होम / मीडिया फोरम / चीन से पत्रकारों को बाहर निकाले जाने पर अमेरिका ने अब यूं लिया बदला
चीन से पत्रकारों को बाहर निकाले जाने पर अमेरिका ने अब यूं लिया बदला
कोरोना वायरस की उत्पत्ति को लेकर पहले से ही सवालों के घेरे में चल रहे चीन से अमेरिका बेहद नाराज है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोना वायरस की उत्पत्ति को लेकर पहले से ही सवालों के घेरे में चल रहे चीन से अमेरिका बेहद नाराज है। अमेरिका की नाराजगी इस कदर है कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने चीनी पत्रकारों के लिए वीजा दिशा-निर्देशों को कड़ा कर दिया है।
अमेरिका ने शुक्रवार को चीनी पत्रकारों की वीजा अवधि घटा दी। अब वे सिर्फ तीन महीने के लिए ही अमेरिकी वीजा ले सकेंगे। अब तक विदेशी मीडिया के प्रतिनिधियों के लिए कोई अवधि नहीं थी। हालांकि नए दिशा-निर्देशों में चीन के पत्रकारों के तीन महीने से ज्यादा रुकने पर रोक लगा दी गई है।
ये सभी जानते हैं कि चीनी पत्रकारों की वीजा अवधि कम करना भी उसके गुस्से की ही एक प्रतिक्रिया है, क्योंकि चीन ने जो किया था अमेरिका ने भी उसे दुहरा कर उसका प्रतिशोध ले लिया है। दरअसल अप्रैल में चीन ने भी अमेरिकी पत्रकारों को देश के बाहर निकाल दिया था।
अमेरिकी गृह विभाग ने अपनी पत्रकार वार्ता में बताया कि नए दिशा-निर्देश हांगकांग या मकाऊ के पत्रकारों पर लागू नहीं होंगे, वे सिर्फ चीन के पत्रकारों के लिए ही हैं। अमेरिका इन दो क्षेत्रों को अर्ध-स्वायत्त मानता है। चीन में अमेरिकी पत्रकारों के साथ बर्ताव को अमेरिका ने स्वतंत्र पत्रकारिता का दमन माना है, इसलिए अमेरिका ने जैसे को तैसा वाले रुख के साथ यह प्रतिक्रिया जाहिर की है।
गौरतलब है कि चीन की सरकारी मीडिया पर अमेरिकी पाबंदियों के बाद चीन ने अमेरिका के तीन बड़े न्यूज मीडिया समूहों से जुड़े पत्रकारों अपने यहां से हटा दिया था।
टैग्स पत्रकार वीजा चीन अमेरिका