होम / मीडिया फोरम / 'समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया' ने इन पत्रकारों को किया सम्मानित
'समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया' ने इन पत्रकारों को किया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस पर गाजियाबाद के विजयनगर स्थित प्रताप विहार सेक्टर 11 में आयोजित इस सम्मान समारोह के मौके पर संस्था द्वारा एक परिचर्चा भी आयोजित की गई, जिसका विषय था ‘कल्याणकारी योजनाएं और वंचित वर्ग।’
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘आजादी का महापर्व’ मनाते हुए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े नौ पत्रकारों को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया। गाजियाबाद के विजयनगर स्थित प्रताप विहार सेक्टर 11 में आयोजित इस सम्मान समारोह के मौके पर संस्था द्वारा एक परिचर्चा भी आयोजित की गई, जिसका विषय था ‘कल्याणकारी योजनाएं और वंचित वर्ग।’
इस परिचर्चा के दौरान ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ के संपादक जितेन्द्र बच्चन ने आजादी के लिए कुर्बान हुए शहीदों को याद करते हुए कहा कि जिन्होंने अपनी जान देकर इस देश को आजाद कराया, उन्हीं के मुल्क में आज 75 साल बाद भी आम आदमी अपना हक पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। भ्रष्टाचार के चलते समाज का गरीब तबका और मजलूम वर्ग सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित है। ऐसे में मीडिया की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि देश को आजाद कराने में पत्रकारों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। इस संघर्ष में तमाम समाचार पत्र-पत्रिकाएं और उसके संपादकों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ा, इसके बावजूद लोकतंत्र का यह चौथा स्तंभ अपना सीना ताने खड़ा है। हालांकि पत्रकारों के लिए चुनौती कम नहीं हुई है। कल तक जहां यह मुल्क गुलामी की जंजीरों में जकड़ा था, आज वहीं भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में हमारा कर्तव्य बनता है कि हम भ्रष्टाचार की जड़ पर करारा प्रहार करें। सरकार और समाज की सच्चाई आम लोगों के सामने लाएं।
संस्था के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर जिन पत्रकारों को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया है, उनमें वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन और एनके शर्मा शामिल हैं।
टैग्स जितेंद्र बच्चन पत्रकारों का सम्मान स्वतंत्रता दिवस समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया