होम / मीडिया फोरम / नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार सर्वदमन पाठक, CM समेत तमाम लोगों ने दी श्रद्धांजलि
नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार सर्वदमन पाठक, CM समेत तमाम लोगों ने दी श्रद्धांजलि
बताया जाता है कि बुधवार की रात करीब नौ बजे भोपाल में त्रिलंगा स्थित अपने घर में उन्हें दिल का दौर पड़ गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार सर्वदमन पाठक का निधन हो गया है। वह करीब 72 साल के थे। बताया जाता है कि बुधवार की रात करीब नौ बजे भोपाल में त्रिलंगा स्थित अपने घर में उन्हें दिल का दौर पड़ गया। आनन-फानन में परिजन सर्वदमन पाठक को अस्पताल ले गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सर्वदमन पाठक करीब बीस बरसों से दैनिक जागरण, भोपाल में न्यूज़ एडिटर थे। उन्हें मल्टी टास्किंग जर्नलिस्ट माना जाता था। सेंट्रल डेस्क के अलावा उनके पास संडे मैगजीन का काम भी था। समसामयिक मुद्दों पर वह काफी बेहतरीन आर्टिकल लिखते थे। ‘दैनिक जागरण’ के अलावा उन्होंने ‘दैनिक भास्कर’ और ‘नई दुनिया’ में भी काम किया था। सर्वदमन के परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी हैं। उनके बेटा-बहू दूसरे शहर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जबकि बेटी-दामाद जयपुर में डॉक्टर हैं।
सर्वदमन पाठक के निधन पर तमाम जाने-माने लोगों ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने व शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सर्वदमन पाठक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की है। इस बारे में अपने ट्वीट में शिवराज सिंह चौहान ने लिखा है, ‘भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार सर्वदमन पाठक जी के निधन की खबर दुखद है। यह अपूरणीय क्षति है। आपका जीवन जनहितैषी, विकासपरक एवं कमजोर के उत्थान के प्रति समर्पित पत्रकारिता का अध्याय रहा। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। ॐ शांति।।’
भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार सर्वदमन पाठक जी के निधन की खबर दुखद है। यह अपूरणीय क्षति है। आपका जीवन जनहितैषी, विकासपरक एवं कमजोर के उत्थान के प्रति समर्पित पत्रकारिता का अध्याय रहा। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) June 22, 2022
।।ॐ शांति।।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी ट्वीट कर सर्वदमन पाठक के निधन पर दुख व्यक्त किया है। अपने ट्वीट में कमलनाथ ने लिखा है, ‘मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार सर्वदमन पाठक जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ओम शांति’।
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार सर्वदमन पाठक जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) June 23, 2022
मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।
ओम शांति
वहीं, सर्वदमन पाठक के निधन पर ‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ (IIMC), नई दिल्ली के महानिदेशक प्रो.संजय द्विवेदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में प्रो. द्विवेदी ने कहा है, ‘सर्वदमन पाठक ऐसे पत्रकार थे, जिनकी पारंपरिक मूल्यों में गहरी आस्था थी और उन्होंने पत्रकारिता में शुचिता का प्रतिमान स्थापित किया। उन्होंने अपने निरंतर लेखन से समाज को राह दिखाई और अपनी गहरी जनपक्षधरता से लोगों के दिलों में जगह बनाई।’ प्रो.द्विवेदी ने कहा कि पाठक जी ने बिना शोर मचाए विचार की पत्रकारिता की और जनमत के निर्माण के पत्रकारीय लक्ष्य को हमेशा सामने रखा। उनके समूचे लेखन में मूल्यनिष्ठा और गहरे भारतप्रेम के दर्शन होते हैं।
टैग्स निधन शिवराज सिंह चौहान श्रद्धांजलि पत्रकार का निधन प्रो. संजय द्विवेदी सर्वदमन पाठक