होम / मीडिया फोरम / वरिष्ठ पत्रकारों ने कुछ यूं जताया वैचारिक आंदोलन को नई नस्लों तक पहुंचाने का इरादा
वरिष्ठ पत्रकारों ने कुछ यूं जताया वैचारिक आंदोलन को नई नस्लों तक पहुंचाने का इरादा
नौ अप्रैल की दोपहर देश की हिंदी पत्रकारिता के इतिहास में यादगार दोपहर बन गई
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
राजेश बादल
वरिष्ठ पत्रकार
नौ अप्रैल की दोपहर देश की हिंदी पत्रकारिता के इतिहास में यादगार दोपहर बन गई। लखनऊ के ऐतिहासिक प्रेस क्लब ने भारत की आज़ादी के बाद के महानतम पत्रकार,विचारक,संपादक राजेंद्र माथुर की पुण्यतिथि पर भावुक श्रद्धांजलि दी और उनकी निष्पक्ष, निर्भीक और दबाव से मुक्त पत्रकारिता को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस स्मृति सभा में राजेंद्र माथुर के साथ काम कर चुके वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों ने अपने संस्मरण साझा किए। मेरी फ़िल्म ‘कलम का महानायक’ का प्रदर्शन हुआ। इस आयोजन में बड़ी संख्या में पत्रकारिता की छात्राएं भी उपस्थित थीं। जिन लोगों ने माथुर जी के बारे में अपने विचार रखे, उनमें उत्तरप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार और राज्य के सूचना आयुक्त रहे ज्ञानेंद्र शर्मा, जाने-माने पत्रकार और पूर्व सांसद संतोष भारतीय, वरिष्ठ पत्रकार नवीन जोशी, राजेन्द्र कुमार जी, आदर्श प्रकाश सिंह, वंदना जी, लखनऊ प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवींद्रसिंह, वरिष्ठ पत्रकार संतोष तिवारी, नवभारत टाइम्स के स्थानीय संपादक सुधीर मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार मुदित माथुर, मधुकर त्रिवेदी, एनडीटीवी के उत्तरप्रदेश संपादक कमाल ख़ान कमाल, इंडिया टीवी की ब्यूरो प्रमुख रुचिकुमार जैसे अनेक मित्र शामिल रहे।
इस मौक़े पर मैंने राजेन्द्र माथुर जी पर केंद्रित एक ग्रंथ के प्रकाशन की अपनी योजना की जानकारी दी। इसके अलावा उन पर तेरह वृत्तचित्र भी बनाने का निर्णय हुआ। सभी का सहयोग मिला तो अगले साल तक ये दोनों उद्देश्य पूरे हो जाएंगे।
शाम को एक बार फिर माथुरजी को याद करने का अवसर मिला, जब नवभारत टाइम्स कार्यालय में वहां कार्यरत संपादकीय सहयोगियों के बीच पहुंचा। स्थानीय संपादक सुधीर जी के आग्रह पर राजेन्द्र माथुर से जुड़े कुछ संस्मरण साझा किए। पुराने सहयोगी राजकुमार सिंह से मिलना एक सुखद अहसास था। बता दूं कि लखनऊ में यह आयोजन दोस्त दीपक गिडवानी की पहल पर ही संभव हुआ । दीपक ने आनन फानन में सभी को इत्तला करने के लिए एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया और माथुर जी से जुड़े रहे सारे लोग कार्यक्रम का हिस्सा बन गए। दीपक का तहे दिल से शुक्रिया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवींद्र सिंह ने जिस गर्मजोशी के साथ इसे आकार दिया, वह भी न भूलने वाला है।
टैग्स राजेंद्र माथुर लखनऊ प्रेस क्लब