं छपा करेगा यह अखबार, मैनेजमेंट ने बताई वजह
अब Weekends पर नहीं छपा करेगा यह अखबार, मैनेजमेंट ने बताई वजह
अखबार प्रबंधन की ओर से इस बारे में पाठकों, एडवर्टाइजर्स और बिजनेस पार्टनर्स को जानकारी दी गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में दुबई से पब्लिश होने वाले अंग्रेजी अखबार ‘गल्फ न्यूज’ (Gulf News) ने वीकेंड्स यानी शनिवार और रविवार को अखबार न छापने का फैसला लिया है। इस बारे में अखबार ने दो जून को आधे पेज के एक आर्टिकल में इस बारे में अपने पाठकों को सूचित करते हुए इस फैसले के पीछे की वजह भी बताई है।
‘गल्फ न्यूज’ के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ अब्दुल हामिद अहमद की ओर से पाठकों को कहा गया है, ‘प्रिय पाठकों, हम तीन जून से शनिवार और रविवार को अखबार की प्रिंटिंग रोकने जा रहे हैं। यह आपके और हमारे लिए दुखद खबर है। चार दशकों की इस यात्रा में आप निष्ठावान पाठकों के रूप में हमारे साथ रहे हैं। यह किसी से छिपा नहीं है कि प्रिंट मीडिया को कई मोर्चों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, चाहे वह कागज, स्याही अथवा डिस्ट्रीब्यूशन की बढ़ती लागत हो।
हमारा ऐडवर्टाइजिंग रेवेन्यू महीने दर महीने कम होता जा रहा है और गूगल, फेसबुक, इंस्टाग्राम व टिकटॉक जैसे तमाम नाम हमारे विज्ञापन रेवेन्यू में सेंध लगा रहे हैं। इस वजह से हमारे जैसे नेशनल मीडिया के लिए रेवेन्यू काफी कम हो गया है। हम इन चुनौतियों से निपट रहे हैं और आशा करते हैं कि सप्ताहांत के संस्करणों को जारी रखते हुए कुछ और समय तक लड़ते रहेंगे। हालांकि, हमें इस कड़वी सच्चाई का सामना करना चाहिए और दो दिनों के लिए अखबार की प्रिंटिंग को बंद कर देना चाहिए।’
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे पहले अखबार प्रबंधन की ओर से 29 मई 2023 को ऐडवर्टाइजर्स और बिजनेस पार्टनर्स के लिए एक लेटर भी भेजा गया था। अखबार के डायरेक्टर (सेल्स और पब्लिशिंग) अंशुमान जोशी की ओर से भेजे गए इस लेटर में कहा गया था, ‘हमने पाठकों की पसंद और उपभोग की आदतों में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखा है। न्यूज और इंफॉर्मेशन के लिए हमारे ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर पाठकों की बढ़ती संख्या के साथ यह महत्वपूर्ण है कि हम इन परिवर्तित गतिशीलता के अनुकूल हों और अपने संसाधनों को रणनीतिक रूप से पुनः व्यवस्थित करें। ऐसे में हमने तीन जून 2023 से वीकेंड्स पर अखबार पब्लिश न करने का फैसला लिया है।’
टैग्स अखबार प्रिंट गल्फ न्यूज सप्लीमेंट्स अब्दुल हामिद अहमद