होम / मीडिया फोरम / धराली-हर्षिल आपदा: ग्राउंड जीरो पर सबसे पहले पहुंचे ‘आजतक’ के मनजीत नेगी
धराली-हर्षिल आपदा: ग्राउंड जीरो पर सबसे पहले पहुंचे ‘आजतक’ के मनजीत नेगी
जान हथेली पर रखकर की रिपोर्टिंग। समाचार4मीडिया से बातचीत में मनजीत नेगी ने बताया, ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर मुझे वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई आपदा की भयावह यादें ताजा हो गईं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
उत्तरकाशी में पिछले दिनों आई भीषण प्राकृतिक आपदा ने एक बार फिर पहाड़ों में रहने वाले लोगों की नाजुक स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की चुनौतियों को सामने ला दिया। बादल फटने और बाढ़ ने धराली, हर्षिल और सुखी टॉप जैसे इलाकों में भारी तबाही मचाई। इस मुश्किल घड़ी में, हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (AajTak) के कार्यकारी रक्षा संपादक मनजीत नेगी सबसे पहले वहां कवरेज के लिए पहुंचे और जान जोखिम में डालकर आपदा की असली तस्वीर देश के सामने रखी।
समाचार4मीडिया से बातचीत में मनजीत नेगी ने बताया, ‘गंगोत्री जाने वाले मार्ग पर स्थित धराली और चीन सीमा पर स्थित पर्यटक स्थल हर्षिल में बादल फटने और बाढ़ ने प्रकृति का कहर दिखाया। सबसे पहले ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचकर मुझे वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई भीषण आपदा की भयावह यादें ताजा हो गईं। उस समय भी मैं गुप्तकाशी से 50 किलोमीटर का पैदल रास्ता तय करके सबसे पहले केदारनाथ धाम पहुंचा था। इस बार वैसी ही स्थिति धराली और हर्षिल में थी। 5 अगस्त को शाम 5 बजे सड़क के रास्ते मैं पूरी रात का सफर तय करके उत्तरकाशी पहुंचा। 6 अगस्त को काफ़ी मुश्किलों के साथ मैं हर्षिल पहुंच पाया।
लगभग आधी रात और सुबह 5 बजे से मैंने 14 राजपूताना रेजिमेंट के जवानों के साथ सबसे पहले हर्षिल में आर्मी कैंप के ऊपर आई उस तबाही को कवर किया, जिसमें सेना के 8 जवान और एक जेसीओ आपदा का शिकार हुए। उसके बाद धराली में मैंने खीर गाड़ से आई प्रलय को देखा। इस विनाशकारी घटना में धराली में करीब 150 से अधिक होटल, रिजॉर्ट और लोगों के मकान 40 फीट से अधिक के मलबे में दब गए। इस भीषण आपदा के समय पिछले कई दिनों से सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान दिनरात राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। आने वाले समय इस आपदा का विश्लेषण होगाl
मनजीत नेगी की रिपोर्टिंग में साफ दिखा कि कैसे हर्षिल में गंगोत्री को जोड़ने वाला हाईवे मलबे में तब्दील हो चुका था। जगह-जगह गाड़ियां उलटी पड़ी थीं, दुकानें और घर बह गए थे, आर्मी के मेस हॉल की 12 फीट ऊंची इमारत आधी से ज्यादा जमीन में धंस चुकी थी और किचन का सामान कीचड़ में बिखरा पड़ा था।
मनजीत नेगी का यह साहस और समर्पण सिर्फ एक पत्रकारिता का उदाहरण नहीं, बल्कि सच्ची ग्राउंड रिपोर्टिंग की मिसाल है, जहां खबर तक पहुंचने के लिए रिपोर्टर अपनी जान की परवाह किए बिना आगे बढ़ता है, ताकि सच्चाई लोगों तक पहुंचे। आपको बता दें कि कुछ दिनों पूर्व उत्तराकाशी जिले में तीन जगह धराली, हर्षिल और सुखी टॉप में विनाशकारी सैलाब आया था।
इस प्राकृतिक आपदा की मनजीत नेगी द्वारा की गई ग्राउंड रिपोर्टिंग को आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स