होम / मीडिया फोरम / इन पाठ्यक्रमों के लिए विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देगा यूपीईएस स्कूल ऑफ मॉर्डन मीडिया
इन पाठ्यक्रमों के लिए विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देगा यूपीईएस स्कूल ऑफ मॉर्डन मीडिया
इस वर्ष छह छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी और इसके प्राप्तकर्ताओं को यूपीईएस द्वारा पूरे देश में प्रतियोगी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चुना जाएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
देहरादून स्थित ‘यूपीईएस स्कूल ऑफ मॉर्डन मीडिया‘ ने अपना डिजिटल-फर्स्ट मीडिया कार्यक्रम पूरा करने के लिए चुनिंदा छात्रों को पूर्ण छात्रवृत्ति (Scholarship) प्रदान करने की घोषणा की है। यह छात्रवृत्ति सभी स्नातक मीडिया कार्यक्रमों जैसे कि पत्रकारिता और जनसंचार में बीए, डिजिटल और मास मीडिया में बीए और इवेंट, जनसंपर्क व कॉर्पोरेट संचार में बीबीए के लिए दी जाएगी।
इस बारे में ‘यूपीईएस स्कूल ऑफ मॉर्डन मीडिया‘ का कहना है कि यह नई डिजिटल इनोवेशन स्कॉलरशिप, मेटा (पूर्व में फेसबुक) द्वारा वित्तपोषित है और गरीब छात्रों को विस्तृत होते डिजिटल मीडिया में कॅरियर का पहला कदम बढ़ाने में सहयोग देने के लिए आरक्षित है। इस वर्ष छह छात्रवृत्तियां दी जाएंगी और इसके प्राप्तकर्ता को यूपीईएस द्वारा पूरे देश में प्रतियोगी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चुना जाएगा।
इस घोषणा के बारे में यूपीईएस स्कूल ऑफ मॉर्डन मीडिया में डीन डॉ. नलिन मेहता का कहना है, ‘डिजिटल तकनीक कई सारे सामाजिक विभेद को खत्म करने वाली साबित हुई है और देश के पहले डिजिटल-फर्स्ट मीडिया स्कूल के रूप में पहुंच की बाधा हटाकर सबसे बेहतर और होनहार छात्रों को सर्वश्रेष्ठ डिजिटल मीडिया शिक्षा प्रदान करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमें इस बात की बेहद खुशी है कि मेटा, हमारे आरंभिक डिजिटल इनोवेशन स्कॉलरशिप पहल में फंड प्रदान कर हमारी सहायता कर रहा है।‘
डॉ. नलिन मेहता के अनुसार, ‘हमारा सारा ध्यान देश की सबसे बेहतरीन युवा प्रतिभाओं को अत्याधुनिक ट्रेनिंग देने और उन्हें डिजिटल मीडिया उद्योग के अनुरूप तैयार करने पर केंद्रित है। यह छात्रवृत्ति कार्यक्रम उन प्रतिभाशाली युवा छात्रों के लिए अवसरों के नए द्वार खोल रहा है जो आर्थिक रुकावटों की वजह से सबसे बेहतर अवसरों से पीछे छूट गए थे।‘
इस बारे में जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यूपीईएस स्कूल ऑफ मॉडर्न मीडिया देश का एकमात्र डिजिटल-फर्स्ट मीडिया स्कूल है। इसके पाठ्यक्रम मीडिया क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ लोगों द्वारा डिजाइन, विकसित और वितरित किए गए हैं। छात्रों को नए जमाने की मीडिया शिक्षा प्रदान करने पर केंद्रित हैं। यह स्कूल छात्रों को अपने अत्याधुनिक स्टूडियो, उद्योग-अनुरूप पाठ्यक्रम, प्रख्यात पत्रकारों और प्रतिष्ठित मीडिया विद्वानों के साथ बातचीत और रोजगार-संबंधी प्रशिक्षण के माध्यम से लर्निंग को व्यवहार में लाने के लिये तैयार करता है। बता दें कि यूपीईएस की संस्थापना वर्ष 2003 में उत्तराखण्ड विधानसभा के यूपीईएस एक्ट, 2003 द्वारा हुई थी, यह यूजीसी से मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी है और इसे ‘National Assessment and Accreditation Council’ (एनएएसी) से ग्रेड ‘ए’ मिला है।
यूपीईएस अपने आठ स्कूलों के माध्यम से ग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम्स की पेशकश करती है। इनमें स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस, स्कूल ऑफ डिजाइन, स्कूल ऑफ लॉ, स्कूल ऑफ बिजनेस, स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस एंड टेक्नोकलॉजी, स्कूल ऑफ मॉडर्न मीडिया और स्कूल ऑफ लिबरल स्टडीज शामिल हैं।
टैग्स स्कॉलरशिप छात्रवृत्ति यूपीईएस स्कूल ऑफ मॉडर्न मीडिया