होम / मीडिया फोरम / इस किताब में है मीडिया टायकून डॉ. सुभाष चंद्रा व Zee समूह की पूरी कार्यप्रणाली
इस किताब में है मीडिया टायकून डॉ. सुभाष चंद्रा व Zee समूह की पूरी कार्यप्रणाली
प्रो. सुरभि दहिया की किताब ‘The House That Zee Built’ का विमोचन वर्ल्ड जर्नलिज्म एजुकेशन काउंसिल, भारतीय जन संचार संस्थान और यूनेस्को द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मलेन में किया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
प्रोफेसर सुरभि दहिया की किताब ‘The House That Zee Built’ का विमोचन वर्ल्ड जर्नलिज्म एजुकेशन काउंसिल, भारतीय जन संचार संस्थान और यूनेस्को द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मलेन में किया गया। विश्व के प्रख्यात मीडिया शिक्षकों ने इस किताब का विमोचन किया। भारत के मीडिया मुगल कहे जाने वाले डॉ. सुभाष चंद्रा और उनके द्वारा स्थापित जी समूह की विस्तृत कार्यप्रणाली का इस किताब में तथ्यात्मक एवं शोधपरक तरीके से प्रस्तुतीकरण किया गया है।
किताब की लेखिका एवं भारतीय जन संचार संस्थान, नई दिल्ली में अंग्रेजी पत्रकारिता विभाग की पाठ्यक्रम निदेशक प्रो. सुरभि दहिया ने किताब के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि यह किताब भारत के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया समूह की विरासत, इससे जुड़े लोगों और इसके पीछे की रणनीतियों पर केंद्रित है। डॉ. सुभाष चंद्रा और उनके बेटे पुनीत गोयनका और अमित गोयनका ने अपनी उद्यमशीलता और दूरदर्शिता से जिस तरह जी समूह को एक अंतरराष्ट्रीय ब्रैंड बनाया है, वो पूरे विश्व के लिए एक मिसाल है।
किताब के विमोचन के अवसर पर नॉर्थ टेक्सास यूनिवर्सिटी के डॉ. एलन बी अलबैरन ने कहा कि डॉ. दहिया द्वारा दी गई तथ्यात्मक व विश्लेषणात्मक जानकारियों के तालमेल से तैयार यह किताब पाठकों को जी मीडिया के पहले तीन दशकों की एक अद्भुत यात्रा कराती है। इस अवसर पर लॉफबोरो विश्वविद्यालय के डॉ. ग्राहम मर्डोक ने कहा कि इस किताब के माध्यम से भारतीय मीडिया उद्योग में होने वाली घटनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी मिलती है।
कार्यक्रम में हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के चेयरमैन प्रो. बृजकिशोर कुठियाला, एक्सचेंज4मीडिया के संस्थापक डॉ. अनुराग बत्रा, हॉन्गकॉन्ग बैपटिस्ट यूनिवर्सिटी के डॉ. दया थुस्सु, डॉ. देवेश किशोर, यूनिवर्सिटी ऑफ नार्थ कैरोलीना के डॉ. देब एैकत, यूनेस्को के म्यांमार ऑफिस से जुड़े प्रो. रैमन गुलैमो, फ्यूचर यूनिवर्सिटी, इजिप्ट की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रशा अल इबरी, खलीफा यूनिवर्सिटी, अबू धाबी से डॉ. सादिया जमील, ऑकलैंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से रिचर्ड पमैटाटो और रूपा पब्लिकेशंस के प्रबंध निदेशक कपीश मेहरा ने भी किताब के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।
किताब की कहानी 1890 के अविभाजित पंजाब से शुरू होती है, जहां से गोयनका परिवार ने अपने व्यवसाय की शुरुआत की। किताब में गोयनका परिवार के सफल कृषि-व्यवसाय से लेकर डॉ. सुभाष चंद्रा के भारत का पहला उपग्रह टेलीविजन चैनल की शुरुआत का विस्तार से वर्णन किया गया है। यह डॉ. चंद्रा का एक ऐसा कदम था, जिसने न केवल कई टेलीविजन चैनलों को जन्म दिया, बल्कि सोनी और न्यूज कॉर्पोरेशन जैसे वैश्विक दिग्गजों के सामने भारत को एक प्रमुख टेलीविजन बाजार के रूप में स्थापित किया।
टैग्स किताब डॉ. सुभाष चंद्रा प्रो. सुरभि दहिया