होम / मीडिया फोरम / पत्रकार को इस तरह चुकानी पड़ी खबर लिखने की कीमत...
पत्रकार को इस तरह चुकानी पड़ी खबर लिखने की कीमत...
पत्रकारों पर हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
पत्रकारों पर हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसी ही एक ख़बर रायबरेली से आई है। बताया जाता है कि इलाके में अवैध ढंग से चलने वाले एक नर्सिंग होम के बारे में ख़बर लिखने पर दबंगों ने दैनिक नवसत्ता के पत्रकार सैयद अख्तर अली की सरेआम पिटाई कर दी। यही नहीं, पत्रकार को अगवा करके लूटपाट भी की गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नर्सिंग होम पर ताला लगने व काली कमाई बंद होने से गुस्साए दबंगों ने 24 दिसंबर की दोपहर अख्तर अली को रास्ते में पकड़कर हमला कर दिया। उस्मान, रिज़वान, अजीत सिंह सहित उनके 10-12 गुर्गों ने अख्तर अली की सरेआम पिटाई की और कार में डालकर गए।
आरोप है कि चलती कार में भी पत्रकार की पिटाई की गई और उसके पास रखे 10500 रुपये, दो पेन ड्राइव, कलाई घड़ी, चश्मा निकाल लिए। इसके बाद एक वकील के यहां ले जाकर कमरे में बंद करके सादे कागज पर बोलकर मनमाफिक तहरीर लिखवाकर दस्तखत करा लिए। इसके बाद होलिस्टिक केयर हॉस्पिटल ले गए और जान से मारने की धमकी देकर रिहा किया। यही नहीं, दबंगों ने रायबरेली में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित पत्रकार उनके कब्जे से छूटने के बाद सदर कोतवाली पहुंचा और अपने साथ हुए मारपीट, लूटपाट व जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज करने को कहा। हालांकि, प्राथमिकी दर्ज न कराने के लिए घायल पीड़ित को घंटों कोतवाली में बैठाकर दबाव बनाया गया। बाद में दबाव बनाने और मामले को उच्चाधिकारयों के संज्ञान में लाने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस को मजबूरन एफआईआर दर्ज करनी पड़ी।
टैग्स पत्रकार हमला