होम / मीडिया फोरम / पत्रकार के सवाल पर बौखलाए अखिलेश यादव, बोले- बिके हुए तुम
पत्रकार के सवाल पर बौखलाए अखिलेश यादव, बोले- बिके हुए तुम
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव एक पत्रकार के सवालों से इस कदर बौखला गए कि उन्होंने पत्रकार को बिका हुआ बता दिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
हाथरस मामले में यूपी की मौजूदा सरकार को कठघरे में खड़े कर रहे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव एक पत्रकार के सवालों से इस कदर बौखला गए कि उन्होंने पत्रकार को बिका हुआ बता दिया। सोशल मीडिया पर घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद उनकी किरकिरी शुरू हो गई और वे सत्ता पक्ष के निशाने पर आ गए।
दरअसल, जब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित कर रहे थे, तो पहले उन्होंने योगी सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाथरस की बेटी रो रही है। उसे न्याय नहीं मिल रहा है और प्रदेश के मुखिया बंगाल में टहल रहे हैं। उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी घमंड में चूर है और जातिवादी मानसिकता से काम कर रही है।
इसी फेर में एक पत्रकार ने अखिलेश यादव से पूछ लिया किया कि हाथरस मामले में 2018 में ही छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस पर अखिलेश यादव पहले बोले- सवाल यह नहीं है फिर अचानक ही वे आपा खो बैठे। और बोले- ‘तुम फिर बिक गए... बिक गए बस इतने में... बिक गए तुम’ इसके बाद अखिलेश यादव बोले- ‘जरा अपने चैनल का नाम बताइए? जो बिक गए हो तुम।’ उन्होंने एक बार फिर कहा, ‘अब कहां जाकर छिप गए हो? हैसियत है तो अपने चैनल का नाम क्यों नहीं बताते?’
इसके बाद उक्त पत्रकार ने अपने चैनल का नाम बताया- ‘प्राइम न्यूज’। अखिलेश के सवाल पर पत्रकार ने जब अपने चैनल का नाम बताया, तो सपा प्रमुख फिर तुनक कर बोले- ‘चैनल के बिके हुए आदमी हो।’ पत्रकार संग इस पूरी बातचीत में अखिलेश पत्रकार की हैसियत तक पहुंच गए थे। अब यह वीडियो वायरल हो रहा है और अखिलेश यादव सत्ता पक्ष के निशाने पर आ गए हैं।
अखिलेश यादव के इस वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए सुल्तानपुर के विधायक देवमणि द्विवेदी ने ट्वीट कर कहा, ‘अखिलेश जी हाथरस में बेटी को छेड़ने और उसके पिता को गोली मारने के कृत्य में आपकी समाजवादी के नेता गौरव सौगरा मुख्य आरोपी हैं और अभी तक फरार हैं। समाजवादी का नाम बदल कर अपराधवादी पार्टी कर लीजिए।’
भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने इस पर बताया कि सासनी क्षेत्र में घटित घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उनका सख्त आदेश है कि आरोपितों पर रासूका के तहत कार्रवाई की जाए। इसमें एक आरोपित गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सासनीगेट क्षेत्र में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर खेत में काम कर रहे लड़की के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने हत्यारोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी बीच मृतक किसान की बेटी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह इंसाफ की मांग करती दिख रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बेटी रो-रो कर इंसाफ की गुहार लगा रही है। उसने बताया कि आरोपी ने पहले मेरे साथ छेड़खानी की जिस पर पापा ने केस कर दिया। इस बात से चिढ़कर उसने मेरे पापा को गोली मारी दी।
पीड़िता के पिता ने जुलाई 2018 में गौरव शर्मा नाम के आरोपित के खिलाफ अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। आरोपित गौरव शर्मा समाजवादी पार्टी का नेता है। वही समाजवादी पार्टी, जिसके मुखिया अखिलेश यादव इस मामले में प्रदेश की योगी सरकार को घेरते हुए ट्वीट कर रहे हैं।
टैग्स पत्रकार योगी आदित्यनाथ अखिलेश यादव पश्चिम बंगाल हाथरस केस हैसियत