होम / मीडिया फोरम / नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार विकास धूलिया
नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार विकास धूलिया
विकास धूलिया ने पत्रकारिता में अपनी निष्ठा, संवेदनशीलता और मूल्यों से हमेशा एक विशेष स्थान बनाया। वे न केवल एक उत्कृष्ट पत्रकार थे, बल्कि अत्यंत विनम्र, सरल और सबको जोड़ने वाले थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
उत्तराखंड के पत्रकारिता जगत से एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। वरिष्ठ पत्रकार, उत्तरांचल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष और दैनिक जागरण के स्टेट ब्यूरो चीफ विकास धूलिया का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीती रात अचानक तबियत बिगड़ने के बाद विकास धूलिया को महंत इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
विकास धूलिया के निधन की खबर से मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। करीब 55 वर्षीय विकास धूलिया के परिवार में पत्नी,पुत्र-पुत्री व वृद्ध बीमार मां हैं। मूलतः कोटद्वार निवासी विकास धूलिया तीन दशक से अधिक समय से दैनिक जागरण से जुड़े थे। उन्होंने अपने बेबाक लेखन, रिपोर्टिंग और कार्यशैली से एक अलग पहचान बनाई थी। न केवल पत्रकारों के बीच बल्कि प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों में भी उनका गहरा सम्मान था।
विकास धूलिया ने पत्रकारिता में अपनी निष्ठा, संवेदनशीलता और मूल्यों से हमेशा एक विशेष स्थान बनाया। वे न केवल एक उत्कृष्ट पत्रकार थे, बल्कि अत्यंत विनम्र, सरल और सबको जोड़ने वाले थे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धूलिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘उत्तरांचल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक जागरण के स्टेट ब्यूरो चीफ श्री विकास धूलिया जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका निधन न केवल पत्रकारिता जगत के लिए बल्कि समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति दें।’
उत्तरांचल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक जागरण के स्टेट ब्यूरो चीफ श्री विकास धूलिया जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 2, 2025
उनका निधन न केवल पत्रकारिता जगत के लिए बल्कि समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने… pic.twitter.com/XyxdIwJPAc
प्रदेश के तमाम पत्रकार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, राजनेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी धूलिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करें।
टैग्स