होम / प्रिंट / 'भारतीय राजनीति की दिशा बदलने वाले क्षेत्रीय दलों का समग्र लेखा-जोखा है यह किताब'
'भारतीय राजनीति की दिशा बदलने वाले क्षेत्रीय दलों का समग्र लेखा-जोखा है यह किताब'
‘पंजाब केसरी’ समूह के कार्यकारी संपादक अकु श्रीवास्तव की हिंदी में लिखी इस किताब और इसके अंग्रेजी में अनुवादित संस्करण का विमोचन 30 अगस्त को दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में किया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘पंजाब केसरी’ (Punjab Kesari) समूह के कार्यकारी संपादक अकु श्रीवास्तव की किताब ‘सेंसेक्स क्षेत्रीय दलों का’ और इसके अंग्रेजी में अनुवादित संस्करण ‘SENSEX Of Regional Parties‘ का विमोचन 30 अगस्त को दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में किया गया। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंशन नारायण सिंह ने इस किताब का विमोचन किया।
जाने-माने फिल्म अभिनेता, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा की अध्यक्षता में हुए इस कार्यकम में मुख्य अतिथि 'पंजाब केसरी' समूह के प्रधान संपादक विजय चोपड़ा थे। कार्यकम में विशिष्ट अतिथि की भूमिका सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने निभाई।
कार्यकम में शामिल वक्ताओं का कहना था कि राष्ट्रीय राजनीति में क्षेत्रीय दलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कब कौन सी पार्टी बनी, कैसे बनी और किस तरह से बड़ी बनी। यह सब जानना भी बेहद रोचक है। किताब ‘सेंसेक्स क्षेत्रीय दलों का’ इन सभी जिज्ञासाओं का समाधान करती है।
राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश का कहना था कि क्षेत्रीय दलों के बारे में जानना काफी रोचक है। देश के हर राज्य में किस तरह से स्थानीय पार्टियों का गठन हुआ, उनके बारे में इस किताब में बताया गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारा देश विविधताओं से भरा है और सभी का अपना महत्व है, उसी तरह क्षेत्रीय दलों का भी अपना महत्व है और बना रहेगा। कार्यकम के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि क्षेत्रीय दल लगातार अपनी स्थिति को मजबूत करते जा रहे हैं और वर्ष 2024 तक देश में काफी कुछ नया होगा। उन्होंने कहा कि सेंसेक्स बेचैनी पैदा करता है और राजनीति में भी यह काम करता है। इसी बेचैनी का नतीजा यह किताब है।
इस मौके पर पंजाब केसरी समूह के प्रधान संपादक विजय चोपड़ा का कहना था कि देश या प्रदेशों में सरकार किसी भी पार्टी की रही हो, सभी ने देश को कुछ दिया जरूर। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह तक का नाम लेते हुए बताया कि उनकी सरकारों से देश को क्या मिला। उन्होंने इस किताब का प्रकाशन करने के लिए प्रभात प्रकाशन का आभार जताया।
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को जीवित रखने के लिए क्षेत्रीय दलों का मजबूत होना काफी जरूरी है। देवगौड़ा की सरकार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल रहेंगे, तभी लोकतंत्र रहेगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि राजनीति दलों, विशेषकर क्षेत्रीय तौर पर उनकी स्थिति को समझना काफी जरूरी है। रूडी के अनुसार, बिहार में अगड़ी- पिछड़ी, दलित- महादलित में राजनीति चल रही है, ऐसे में यह किताब मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगी।
वहीं, किताब के लेखक अकु श्रीवास्तव ने बताया कि इस किताब में भारतीय राजनीति की दिशा बदलने वाले क्षेत्रीय दलों का समग्र लेखा-जोखा है और उनके इतिहास-भूगोल के साथ भविष्य पर भी तमाम चर्चा की गई है। 376 पेज की इस किताब का प्रकाशन ‘प्रभात प्रकाशन’ ने किया है। यह किताब एमेजॉन और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध है।
स्वागत भाषण ‘प्रभात प्रकाशन’ के पीयूष कुमार ने दिया और मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी भटनागर ने किया। इस मौके पर पीयूष कुमार ने बताया कि इस किताब की मार्केट में बहुत डिमांड है और इसका पहला एडिशन तो समाप्त हो चुका है और अब दूसरा एडिशन उन्होंने छापा है। कार्यक्रम में तमाम बड़े पत्रकारों, साहित्यकारों और लेखकों समेत गणमान्य लोग मौजूद थे।
टैग्स किताब संपादक अकु श्रीवास्तव प्रभात प्रकाशन पंजाब केसरी संजय सिंह हरिवंश नारायण सिंह सेंसेक्स क्षेत्रीय दलों का विजय चोपड़ा पीयूष कुमार राजीव प्रताप रूडी