होम / मीडिया फोरम / नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण बिसारिया
नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण बिसारिया
दिल का दौरा पड़ने के कारण पिछले कुछ दिनों से वह दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
हिंदी के वरिष्ठ कवि, गीतकार, नाट्यकर्मी और वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण बिसारिया का निधन हो गया है। वह 93 वर्ष के थे। दिल का दौरा पड़ने के कारण पिछले कुछ दिनों से वह दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां शुक्रवार को उन्होंने आखिरी सांस ली।
बिसारिया ‘बीबीसी हिंदी’ के लोकप्रिय प्रसारक रह चुके थे। वह छह साल तक ‘प्रसार भारती बोर्ड‘ के मानद सदस्य भी रहे थे। बीबीसी से सेवानिवृत्त होने के बाद वह ‘परंपरा’ नाम की साहित्यिक संस्था चलाते थे। मध्य प्रदेश के भिण्ड में जन्मे बिसारिया की प्रारंभिक शिक्षा गुना और मुरैना में हुई थी। ग्वालियर के विक्टोरिया कॉलेज से हिंदी में एमए करने के बाद उन्होंने प्रयाग जाकर डॉ. रामकुमार वर्मा के निर्देशन में शोध कार्य किया।
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा ‘आकाशवाणी‘ में नियुक्ति के बाद उन्होंने जालंधर, जयपुर, इलाहाबाद, पोर्टब्लेयर आकाशवाणी में प्रड्यूसर और कार्यक्रम अधिकारी के पदों पर काम किया। प्रशासनिक कार्य के साथ-साथ उन्होंने अपना प्रसारण और लेखन का कार्य जारी रखा। साथ ही वह कविताएं लिखते और काव्य सम्मेलनों में भाग भी लेते रहे।
राजनारायण बिसारिया के निधन पर वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अपने श्रद्धांजलि संदेश में राजेश बादल ने कहा है, ‘बिसारिया जी उन विलक्षण लोगों में से थे, जो एक बेजोड़ कवि ही नहीं, बल्कि शानदार पत्रकार और प्रसारक थे। वर्षों तक वह बीबीसी की एक ऐसी आवाज बने रहे, जिसके लाखों लोग दीवाने थे। हम भी थे। वह नीरज, हरिवंश राय बच्चन, रामधारी सिंह दिनकर, महादेवी वर्मा, सुमित्रा नंदन पंत के साथ कवि सम्मेलनों की शान होते थे। यदि वह लंदन नहीं जाते तो आज भारत में उनकी तूती बोल रही होती। उनके नाम से लोग उमड़ते थे। मैं नीरज जी पर एक फिल्म बना रहा था, तो उनके साक्षात्कार का अवसर आया था। अफसोस हम अपने इस नायक को वह सम्मान नहीं दे सके, जिसके वे हकदार थे। मेरी श्रद्धांजलि!‘
टैग्स राजेश बादल श्रद्धांजलि वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण बिसारिया