होम / मीडिया फोरम / भारतीय पत्रकारिता के दिग्गज टी.जे.एस. जॉर्ज का 97 साल की उम्र में निधन
भारतीय पत्रकारिता के दिग्गज टी.जे.एस. जॉर्ज का 97 साल की उम्र में निधन
वे एक जाने-माने लेखक और जीवनीकार भी थे। उनकी कई किताबें प्रकाशित हुईं और उन्होंने भारतीय राजनीति, समाज और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर धारदार लेखन किया। उन्हें पद्मभूषण (2011) से भी सम्मानित किया गया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 months ago
भारतीय पत्रकारिता जगत के दिग्गज और वरिष्ठ लेखक टी.जे.एस. जॉर्ज का निधन हो गया है। वे करीब 97 वर्ष के थे। शुक्रवार (3 अक्टूबर 2025) को उन्होंने अंतिम सांस ली।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टी.जे.एस. जॉर्ज का जन्म केरल में हुआ और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1950 में फ्री प्रेस जर्नल, मुंबई से की। बाद में वे हांगकांग आधारित ‘एशियावीक’ (Asiaweek) के संस्थापक संपादक बने।
उन्होंने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस में करीब 25 साल तक अपने प्रसिद्ध कॉलम ‘Point of View’ लिखे, जिसमें भ्रष्टाचार, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर स्पष्ट और निर्भीक टिप्पणियाँ थीं। उनके कॉलम लगभग 1,300 हफ्तों तक प्रकाशित हुए और उन्होंने सैकड़ों पत्रकारों का मार्गदर्शन किया।
टी.जे.एस. जॉर्ज को 2011 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था। लेखक के रूप में उन्होंने रामनाथ गोयनका, पोथन जोसेफ, एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी, नर्गिस और कृष्ण मेनन जैसे व्यक्तित्वों की जीवनियाँ लिखीं और भारतीय राजनीति व शहरी इतिहास पर कई पुस्तकें प्रकाशित कीं। बता दें कि टी.जे.एस. जॉर्ज की पत्नी अम्मू जॉर्ज का इसी साल जनवरी में निधन हो गया था। उनके परिवार में अब बेटे जीत थायल और बेटी शेबा थायल हैं।
टी.जे.एस. जॉर्ज के निधन पर तमाम राजनेताओं और पत्रकारों ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी है। टी.जे.एस. जॉर्ज को श्रद्धांजलि देते हुए वरिष्ठ पत्रकार वी.के. चेरियन ने ‘फेसबुक’ पर अपनी पोस्ट में लिखा है, ‘भारतीय पत्रकारिता के एक और पुराने दिग्गज ने दुनिया छोड़ दी है। इस अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय संपादक से मेरी मुलाक़ात सिर्फ़ एक बार हुई थी जब वे इंडियन एक्सप्रेस समूह के सलाहकार थे। अरुण शौरी अभी-अभी एक्सप्रेस से निकले थे और दिल्ली में थे। जब मैंने शौरी के जाने की ओर इशारा किया तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "तुम्हें राहत नहीं मिली?" ये थे टीजेएस जॉर्ज, जो 70 से 90 के दशक तक हांगकांग स्थित एडियावीक के संस्थापक थे। अलविदा, एक ऐसे कद्दावर पेशेवर जिन्होंने युवाओं को इस माध्यम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।’
टैग्स