होम / मीडिया फोरम / आर्मी के खिलाफ पत्रकार को लिखना पड़ा महंगा...
आर्मी के खिलाफ पत्रकार को लिखना पड़ा महंगा...
पाकिस्तान में आर्मी के खिलाफ खबर लिखना एक पत्रकार को महंगा पड़ गया है...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
पाकिस्तान में आर्मी के खिलाफ खबर लिखना एक पत्रकार को महंगा पड़ गया है। दरअसल, यहां की एक अदालत ने वरिष्ठ पत्रकार सिरिल अलमिदा की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। सिरिल अलमिदा पर संवेदनशील सूचनाओं को लीक करने का आरोप है।
दरअसल, पाकिस्तानी अखबार ‘द डॉन’के असिस्टेंट एडिटर सिरिल अलमिदा ने कुछ समय पहले ही पाक आर्मी के खिलाफ एक लेख लिख दिया था। इसके बाद आर्मी ने इस आर्टिकल और सिरिल का काफी विरोध किया था और साथ ही उनपर यह आरोप भी लगाया था कि उन्होंने अपने लेख से पाकिस्तानी सेना की संवेदनशील जानकारी को लीक किया है। सिरिल के एक लेख से पाकिस्तान का सैन्य प्रतिष्ठान काफी गुस्से में था।
सोमवार को लाहौर हाई कोर्ट ने सिरिल के खिलाफ एक गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अदालत ने सिरिल का नाम नो फ्लाई लिस्ट में डालने को कहा है। इसका मतलब ये है कि वे देश छोड़कर नहीं जा सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग को इस केस में याचिका दायर करने वाले शख्स अजहर सिद्दीकी ने बताया कि अदालत में हाजिर नहीं होने पर सिरिल का नाम एग्जिट कंट्रोल लिस्ट में डाला गया।
हालांकि गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद सिरिल अलमिदा ने ट्वीट किया, ‘वकील से बात की है, मेरे खिलाफ एक वारंट है, मुझे फिर से ईसीएल में डाल दिया गया है, 8 अक्टूबर को कोर्ट के सामने हाजिर होना होगा… आपका सोमवार कैसा गुजर रहा है’
गौरतलब है कि 2016 में अपनी एक स्टोरी में सिरिल अलमिदा ने नवाज शरीफ की पार्टी और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के चीफ के बीच टकरावों पर रिपोर्ट लिखी थी। इस रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी सेना कथित रूप से देश में पैर जमा चुके आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने में गुरेज कर रही थी।’
टैग्स पत्रकार पाकिस्तान सिरिल अलमिदा